विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Affordable Ddgs Replaces 1 5 Million Tonnes Of Soybean Meal In Animal Feed Industry

पशु आहार उद्योग को फायदा : 15 लाख टन सोयाबीन खली की जगह ले रहा सस्ता DDGS, गाय-भैंस से मछली पालन तक भारी मांग

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 07:42 PM IST
सार

  • अनाज आधारित इथेनॉल का उप-उत्पाद DDGS पशु आहार उद्योग में सोयाबीन खली का सस्ता विकल्प बन रहा है।
  • भारत में DDGS का सालाना उत्पादन बढ़कर 25 से 32 लाख टन तक पहुंच गया है।
  • DDGS के इस्तेमाल से हर साल 12 से 15 लाख टन सोयाबीन खली की मांग कम हो रही है।
  • चावल आधारित DDGS में 45-50 फीसदी प्रोटीन है और इसकी कीमत 25-29 रुपये प्रति किलो है।
  • डेयरी पशुओं, मुर्गियों और मछली पालन के आहार में DDGS का इस्तेमाल बढ़ रहा है।

इथेनॉल के माध्यम से पशु आहार उद्योग को सोयाबीन खली का विकल्प मिला।
इथेनॉल के माध्यम से पशु आहार उद्योग को सोयाबीन खली का विकल्प मिला। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में इथेनॉल उत्पादन बढ़ने के साथ पशु आहार उद्योग में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। इथेनॉल बनाने की प्रक्रिया में बचने वाला डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स विद सॉल्यूबल्स यानी DDGS अब सोयाबीन खली के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। ट्रेड प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के मुताबिक, देश में पशु आहार बनाने वाली कंपनियां अपनी सोयाबीन खली की कुल मांग का औसतन 25 फीसदी हिस्सा चावल और मक्का से बने DDGS से पूरा कर रही हैं।

काउंसिल के अनुसार, भारत में फिलहाल DDGS का सालाना उत्पादन करीब 25 से 32 लाख टन है। इसके इस्तेमाल से हर साल अनुमानित 12 से 15 लाख टन सोयाबीन खली की मांग कम हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू तिलहन उत्पादन में उतार-चढ़ाव और जीएम सोयाबीन के आयात पर प्रतिबंध के बीच DDGS पशु आहार उद्योग के लिए एक किफायती विकल्प बन रहा है।

दूध देने वाले पशुओं से लेकर मछली पालन तक बढ़ा इस्तेमाल
DDGS का इस्तेमाल केवल डेयरी पशुओं के आहार तक सीमित नहीं है। TPCI के मुताबिक, पशु आहार बनाने वाली कंपनियां गाय-भैंस के लिए तैयार किए जाने वाले दाने में सोयाबीन खली और तेल खली का 30 से 50 फीसदी तक हिस्सा DDGS से बदल रही हैं।

मुर्गी पालन के क्षेत्र में भी इसका इस्तेमाल बढ़ा है। ब्रॉयलर और अंडा देने वाली मुर्गियों के आहार में सोयाबीन खली की 10 से 20 फीसदी तक जगह DDGS ले रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, 45 फीसदी से अधिक प्रोटीन वाले चावल आधारित DDGS का इस्तेमाल सिंथेटिक लाइसिन के साथ करने पर सोयाबीन खली के 30 से 35 फीसदी हिस्से को बदला जा सकता है।

मछली और झींगा पालन के लिए तैयार किए जाने वाले आहार में भी चावल और मक्का आधारित DDGS का इस्तेमाल हो रहा है। इस क्षेत्र में सोया प्रोटीन के 15 से 25 फीसदी हिस्से की जगह DDGS ले रहा है। TPCI के अनुसार, इससे मछली और झींगा के वजन में प्रति किलोग्राम बढ़ोतरी पर आने वाली आहार लागत में 8 से 12 फीसदी तक कमी हो सकती है।

सोयाबीन खली से करीब आधी कीमत पर मिल रहा प्रोटीन
DDGS की मांग बढ़ने की एक प्रमुख वजह इसकी कीमत है। TPCI के मुताबिक, चावल से बने DDGS में 45 से 50 फीसदी तक प्रोटीन होता है, जबकि इसकी कीमत 25 से 29 रुपये प्रति किलो है। वहीं, 45 से 48 फीसदी प्रोटीन वाली सोयाबीन खली की कीमत 55 से 59 रुपये प्रति किलो है। इस तरह चावल आधारित DDGS लगभग आधी कीमत पर सोयाबीन खली के बराबर प्रोटीन उपलब्ध करा रहा है।

मक्का आधारित DDGS में प्रोटीन की मात्रा 28 से 32 फीसदी है और इसकी कीमत 12.50 से 15.50 रुपये प्रति किलो बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अनाज से इथेनॉल बनाने के दौरान स्टार्च अलग होने के बाद बचे पदार्थ में प्रोटीन, वसा और खनिज तत्वों की मात्रा पहले के मुकाबले अधिक केंद्रित हो जाती है। इसी वजह से DDGS पशु आहार में उपयोगी प्रोटीन स्रोत बन रहा है।

सोयाबीन की कम पैदावार के बीच DDGS ने संभाला विकल्प
रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू सोयाबीन की पैदावार में गिरावट के कारण पशु आहार उद्योग को कच्चे माल की कीमतों में तेजी का सामना करना पड़ा। खरीफ सोयाबीन का उत्पादन करीब 17 फीसदी घटकर 151 लाख टन से 127 लाख टन रह गया था। इसके बाद सोयाबीन खली की कीमतों में 40 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई और भाव 65 से 66 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए।

अगस्त 2026 तक सोयाबीन खली की कीमत घटकर 55 से 59 रुपये प्रति किलो पर आ गई थी। हालांकि, इस दौरान DDGS की कीमतों में सोयाबीन खली की तरह गिरावट नहीं आई। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पता चलता है कि पशु आहार उद्योग में DDGS की अपनी अलग मांग और बाजार है।

इथेनॉल नीति से घरेलू स्तर पर बढ़ रही DDGS की उपलब्धता
TPCI के मुताबिक, भारत में आनुवंशिक रूप से संशोधित (GM) सोयाबीन के बीज और खली की व्यावसायिक खेती तथा आयात पर प्रतिबंध है। इसके चलते घरेलू पशु आहार कंपनियां सोयाबीन की स्थानीय पैदावार पर निर्भर रहती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में GM सोयाबीन की कीमत करीब 30 से 35 रुपये प्रति किलो बताई गई है, लेकिन प्रतिबंधों के कारण घरेलू कंपनियों के लिए इसका इस्तेमाल संभव नहीं है।

ऐसे में इथेनॉल उत्पादन से मिलने वाला DDGS घरेलू पशु आहार उद्योग के लिए एक वैकल्पिक स्रोत बन रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी उपलब्धता सीधे पशु आहार की मांग के बजाय राज्यों में जैव ईंधन मिश्रण के लक्ष्यों से जुड़ी है। इसलिए सोयाबीन की फसल कमजोर रहने पर भी इथेनॉल उत्पादन से DDGS की आपूर्ति जारी रह सकती है।

2023 से पहले 10 लाख टन से कम था उत्पादन
TPCI के अनुसार, भारत में DDGS का उत्पादन 2023 से पहले 10 लाख टन से भी कम था, जो अब बढ़कर करीब 28 से 32 लाख टन तक पहुंच गया है। आने वाले समय में इसके सालाना उत्पादन के 35 से 42 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है। इसके लिए उत्पादन में हर साल 11 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर से बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है।

TPCI के चेयरमैन मोहित सिंघला के मुताबिक, इथेनॉल उत्पादन कार्यक्रम के विस्तार से DDGS सोया आधारित पशु आहार के मुकाबले अधिक किफायती विकल्प बनकर उभरा है। उनके अनुसार, इससे पशुपालकों और मुर्गी पालन उद्योग के लिए कच्चे माल की लागत को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिल रही है। साथ ही कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और पशु आहार उद्योग के बीच संबंध भी मजबूत हो रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, डिस्टिलरी कंपनियां DDGS में फाइबर को अलग करने और सुखाने की बेहतर तकनीकों में निवेश कर रही हैं, ताकि एक जैसी गुणवत्ता और अधिक प्रोटीन वाला उत्पाद तैयार किया जा सके। उत्पादन बढ़ने से घरेलू बाजार में सोयाबीन खली की कीमतों में अचानक बड़ी तेजी को रोकने में मदद मिलने का अनुमान है।


विज्ञापन
विज्ञापन