केले की बागवानी खेती-बाड़ी में इस्तेमाल होने वाले जैविक उत्पादों को तैयार करने का रास्ता खोल सकती है। इसी संभावना को देखते हुए बिहार के खगडिया जिला प्रशासन केले के पौधे के अलग-अलग हिस्सों की मदद से फाइबर, तरल खाद, कंपोस्ट, और प्लेट जैसे उत्पाद तैयार करने की संभावना पर काम कर रहा है।इसके अलावा जलाशयों में फैलने वाली जलकुंभी से भी उपयोगी उत्पाद बनाने की योजना है। गुरुवार को जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में हुई जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक में इन प्रस्तावों के साथ कृषि प्रसंस्करण, विपणन और ग्रामीण रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
केले के तने, सैप और पत्तों का होगा इस्तेमाल
जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक में केले की खेती को छोटे कृषि आधारित उद्योगों से जोड़ने पर जोर दिया गया। योजना के तहत केले के तने से फाइबर, सैप से तरल खाद और कम्पोस्ट समेत पत्तों से प्लेट तैयार करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य केले के फल के अलावा पौधे के दूसरे हिस्सों का भी व्यावसायिक इस्तेमाल करना है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण की सुविधाएं विकसित करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि किसानों को बाजार से जुड़ने के अवसर मिल सकें।
जलकुंभी से उत्पाद बनाने की योजना
प्रशासन जलाशयों में फैलने वाली जलकुंभी को भी उपयोगी उत्पाद बनाने के लिए इस्तेमाल करने की संभावनाएं तलाश रहा है। योजना के तहत जल स्रोतों से जलकुंभी निकालकर उससे विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। इससे जलाशयों से जलकुंभी हटाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर पैदा करने की संभावना है। बैठक में इस दिशा में काम करने और उत्पादन इकाइयों के लिए संभावित स्थानों का चयन करने पर भी चर्चा हुई।
स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट और मखाना की खेती को बढ़ावा
जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक में पारंपरिक फसलों के साथ दूसरी फसलों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत किसानों को स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, मखाना और केले की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की योजना है। बैठक में कहा गया कि केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। इसके साथ फसलों के प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था भी मजबूत करनी होगी। किसानों को आधुनिक उत्पादन तकनीक, बाजार की मांग और बिक्री के तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
किसानों को रिसर्च सेंटरों में मिलेगा प्रशिक्षण
जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को नई तकनीकों और कृषि नवाचारों की जानकारी देने के लिए राज्य के प्रतिष्ठित रिसर्च सेंटरों में प्रशिक्षण और भ्रमण पर भेजा जाए। जिले में कृषि के क्षेत्र में सफल प्रयोग करने वाले किसानों के अनुभव भी दूसरे किसानों के साथ साझा किए जाएंगे, ताकि वे नई तकनीकों को अपना सकें।
एग्री टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी चर्चा
बैठक में कृषि पर्यटन की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। इसके तहत कृषि गतिविधियों को पर्यटन से जोड़ने की योजना है। प्रशासन की ओर से इन पहलों को आगे बढ़ाने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, प्रसंस्करण सुविधाओं और बाजार से जुड़ाव की जरूरत पर जोर दिया गया।