खेती से आमदनी बढ़ाने के लिए किसान अक्सर फसल के साथ पशुपालन, मुर्गी पालन या दूसरे कामों का सहारा लेते हैं। लेकिन गांवों के तालाब, पोखर, झील और जलाशय भी कमाई का अच्छा जरिया बन सकते हैं। इनमें मछली पालन की ऐसी संभावना है, जिसका अभी पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। इसकी एक मिसाल उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के धनौरा गांव में देखने को मिलती है, जहां के किसानों ने मछली पालन में अपनी अलग पहचान बनाई है।
10 साल में अंतर्देशीय मछली उत्पादन हो सकता है दोगुना
एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, अगर इन जलस्रोतों में मछली उत्पादन की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जाए तो अगले 10 साल में देश का अंतर्देशीय मछली उत्पादन दोगुना हो सकता है। जलजीविका और चेंज इंजन की रिपोर्ट 'इंडियाज एक्वेटिक इकोनॉमी : द अनटैप्ड पोटेंशियल ऑफ इनलैंड वाटर बॉडीज' के अनुसार, देश में 2024-25 में करीब 1.5 करोड़ टन अंतर्देशीय मछली उत्पादन हुआ। इसे अगले दशक में बढ़ाकर 3 करोड़ टन तक पहुंचाया जा सकता है।
रिपोर्ट का अनुमान है कि इससे करीब 1.8 करोड़ नए रोजगार पैदा हो सकते हैं और अर्थव्यवस्था में लगभग 40 अरब डॉलर का योगदान हो सकता है।
तालाबों में उत्पादन बढ़ाने की कितनी गुंजाइश?
रिपोर्ट के मुताबिक, देश में अंतर्देशीय जलस्रोतों से प्रति हेक्टेयर औसतन 1.86 टन मछली उत्पादन हो रहा है। सरकार का लक्ष्य इसे 5 टन प्रति हेक्टेयर तक पहुंचाने का है। फिलहाल केवल आंध्र प्रदेश इस लक्ष्य से आगे निकल पाया है।
उत्पादन बढ़ाने के लिए तुरंत 5 टन तक पहुंचना जरूरी नहीं है। रिपोर्ट कहती है कि अगर औसत उत्पादन 1.86 टन से बढ़ाकर 2.5 टन प्रति हेक्टेयर कर दिया जाए, तो मछली उत्पादन दोगुना करने की जरूरत का आधे से ज्यादा हिस्सा पूरा हो सकता है। यानी मौजूदा तालाबों और जलाशयों का बेहतर इस्तेमाल करके भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
छोटे जलाशयों में अभी प्रति हेक्टेयर करीब 190 किलो मछली उत्पादन हो रहा है, जबकि इसकी क्षमता 500 किलो तक है। मध्यम और बड़े जलाशयों में मौजूदा उत्पादन 98 किलो प्रति हेक्टेयर है, जिसे 150 से 250 किलो तक बढ़ाया जा सकता है। गांवों के तालाबों और कृत्रिम जलाशयों में अभी करीब 3,000 किलो प्रति हेक्टेयर उत्पादन है, जबकि इसकी संभावित क्षमता 5,000 किलो बताई गई है। पुराने नदी मार्गों से बनी झीलों में तो उत्पादन 450 किलो से बढ़ाकर 2,000 किलो प्रति हेक्टेयर तक करने की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में पानी है, लेकिन उत्पादन कम
रिपोर्ट के अनुसार, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में देश के करीब आधे अंतर्देशीय जलक्षेत्र मौजूद हैं, लेकिन इन राज्यों का मछली उत्पादन में योगदान केवल पांचवां हिस्सा है। इसका मतलब है कि इन क्षेत्रों में तालाबों और दूसरे जलस्रोतों का बेहतर इस्तेमाल करके उत्पादन बढ़ाने की काफी गुंजाइश है।
यहां किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए अवसर है। जिन गांवों में तालाब या छोटे जलाशय उपलब्ध हैं, वहां स्थानीय जरूरत और संसाधनों के हिसाब से मछली पालन को अतिरिक्त आजीविका के रूप में अपनाया जा सकता है। हालांकि इसके लिए पानी की उपलब्धता, मछली के बीज, चारे, तकनीकी जानकारी और बाजार तक पहुंच जरूरी होगी।
खेती से तेजी से बढ़ रहा है मछली पालन
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दशक में भारत में मत्स्य क्षेत्र की सालाना वृद्धि दर 8.74 फीसदी रही, जबकि कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर 4.45 फीसदी थी। यानी मछली पालन का क्षेत्र खेती की तुलना में लगभग दोगुनी तेजी से बढ़ा। देश के कुल मछली उत्पादन में अंतर्देशीय जलस्रोतों की हिस्सेदारी भी 2014 में 63 फीसदी से बढ़कर अब 75 फीसदी हो गई है।
देश में करीब 2.3 करोड़ लोग अंतर्देशीय मछली पालन से जुड़े हैं। इनमें लगभग 44 फीसदी महिलाएं हैं। कई परिवारों के लिए मछली पालन अभी खेती या दूसरे कामों के साथ अतिरिक्त कमाई का जरिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे परिवार सालाना करीब 60 हजार से 1.2 लाख रुपये तक कमा रहे हैं।
महिलाओं और छोटे किसानों को भी मिला फायदा
रिपोर्ट में बिहार और ओडिशा के उदाहरण दिए गए हैं। बिहार में 2,622 छोटे किसानों की मछली पालन से सालाना आमदनी 30 हजार रुपये से बढ़कर एक लाख रुपये हो गई। यह करीब 233 फीसदी की बढ़ोतरी है।
ओडिशा में 9 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 92 हजार महिलाओं ने गांवों के ऐसे तालाबों में मछली पालन किया, जिनका पहले इस्तेमाल नहीं हो रहा था। इससे हर महिला को औसतन करीब 10,600 रुपये की अतिरिक्त आमदनी हुई।
रिपोर्ट के अनुसार, अंतर्देशीय मछली उत्पादन में हर 10 फीसदी बढ़ोतरी से रोजगार में 8.2 फीसदी की वृद्धि हो सकती है। यह कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ने से रोजगार पर पड़ने वाले अनुमानित असर से दोगुने से भी अधिक है।
खेत संग तालाब भी बन सकता है कमाई का जरिया
समुद्र में मछली पकड़ने के लिए बड़ी नावों और अधिक निवेश की जरूरत होती है, लेकिन तालाबों में मछली पालन गांवों के परिवार अपने उपलब्ध संसाधनों के साथ कर सकते हैं। चेंज इंजन के सह-संस्थापक शुभम बंसल के मुताबिक, गांवों के जलस्रोतों का इस्तेमाल बढ़ाकर लोगों को उनके घर के पास ही रोजगार दिया जा सकता है।
इससे काम की तलाश में शहरों की ओर पलायन का दबाव भी कम हो सकता है। हालांकि हर तालाब मछली पालन के लिए उपयुक्त नहीं होता। शुरुआत से पहले पानी की गुणवत्ता, गहराई, सालभर पानी रहने की स्थिति, मछली की प्रजाति, बीज और बाजार की उपलब्धता की जानकारी लेना जरूरी है।
स्थानीय मत्स्य विभाग या कृषि विज्ञान केंद्र से सलाह लेकर किसान यह तय कर सकते हैं कि उनके गांव के जलस्रोत में मछली पालन कितना लाभकारी हो सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।