हिमालयी राज्यों में ट्राउट मछली पालन की काफी संभावनाएं हैं, लेकिन महंगा चारा और मछली के बीज की अनियमित आपूर्ति इस कारोबार के विस्तार में बड़ी बाधा बन रही है। एक अध्ययन के मुताबिक, ट्राउट मछली पालन की कुल लागत का करीब 70 फीसदी हिस्सा चारे और बीज पर खर्च होता है। शोधकर्ताओं ने इस कारोबार को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्तर पर चारा तैयार करने, हैचरी की क्षमता बढ़ाने और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने की सिफारिश की है।
यह अध्ययन ट्राउट फार्मिंग: ए कॉम्प्रिहेंसिव एनालिसिस ऑफ द करंट लैंडस्केप एंड फ्यूचर अपॉर्चुनिटीज नाम से प्रकाशित हुआ है। इसे शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST-K), शालीमार के शोधकर्ताओं ने तैयार किया है। यह शोध जर्नल ऑफ इंडियन फिशरीज एसोसिएशन के खंड 51, अंक 2 में प्रकाशित हुआ है। इसमें भारत और दुनिया में ट्राउट मछली पालन की स्थिति के साथ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की संभावनाओं का भी अध्ययन किया गया है।
चारा और बीज पर सबसे ज्यादा खर्च
शोधकर्ताओं के अनुसार, ट्राउट मछली पालन में सबसे बड़ी परेशानी चारे और बीज की ऊंची कीमत है। मछली को कृत्रिम चारा देना जरूरी होता है। ऐसे में चारे की कीमत बढ़ने से किसानों की उत्पादन लागत भी बढ़ जाती है।
अध्ययन में बताया गया है कि चारा बनाने वाली कई इकाइयां अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर रही हैं। इसकी एक वजह मांग का कम होना है। इससे चारे की कीमत बढ़ जाती है। वहीं, ट्राउट मछली का बीज सामान्य कार्प मछली के बीज से काफी महंगा है। सरकारी हैचरी अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर रही हैं, जिससे बीज की उपलब्धता प्रभावित होती है। शोधकर्ताओं का मानना है कि बीज और चारा उत्पादन में निजी कंपनियों की भागीदारी बढ़ने से कीमतों को नियंत्रित करने और किसानों को समय पर आपूर्ति करने में मदद मिल सकती है।
स्थानीय स्तर पर तैयार हो चारा
अध्ययन में हिमालयी क्षेत्र में उपलब्ध स्थानीय सामग्री से मछली का चारा तैयार करने पर जोर दिया गया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, चारे की लागत कम करने के लिए दूसरे विकल्प तलाशने होंगे। हालांकि, इससे मछलियों के पोषण पर असर नहीं पड़ना चाहिए। ट्राउट मछली के अच्छे विकास के लिए चारे में प्रोटीन, जरूरी अमीनो एसिड और ओमेगा-3 फैटी एसिड होना जरूरी है। इसलिए चारा तैयार करते समय इन पोषक तत्वों का ध्यान रखना होगा।
शोधकर्ताओं ने सरकार को हर राज्य में कम से कम एक चारा उत्पादन इकाई स्थापित करने और चारे की उपलब्धता पर निगरानी रखने का सुझाव दिया है। इससे किसानों को समय पर उचित कीमत पर चारा मिल सकेगा।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में ज्यादा संभावनाएं
शोध के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में ठंडे पानी के प्राकृतिक स्रोत ट्राउट मछली पालन के लिए अनुकूल हैं। जम्मू-कश्मीर में बर्फ से निकलने वाली नदियां, झरने, नाले और झीलें मौजूद हैं। इनमें ठंडा और ऑक्सीजन से भरपूर पानी मिलता है, जो ट्राउट मछली के पालन के लिए जरूरी है।
अध्ययन में 2015-16 के आंकड़ों के आधार पर बताया गया है कि देश के कुल ट्राउट उत्पादन में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 81 फीसदी थी। इसमें हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी 50 फीसदी और जम्मू-कश्मीर की 31 फीसदी थी। वहीं, सिक्किम का योगदान 14 फीसदी और अन्य राज्यों का पांच फीसदी था। वर्ष 2022-23 के मत्स्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 1,990 टन ट्राउट मछली का उत्पादन हुआ। हिमाचल प्रदेश में 849.7 टन और सिक्किम में 340 टन उत्पादन दर्ज किया गया।
मांग के मुकाबले उत्पादन कम
अध्ययन में देश में ट्राउट मछली की मांग और उत्पादन के बीच अंतर की ओर भी ध्यान दिलाया गया है। वर्ष 2015-16 में भारत में ट्राउट मछली का उत्पादन 842 टन था, जबकि इसकी अनुमानित मांग करीब 1,000 टन थी।
शोध के अनुसार, देश में ट्राउट उत्पादन 2004-05 में 147 टन था, जो 2013-14 में बढ़कर 602 टन, 2014-15 में 755 टन और 2015-16 में 842 टन हो गया। हालांकि, उत्पादन बढ़ने की रफ्तार में कमी आई है। वर्ष 2014-15 में उत्पादन वृद्धि दर 25.42 फीसदी थी, जो 2015-16 में घटकर 11.52 फीसदी रह गई।
बाजार और परिवहन की भी समस्या
ट्राउट मछली पालन में चारा और बीज के अलावा परिवहन और बाजार तक पहुंच भी बड़ी चुनौती है। पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों में किसानों को मछली बाजार तक पहुंचाने में परेशानी होती है। ट्राउट मछली जल्दी खराब होने वाली होती है। इसलिए इसके सुरक्षित भंडारण और परिवहन के लिए कोल्ड स्टोरेज की जरूरत होती है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, ट्रांस-हिमालयी क्षेत्रों के कई किसान अपनी मछली खेत से ही बेचने को मजबूर हैं, जबकि श्रीनगर जैसे शहरों में इसकी अच्छी मांग है। अध्ययन में सड़कों की स्थिति सुधारने, कोल्ड स्टोरेज बनाने और बेहतर बाजार व्यवस्था विकसित करने की सिफारिश की गई है। इसके साथ ही जिला स्तर पर मछली की दुकानें खोलने का सुझाव भी दिया गया है।
बेहतर हैचरी और बीज की गुणवत्ता पर जोर
अध्ययन में बताया गया है कि सरकारी हैचरी पूरी क्षमता से काम नहीं कर रही हैं। इससे ट्राउट मछली के बीज की कीमत बढ़ती है और किसानों को समय पर बीज नहीं मिल पाता। छोटी मछलियों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए खास व्यवस्था की जरूरत होती है, ताकि पानी में ऑक्सीजन की कमी से उनकी मौत न हो। शोधकर्ताओं ने हैचरी का बुनियादी ढांचा मजबूत करने, अच्छी नस्ल की मछलियों के प्रजनन के लिए ब्रूड बैंक बनाने और बीज उत्पादन में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने की सिफारिश की है।
बीमारी से बचाव भी जरूरी
ट्राउट मछली का पालन सघन तरीके से किया जाता है। ऐसे में पानी की गुणवत्ता खराब होने और मछलियों को जरूरत से ज्यादा संख्या में रखने पर बीमारी फैलने का खतरा रहता है। अध्ययन में बैक्टीरिया और फंगस से होने वाले संक्रमण, परजीवी और वायरल बीमारियों को उत्पादन के लिए बड़ी चुनौती बताया गया है।
शोधकर्ताओं के अनुसार, मछलियों को बीमारियों से बचाने के लिए पानी में पर्याप्त ऑक्सीजन बनाए रखना, टैंकों की नियमित सफाई करना, मछलियों को जरूरत के मुताबिक जगह देना और संतुलित आहार देना जरूरी है।
सरकारी योजनाओं से मिल सकता है बढ़ावा
अध्ययन में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) का भी जिक्र किया गया है। इस योजना के तहत रेसवे निर्माण, हैचरी विकास, ब्रूड बैंक बनाने और किसानों को प्रशिक्षण देने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। बेहतर उत्पादन के लिए उन्नत नस्ल की ट्राउट मछलियां उपलब्ध कराने में भी यह योजना मदद करती है।
शोधकर्ताओं ने कहा है कि हिमालयी क्षेत्र में ठंडे पानी के मत्स्य पालन की काफी संभावनाएं हैं। इसके लिए सस्ते चारे और बीज की उपलब्धता, बेहतर उत्पादन सुविधाएं और बाजार तक आसान पहुंच सुनिश्चित करनी होगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार और कमाई के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।