Home›Dugdhshala›
Fssai Makes White Milk Drop Logo Mandatory On Dairy Products From July 2028
दुग्धशाला : दूध और डेयरी उत्पादों पर जुलाई 2028 से अनिवार्य होगा नया लोगो, पैकेट पर दिखेगी सफेद बूंद
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 17 Nov 2026 02:52 PM IST
सार
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दूध और सभी डेयरी उत्पादों के लिए नया मानकीकृत लोगो जारी किया है। नीले वर्गाकार बैकग्राउंड पर सफेद दूध की बूंद वाला यह लोगो 1 जुलाई 2028 से पैकेट पर लगाना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य ग्राहकों को दूध और दूध से बने उत्पादों की आसानी से पहचान करने में मदद करना है।
सभी दूध और डेयरी उत्पादों पर यह लोगो लगाना अनिवार्य होगा। यह नियम 1 जुलाई 2028 से लागू होगा।
- फोटो : गांव जंक्शन
दूध, मक्खन, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की पहचान अब पैकेट पर बने एक खास लोगो से होगी। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दूध और दूध से बने उत्पादों के लिए नया मानकीकृत लोगो पेश किया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लेबलिंग और डिस्प्ले) द्वितीय संशोधन विनियम, 2026 के तहत सभी दूध और डेयरी उत्पादों पर यह लोगो लगाना अनिवार्य होगा। यह नियम 1 जुलाई 2028 से लागू होगा।
नीले बैकग्राउंड पर सफेद दूध की बूंद
नए लोगो में नीले वर्गाकार बैकग्राउंड पर सफेद रंग की दूध की बूंद दिखाई देगी। इसमें कंपोजिट मिल्क प्रोडक्ट्स यानी दूध और अन्य खाद्य सामग्रियों से बने मिश्रित उत्पाद भी शामिल हैं। FSSAI के मुताबिक, इस एकसमान पहचान चिह्न से ग्राहक खरीदारी के समय दूध और दूध से बने उत्पादों को आसानी से पहचान सकेंगे।
पैकेट के आकार के अनुसार तय होगा लोगो का साइज
नए नियमों में पैकेजिंग के डिस्प्ले पैनल के क्षेत्रफल के आधार पर लोगो का न्यूनतम आकार भी निर्धारित किया गया है। यानी उत्पाद के पैकेट पर उपलब्ध डिस्प्ले एरिया के अनुसार लोगो का आकार अलग-अलग होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य देशभर में दूध और डेयरी उत्पादों की लेबलिंग में एकरूपता लाना है।
FSSAI ने इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि नया लोगो उपभोक्ताओं को खरीदारी के समय दूध और उससे बने उत्पादों की आसानी से पहचान करने में मदद करेगा।
अमूल दूध की कीमतों में भी हुई थी बढ़ोतरी
डेयरी उत्पादों की लेबलिंग में बदलाव की यह घोषणा गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) की ओर से अमूल के ताजे दूध की कीमतें बढ़ाने के कुछ दिन बाद आई है। अमूल ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पाद बेचने वाली GCMMF ने 12 नवंबर से अपने ताजे दूध के अलग-अलग वेरिएंट की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
फेडरेशन के मुताबिक, प्रमुख वेरिएंट के ताजे पैकेट वाले दूध की कीमतों में देशभर में करीब 4 से 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।