विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Ai Master Of Iit Ropar Will Teach The Tricks Of Farming To Children On Mobile Will Teach Identification Of P

तकनीक: IIT रोपड़ का AI मास्टर मोबाइल पर छात्रों को सिखाएगा खेती के गुर, पौधों की पहचान की भी देगा सीख

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 06 Oct 2026 06:16 PM IST
सार

  • IIT रोपड़ ने बच्चों को खेती, फसलों और पौधों के बारे में सिखाने के लिए AI आधारित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म AVNI लॉन्च किया है।
  • AVNI वेब और मोबाइल एप के जरिए बच्चों को अपने आसपास मौजूद पौधों, फलों, सब्जियों और फसलों की पहचान कर उनके बारे में जानने की सुविधा देता है।

बच्चों को खेती के गुर सिखाएगा IIT रोपड़ का एआई।
बच्चों को खेती के गुर सिखाएगा IIT रोपड़ का एआई। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईआईटी रोपड़ के ANNAM.AI (डिजिटल कृषि में एआई का उत्कृष्टता केंद्र) ने बच्चों के लिए AVNI – Grow with Nature नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। यह वेब और मोबाइल एप छात्रों को पौधों, फसलों, खाद्य उत्पादों और  और खेती-बाड़ी के बारे में सीखने में मदद करता है। 

पौधे और फसल की पहचान कर सीख सकेंगे बच्चे
इस प्लेटफॉर्म पर बच्चे फसलों, फलों, सब्जियों, मसालों, अनाज और मोटे अनाज के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, बच्चा किसी पौधे, फल या फसल को देखकर ऐप की मदद से उसकी पहचान कर सकता है और उसके बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है।

इस एपI का उद्देश्य बच्चों को उनके रोजमर्रा के अनुभवों से खेती और भोजन से जुड़ी बुनियादी जानकारी देना है। स्कूल के बगीचे में मौजूद पौधा, घर में रखा फल या आसपास के खेत में लगी फसल बच्चों के लिए सीखने का माध्यम बन सकती है।

हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है प्लेटफॉर्म
आईआईटी रोपड़ के अनुसार, AVNI हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। छोटे बच्चों के लिए इसमें ऑडियो सामग्री भी दी गई है। प्लेटफॉर्म में डेली चैलेंज, डिजिटल नेचर बुक, नेचर गैलरी और क्रॉप कंपेयर जैसे फीचर शामिल हैं। इन फीचर्स की मदद से बच्चे अपने आसपास की चीजों को रिकॉर्ड कर सकते हैं, अलग-अलग पौधों और फसलों के बारे में जान सकते हैं और फसलों की तुलना भी कर सकते हैं।

अवलोकन के जरिए खेती समझने पर जोर
आईआईटी रोपड़ के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म बच्चों को कृषि को औपचारिक विषय के तौर पर पढ़ने से पहले ही उसके बारे में बुनियादी जानकारी देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें केवल जानकारी पढ़ने के बजाय आसपास की चीजों को देखकर और उनकी पहचान करके सीखने पर जोर दिया गया है।

AVNI को ANNAM.AI, IIT रोपड़ की टीम ने विकसित किया है। इसे डॉ. मुकेश सैनी, को-प्रोजेक्ट डायरेक्टर, ANNAM.AI ने विकसित किया है। यह पहल कृषि और शिक्षा में AI के इस्तेमाल से जुड़े ANNAM.AI के काम का हिस्सा है। आईआईटी रोपड़ के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म मुफ्त, विज्ञापन रहित और प्राइवेसी पर केंद्रित है। इसका डिजाइन बच्चों के लिए सुरक्षित और उनकी उम्र के अनुसार उपयुक्त डिजिटल लर्निंग वातावरण उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।

ANNAM.AI भारतीय कृषि के लिए AI आधारित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम कर रहा है। AVNI इसी काम को शिक्षा के क्षेत्र से जोड़ते हुए बच्चों को सीधे अपने आसपास की चीजों को देखकर कृषि और प्रकृति के बारे में सीखने का अवसर देता है।


विज्ञापन
विज्ञापन