एक घायल गाय की सेवा से शुरू हुआ सफर आज सालाना 20 लाख रुपये की कमाई तक जा पहुंचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना ग्रामीण युवाओं के लिए सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जिंदगी बदलने का जरिया बन रही है। प्रतापगढ़ के सांड़वा चंडिका गांव के रहने वाले शिवम सिंह इसकी सबसे बड़ी मिसाल हैं।
घायल गाय की सेवा से शुरू हुआ गोपालन का सफर
शिवम बताते हैं कि पांच साल पहले उनके पिता राकेश सिंह को रास्ते में एक घायल देसी गाय मिली थी, जिसे घर लाकर सेवा-भाव से देखभाल शुरू की गई। उसी गाय की देखभाल करते-करते पिता-पुत्र दोनों का गोपालन से लगाव बढ़ता गया और धीरे-धीरे गोवंश की संख्या बढ़कर 25 तक पहुंच गई। इसी दौरान उन्हें यूट्यूब पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना की जानकारी मिली।
योजना से मिला 5 लाख का ऋण, राजस्थान से लाईं उत्कृष्ट गायें
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लिए आवेदन करने के बाद शिवम का चयन हुआ और उन्हें पांच लाख रुपये का ऋण मिला। इस राशि से वे राजस्थान से साहीवाल और गिर नस्ल की 10 उत्कृष्ट गायें लेकर आए। आज उनकी डेयरी से प्रतिदिन लगभग 110 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिससे उनकी वार्षिक आय 20 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
अब ए2 दूध उत्पादों और नस्ल सुधार पर फोकस
शिवम ने शुरुआत से ही अपनी डेयरी में बेहतर तकनीक का इस्तेमाल किया है, जिससे अच्छी नस्ल की बछियाओं का जन्म हो रहा है और स्वदेशी नस्ल की गायों के संरक्षण-संवर्धन को बढ़ावा मिल रहा है। अब उनका लक्ष्य शुद्ध ए2 दूध से घी और अन्य मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पाद तैयार कर बाजार में अपनी अलग पहचान बनाना है, साथ ही वे उच्च गुणवत्ता वाली देसी नस्लों के ब्रीड डेवलपमेंट पर भी बड़े स्तर पर काम करना चाहते हैं।
गांव के अन्य युवाओं के लिए बना प्रेरणा
शिवम की योजना है कि वे अपने कारोबार को आगे बढ़ाते हुए गांव और आसपास के लोगों को भी रोजगार देंगे। उनकी कहानी बताती है कि सेवा भाव, आधुनिक तकनीक और सरकार की सही योजना का साथ मिल जाए तो ग्रामीण युवा अपने ही गांव में रहकर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
एक घायल देसी गाय से शुरू हुआ यह सफर आज आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और ग्रामीण समृद्धि का ऐसा मॉडल बन चुका है, जो प्रदेश के अन्य युवाओं को भी पशुपालन और डेयरी उद्यमिता की ओर प्रेरित कर रहा है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।