कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े स्टार्टअप्स ने देश के 2.08 करोड़ छोटे किसानों और 61,711 ग्रामीण एमएसएमई तक अपनी सेवाएं पहुंचाई हैं। वेंचर कैपिटल फर्म ओम्नीवोर (Omnivore) के 2026 इम्पैक्ट रिपोर्ट के मुताबिक, इन स्टार्टअप्स ने छोटे किसानों के लिए कुल 5.64 अरब डॉलर (करीब 47 हजार करोड़ रुपये) का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आर्थिक मूल्य तैयार किया है।
ओम्नीवोर ने 2018 और 2023 में शुरू किए गए अपने दो फंड Omnivore Partners India Fund (OPIF) और Omnivore Agrifood and Climate Sustainability Fund (OACSF) के 2026 इम्पैक्ट रिपोर्ट जारी किए हैं। इन रिपोर्ट में दोनों फंड के पोर्टफोलियो में शामिल कंपनियों के किसानों, ग्रामीण कारोबारियों और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर का आकलन किया गया है।
11.55 मिलियन हेक्टेयर में टिकाऊ खेती
रिपोर्ट के अनुसार, इन कंपनियों से जुड़ी गतिविधियों के तहत 1.155 करोड़ हेक्टेयर जमीन पर टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिला है। रिपोर्ट में ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी, उपभोक्ताओं तक पौष्टिक भोजन की पहुंच, ग्रामीण एमएसएमई के लिए कर्ज और ग्रामीण परिवारों के लिए बीमा जैसी सेवाओं को भी शामिल किया गया है।
ओम्नीवोर के पोर्टफोलियो में DeHaat, Arya.ag, Sid’s Farm, Varaha, Farmley और Pixxel जैसी कंपनियां शामिल हैं। ये कंपनियां किसान सेवाओं, ग्रामीण वित्त, खाद्य कारोबार, जलवायु तकनीक और डीप-टेक जैसे क्षेत्रों में काम करती हैं।
ग्रामीण परिवारों को 2.18 अरब डॉलर का बीमा कवर
रिपोर्ट के मुताबिक, ओम्नीवोर के संबंधित फंड के पोर्टफोलियो से ग्रामीण परिवारों को कुल 2.18 अरब डॉलर का बीमा कवर उपलब्ध कराया गया। वहीं, ग्रामीण एमएसएमई के लिए 6.362 करोड़ डॉलर के कर्ज की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद की गई।
ओम्नीवोर की ईएसजी और इम्पैक्ट की उपाध्यक्ष संस्कृति कपूर ने कहा कि एग्रीफूड क्षेत्र में ऐसे कारोबार तेजी से विकसित हो रहे हैं, जो किसानों, ग्रामीण कारोबारियों और पर्यावरण के लिए व्यावसायिक लाभ के साथ सकारात्मक परिणाम भी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस असर को समझने के लिए ठोस आंकड़ों और मापने की स्पष्ट व्यवस्था जरूरी है।
2011 से कृषि क्षेत्र में निवेश
ओम्नीवोर ने भारत की कृषि और खाद्य अर्थव्यवस्था में 2011 से निवेश किया है। शुरुआती दौर में इसका फोकस तकनीक आधारित कृषि कारोबार पर था। समय के साथ कंपनी ने अपने निवेश का दायरा बढ़ाकर जलवायु तकनीक, डीप-टेक, ग्रामीण वित्त, खाद्य और उपभोक्ता बाजारों तक किया है। रिपोर्ट में दोनों फंड के पोर्टफोलियो की कंपनियों के प्रभाव को वैश्विक स्तर पर इस्तेमाल होने वाली प्रभाव-माप और बेंचमार्किंग पद्धतियों के आधार पर दर्ज किया गया है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।