विज्ञापन
Home› Khabar Junction› App Identify Diseases And Pests By Simply Taking A Photo Of Crop Even Pm Modi Praised It

किसानों के लिए AI का कमाल: फसल की फोटो लेते ही बीमारी और कीटों की पहचान करेगा एप, PM मोदी ने भी की तारीफ

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 08:51 AM IST
सार

Farmwise AI Startup ने किसानों के लिए M-Velanmai और AgriCart एप विकसित किए हैं। एक ऐप फसल की फोटो से बीमारी पहचानने में मदद करता है, जबकि दूसरा किसानों को खरीदारों और कृषि सेवाओं से जोड़ता है। पीएम मोदी ने भी स्टार्टअप की तारीफ की।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसानों को फसल में लगने वाले रोगों और कीटों की पहचान करने के लिए अब हर बार विशेषज्ञों के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सैटेलाइट तकनीक की मदद से किसान अपने मोबाइल से फसल की तस्वीर लेकर उसकी समस्या का पता लगा सकते हैं। चेन्नई के स्टार्टअप Farmwise AI ने किसानों के लिए ऐसी ही तकनीक विकसित की है। इसका M-Velanmai ऐप फसल की तस्वीर का विश्लेषण कर बीमारी और कीटों की पहचान करता है। इसके बाद तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (TNAU) के विशेषज्ञ किसानों को फसल बचाने की सलाह देते हैं।

इस स्टार्टअप की चर्चा उस समय बढ़ गई, जब 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन किया। इस दौरान पोरूर से पूनमल्ली तक मेट्रो यात्रा के दौरान उन्होंने कुछ स्टार्टअप संस्थापकों से मुलाकात की। इनमें Farmwise AI के संस्थापक आनंद वेत्रिवेल भी शामिल थे। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने स्टार्टअप और उसकी तकनीक के बारे में जानकारी दी।

छह साल पहले किसानों के लिए शुरू हुआ स्टार्टअप
Farmwise AI की शुरुआत करीब छह साल पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) को एक साथ जोड़कर वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से हुई थी। कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) एसके पुरुषोत्तमन के मुताबिक, भारत में AI का इस्तेमाल आम होने से पहले ही उनकी टीम ने तमिलनाडु कृषि विभाग और तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय के साथ मिलकर किसानों के लिए AI आधारित कृषि एप्लिकेशन तैयार किए थे। शुरुआत खेती से हुई, लेकिन अब कंपनी पानी, खनन, कृषि वित्त, शिक्षा, जमीन और शहरों से जुड़े क्षेत्रों में भी काम कर रही है।

6 महीने में 4 करोड़ से ज्यादा जमीन के टुकड़ों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार
Farmwise AI ने तमिलनाडु सरकार की एक परियोजना के तहत खेतों और जमीन के रिकॉर्ड को डिजिटल रूप देने का काम किया। इसका उद्देश्य राज्य के हर खेत की डिजिटल पहचान तैयार करना था, जिसे उसके मालिक और जमीन से जुड़ी जानकारियों के साथ जोड़ा जा सके।

कंपनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और GIS तकनीक की मदद से केवल छह महीने में 4 करोड़ से ज्यादा जमीन के टुकड़ों का डिजिटल नक्शा तैयार किया। इसमें 38 जिलों के 16,700 गांवों के 45 लाख से ज्यादा सर्वे नंबर शामिल थे। कंपनी के अनुसार, इस काम में 97 प्रतिशत तक सटीकता हासिल हुई और पारंपरिक मैनुअल प्रक्रिया के मुकाबले लागत 46 प्रतिशत कम रही।

इस परियोजना में 95 हजार से ज्यादा लोगों और 10 से अधिक सरकारी विभागों को जोड़ा गया। इससे खेतों में कौन-सी फसल लगी है, फसल की स्थिति क्या है और खेती से जुड़ी दूसरी जानकारियां जुटाने में मदद मिल रही है।

दो एप से किसानों को मिल रही मदद
Farmwise AI ने तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय के साथ मिलकर किसानों के लिए दो ऐप विकसित किए हैं। इनके नाम M-Velanmai और AgriCart हैं।

1-M-Velanmai एप: फोटो से पहचानता है फसल की बीमारी
इस एप की मदद से किसान अपनी फसल की तस्वीर खींचकर अपलोड कर सकते हैं। AI तकनीक तस्वीर का विश्लेषण करके फसल में बीमारी या कीट के हमले की पहचान करने में मदद करती है। इसके बाद तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ किसानों को फसल की सुरक्षा के लिए सलाह देते हैं। इस तरह किसानों को समय रहते फसल की समस्या समझने और उसके समाधान की जानकारी मिल सकती है।

 2- AgriCart एप: खरीदारों और कृषि सेवाओं से जोड़ता हैAgriCart एप किसानों को कृषि उत्पादों के खरीदारों और खेती में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों के विक्रेताओं से जोड़ता है। इसके माध्यम से किसान कृषि इनपुट खरीदने के साथ अपनी उपज के लिए खरीदार भी तलाश सकते हैं। इसके अलावा ऐप पर ट्रैक्टर, ड्रोन और जरूरत के हिसाब से मिलने वाली दूसरी कृषि सेवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।

सैटेलाइट तस्वीरों से फसल की स्थिति का पता
कंपनी ने खेती के लिए अपने AI मॉडल भी तैयार किए हैं। इनकी मदद से सैटेलाइट तस्वीरों का विश्लेषण कर अलग-अलग फसलों की पहचान और उनकी बढ़वार की स्थिति का अनुमान लगाया जा सकता है। इस जानकारी को मौसम के आंकड़ों के साथ जोड़कर किसानों को खेती से जुड़ी सलाह देने में मदद मिलती है। इससे फसल की स्थिति पर नजर रखने और संभावित समस्याओं को समय रहते समझने में सहायता मिलती है।

तेलंगाना के बाद महाराष्ट्र और यूपी में विस्तार की तैयारी
तमिलनाडु में कामयाबी के बाद Farmwise AI ने तेलंगाना में भी अपना काम बढ़ाया है। वहां कंपनी कई सरकारी विभागों के साथ मिलकर काम कर रही है। इसके अलावा AI Singapore, तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय, Amazon Web Services और नाबार्ड जैसे संस्थानों के साथ भी साझेदारी की है।

कंपनी कृषि कर्ज और बीमा से जुड़ी परियोजनाओं पर भी काम कर रही है। इसके तहत सैटेलाइट और जमीन के रिकॉर्ड की मदद से खेतों का सत्यापन किया जाता है, ताकि बैंकों को कृषि ऋण देने और बीमा से जुड़े फैसले लेने में मदद मिल सके। कंपनी के मुताबिक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सरकारों के साथ भी नई परियोजनाओं को लेकर बातचीत चल रही है।

पीएम मोदी ने पूछा, पूरे देश में लागू हो सकती है तकनीक?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात के दौरान Farmwise AI के संस्थापक आनंद वेत्रिवेल ने कंपनी की तकनीक और उसके कामकाज की जानकारी दी। कंपनी के COO एसके पुरुषोत्तमन के अनुसार, प्रधानमंत्री ने तकनीक से जुड़े कई सवाल पूछे और यह भी जानना चाहा कि क्या इस मॉडल को पूरे देश में लागू किया जा सकता है। उन्होंने कंपनी के काम की सराहना की और संस्थापक आनंद वेत्रिवेल को अपने कार्यालय में आकर परियोजना का प्रस्ताव रखने का अवसर देने की बात कही।
विज्ञापन
विज्ञापन