विज्ञापन
Home› Dugdhshala› Up Cm Yogi Adityanath Reviews Flood And Drought Preparedness Orders Statewide Action Plan

बाढ़-सूखे पर योगी सरकार का हाई अलर्ट : किसानों-बाढ़ पीड़ितों के लिए जारी किया व्यापक एक्शन प्लान

गांव जंक्शन डेस्क, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 20 Jul 2026 09:21 PM IST
सार

  • मुख्यमंत्री ने तीन दिन के भीतर सभी राहत शिविर पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए।
  • कम वर्षा वाले क्षेत्रों में सिंचाई संसाधनों के अधिकतम उपयोग और खेती की रियल टाइम मॉनीटरिंग पर जोर।
  • 44 संवेदनशील जिलों में 1,694 राहत शरणालय, 910 पशु शरणालय और बचाव बल पहले से तैनात।
  • तटबंधों की 24 घंटे निगरानी, कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय और हर घंटे राज्य स्तर पर स्थिति की समीक्षा के निर्देश।

सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में अनियमित मानसून के चलते एक ओर कई जिलों में कम बारिश से सूखे की आशंका है, तो दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर नागरिक की सुरक्षा, किसानों की फसल और आजीविका की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और समन्वय के साथ संचालित किए जाएं।

कम बारिश वाले क्षेत्रों में खेती प्रभावित न हो
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां सामान्य से कम वर्षा हुई है, वहां नहरों, जलाशयों, राजकीय नलकूपों और अन्य सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। बोआई और सिंचाई की रियल टाइम मॉनीटरिंग की जाए तथा जिन क्षेत्रों में वर्षा की कमी से खेती प्रभावित होने की आशंका है, वहां कृषि और सिंचाई विभाग संयुक्त कार्ययोजना बनाकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।

तीन दिन में राहत शिविर पूरी तरह तैयार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील जिलों में अगले तीन दिनों के भीतर सभी राहत शिविर पूरी तरह तैयार कर लिए जाएं। शिविरों में ताजा एवं पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। बच्चों के लिए डेयरी के माध्यम से दूध उपलब्ध कराया जाए तथा महिलाओं, गर्भवती महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों की विशेष जरूरतों का ध्यान रखा जाए।

तटबंधों की 24 घंटे निगरानी और हर घंटे अपडेट
योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि राहत आयुक्त कार्यालय का कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रहे और हर घंटे की स्थिति मुख्यमंत्री कार्यालय, डीजीपी कार्यालय तथा संबंधित राहत एजेंसियों को भेजी जाए। उन्होंने तटबंधों की चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग कराने और संभावित कटान या रिसाव वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने को कहा। अराजक तत्वों द्वारा नुकसान की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।

बड़ी नौकाएं, आपदा मित्र और राहत एजेंसियां रहें तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां जरूरत हो वहां सामान्य नावों के साथ बड़ी नौकाओं की भी व्यवस्था की जाए। आपदा मित्रों की सेवाएं ली जाएं तथा NDRF, SDRF, PAC, पुलिस, स्वास्थ्य, सिंचाई, पशुपालन और राजस्व विभाग पूरी समन्वित व्यवस्था के साथ राहत कार्य करें।

44 जिलों में पहले से पूरी तैयारी
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील 44 जिलों में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
  • 1,694 राहत शरणालय चिन्हित किए गए हैं।
  • इनमें लगभग 5.14 लाख लोगों को ठहराने की क्षमता है।
  • 910 पशु शरणालय स्थापित किए गए हैं।
  • सभी संवेदनशील जिलों में NDRF, SDRF और PAC की टीमें पहले से तैनात हैं।
  • चार जिलों के 42 गांव वर्तमान में प्रभावित
वर्तमान में बलिया, गौतमबुद्ध नगर, लखीमपुर खीरी और मुजफ्फरनगर के 42 गांवों के 332 लोग प्रभावित हैं। राहत कार्यों के लिए 1,412 बाढ़ चौकियां, 549 मेडिकल टीमें, 55 नाव एवं मोटरबोट तथा 1,096 बाढ़ शरणालय सक्रिय हैं।

किसानों और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ हो या सूखा, सरकार का उद्देश्य किसानों की फसल बचाना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और हर प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना है। उन्होंने नदियों के चैनलाइजेशन, पशुधन की सुरक्षा, समय पर टीकाकरण और नगर क्षेत्रों में खुले मैनहोल तत्काल ढकने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन