बेंगलुरु कृषि मेला : सूखा प्रबंधन तकनीकें प्रदर्शित, किसानों को मिट्टी के आधार पर खाद की सलाह देगा रोबोट
गांव जंक्शन डेस्क, बेंगलुरु
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 17 Nov 2026 09:39 AM IST
सार
बेंगलुरु के कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय कृषि मेले में सूखा सहनशील फसल किस्मों और खेती की नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। मेले में ऐसे कृषि रोबोट को भी प्रदर्शित किया गया, जो भूमि संसाधन सूची कार्ड स्कैन कर किसानों को स्थानीय भाषा में फसल के अनुसार खाद की सलाह देता है।
कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (यूएएस), बेंगलुरु ने तीन दिवसीय कृषि मेला-2026 शुरू किया है।
- फोटो : सोशल मीडिया (सांकेतिक तस्वीर)
अनियमित बारिश, लंबे शुष्क दौर और भूजल स्तर में गिरावट से खेती के सामने बढ़ती चुनौतियों के बीच कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (यूएएस), बेंगलुरु ने तीन दिवसीय कृषि मेला-2026 शुरू किया है। सोमवार को जीकेवीके परिसर में शुरू हुए इस मेले में सूखा प्रबंधन तकनीकों और कृषि नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
राज्य के कृषि मंत्री पी.एम. नरेंद्र स्वामी ने मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि खेती को टिकाऊ बनाने के लिए सूखा सहनशील फसल किस्मों और शुष्क क्षेत्र की खेती की तकनीकों को बढ़ावा देना जरूरी है। कर्नाटक में बड़ी संख्या में खेत बारिश पर निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को प्रति एकड़ 5,000 रुपये तक सूखा राहत, फसल बीमा, पेयजल और चारे की सहायता दे रही है।
विश्वविद्यालय ने जारी कीं तीन फसल किस्में
मेले में विश्वविद्यालय की विकसित तीन फसल किस्में भी जारी की गईं। इनमें जीपीयू-101 मध्यम अवधि वाली सूखा सहनशील रागी किस्म है, जो कम पानी में उपयुक्त है। केबीजीए-18 अच्छी प्रोटीन मात्रा और उपज क्षमता वाली फील्ड बीन किस्म है। वहीं, एमएएच-20-45 संकर मक्का किस्म है, जो अच्छी उपज के साथ चारे के लिए भी उपयुक्त है।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 'नेगिला योगी' योजना लागू करने पर भी चर्चा की है। इसके तहत तीन एकड़ तक जमीन वाले किसानों को बुवाई, कटाई और जुताई जैसे कामों के लिए 4,500 रुपये की वित्तीय सहायता देने की योजना है। सरकार किसानों को मुफ्त ट्रैक्टर भी उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कृषि प्रदर्शनी स्टॉलों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोध और आधुनिक तकनीकें कृषि उत्पादकता तथा किसानों की आय बढ़ाने में मदद कर रही हैं।
खेती को लाभकारी उद्यम बनाने के लिए बाजार तक बेहतर पहुंच, उचित मूल्य, खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर भी जोर दिया। इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों और महिला किसानों को सम्मानित किया गया।
भूमि संसाधन कार्ड स्कैन कर खाद की सलाह देगा रोबोट
मेले का एक प्रमुख आकर्षण यूएएस के जलग्रहण प्रबंधन उत्कृष्टता केंद्र की ओर से विकसित कृषि रोबोट है। इसे भारत में अपनी तरह की पहली पहल बताया गया है। यह रोबोट भूमि संसाधन सूची (एलआरआई) कार्ड स्कैन कर मिट्टी की उर्वरता और पोषक तत्वों की जानकारी देता है। इसके आधार पर किसानों को अलग-अलग फसलों के लिए खाद के इस्तेमाल की सलाह मिलती है।
इस मॉडल की जानकारी देने वाले डॉ. पृथ्वीराज के अनुसार, सरकार किसानों की जमीन का सर्वेक्षण और जांच करने के बाद एलआरआई कार्ड जारी करती है। किसान अपना कार्ड रोबोट के सामने दिखाकर मिट्टी के गुणों और पोषक तत्वों की जानकारी हासिल कर सकते हैं। रोबोट स्थानीय भाषा में आवाज के जरिए फसल के अनुसार खाद की सिफारिश करता है।
इसका उद्देश्य उन किसानों तक वैज्ञानिक सलाह पहुंचाना है, जिन्हें स्मार्टफोन या मोबाइल एप इस्तेमाल करने में कठिनाई होती है। इससे छोटे और सीमांत किसानों के लिए भी मिट्टी की जांच पर आधारित सलाह हासिल करना आसान हो सकता है।
मेले में 1,850 किलो की भैंस भी आकर्षण
कृषि मेले में गुजरात से लाई गई जाफराबादी नस्ल की पंचकल्याणी भैंस भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके मालिक बेगुर स्थित श्रीकृष्ण गोशाला के कृष्णमूर्ति ने बताया कि चार साल की इस भैंस का वजन करीब 1,850 किलोग्राम है। यह प्रतिदिन 12 से 13 लीटर दूध देती है, जिसमें वसा की मात्रा करीब 7 से 9 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि इसके पैरों, पूंछ, सिर और अन्य अंगों पर पांच शुभ निशान या विशेषताएं होने के कारण इसे स्थानीय रूप से 'पंचकल्याणी' कहा जाता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।