विज्ञापन
Home› Dugdhshala› National Milk Day India Dominates Milk Production Providing Employment 85 Million Families Increasing Strength

National Milk Day: दूध उत्पादन में भारत का दबदबा, 8.5 करोड़ परिवारों को मिल रहा रोजगार, पशुपालकों की बढ़ी ताकत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 04:22 PM IST
सार

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 पर जानिए भारत में दूध उत्पादन की स्थिति। 10 साल में उत्पादन 69% बढ़कर 247.87 मिलियन टन पहुंचा। डेयरी किसानों, महिलाओं और श्वेत क्रांति 2.0 की भूमिका भी जानें।

दूध उत्पादन में भारत का दबदबा
दूध उत्पादन में भारत का दबदबा - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत दुनिया में दूध उत्पादन के मामले में पहले स्थान पर है। देश के कुल दूध उत्पादन में दुनिया के कुल उत्पादन का करीब एक चौथाई हिस्सा भारत का है। पिछले 10 साल में देश में दूध उत्पादन में 69.41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2014-15 में भारत में 146.31 मिलियन टन दूध का उत्पादन होता था, जो 2024-25 में बढ़कर 247.87 मिलियन टन पहुंच गया। डेयरी क्षेत्र की इस तरक्की में करोड़ों पशुपालकों और महिलाओं की अहम भूमिका है। देश के करीब 8.5 करोड़ ग्रामीण परिवार डेयरी व्यवसाय से जुड़े हैं। खास बात यह है कि डेयरी क्षेत्र में काम करने वाले लोगों में लगभग 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।

हर साल 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने देश में डेयरी सहकारी आंदोलन को मजबूत करने और भारत को दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दिया था। यह दिन देश के उन करोड़ों पशुपालकों के योगदान को भी सम्मान देने का अवसर है, जिनकी मेहनत से भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना है।

दूध उत्पादन में लगातार आगे बढ़ रहा भारतभारत ने पिछले एक दशक में दूध उत्पादन और प्रति पशु दूध देने की क्षमता, दोनों में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2014-15 से 2024-25 के बीच देश में दूध उत्पादन 69.41 प्रतिशत बढ़ा है। देश के प्रमुख दूध उत्पादक राज्यों में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र का स्थान है।

देश में दूध उत्पादन की स्थिति

  • वर्ष 2014-15 में दूध उत्पादन: 146.31 मिलियन टन

  • वर्ष 2024-25 में दूध उत्पादन: 247.87 मिलियन टन

  • कुल उत्पादन में बढ़ोतरी: 69.41 प्रतिशत

  • दुनिया के कुल दूध उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी: करीब 25 प्रतिशत

सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाले पांच राज्य

राज्य

देश के कुल उत्पादन में हिस्सेदारी

उत्तर प्रदेश

15.66%

राजस्थान

14.82%

मध्य प्रदेश

9.12%

गुजरात

7.78%

महाराष्ट्र

6.71%


इन पांच राज्यों की देश के कुल दूध उत्पादन में 54.09 प्रतिशत हिस्सेदारी है। दूध की उपलब्धता भी बढ़ी है। वर्ष 2014-15 में देश में प्रति व्यक्ति रोजाना 319 ग्राम दूध उपलब्ध था, जो 2024-25 में बढ़कर 485 ग्राम हो गया। इसी तरह गाय-भैंस सहित अन्य दुधारू पशुओं की औसत सालाना दूध उत्पादकता 1,640 किलोग्राम से बढ़कर 2,800 किलोग्राम प्रति पशु हो गई है।


सहकारी समितियों से पशुपालकों को मिल रहा बाजार
सहकारी समितियों से पशुपालकों को मिल रहा बाजार - फोटो : गांव जंक्शन

सहकारी समितियों से पशुपालकों को मिल रहा बाजार
भारत में डेयरी सहकारी समितियां दूध उत्पादकों को संगठित बाजार से जोड़ने का काम करती हैं। गांवों में बनी दुग्ध समितियां जिला स्तर के दुग्ध संघों और राज्य स्तरीय दुग्ध महासंघों से जुड़ी होती हैं। इनके माध्यम से पशुपालकों का दूध इकट्ठा किया जाता है, उसकी प्रोसेसिंग होती है और फिर बाजार में बेचा जाता है। इस व्यवस्था से किसानों को दूध बेचने के लिए एक संगठित बाजार मिलता है। साथ ही दूध की खरीद, भुगतान और डेयरी से जुड़ी दूसरी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होती है।

देश में डेयरी सहकारी समितियों का नेटवर्क

  • 22 राज्य स्तरीय दुग्ध महासंघ।

  • 241 जिला सहकारी दुग्ध संघ।

  • 28 मार्केटिंग डेयरी।

  • 25 मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (MPO)।

  • करीब 2.45 लाख गांवों तक पहुंच।

  • 1.65 करोड़ डेयरी किसान सदस्य के रूप में जुड़े।

यह नेटवर्क गांवों के पशुपालकों को बड़े बाजारों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है।

महिला पशुपालकों को मिल रहा आगे बढ़ने का मौका
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की सहायक संस्था एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज (NDDB-DS) किसानों के स्वामित्व वाली दूध उत्पादक कंपनियां बनाने में मदद करती है। इन कंपनियों को मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (MPO) कहा जाता है। इन संगठनों के माध्यम से दूध उत्पादक एक साथ मिलकर दूध की खरीद और बिक्री करते हैं। इससे उन्हें बाजार से जुड़ने, दूध का उचित मूल्य पाने और बैंक खाते में सीधे भुगतान की सुविधा मिलती है।

31 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार

  • देश में 25 मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन बनाए गए हैं।

  • इनमें से 18 संगठनों में सभी सदस्य महिलाएं हैं।

  • इन संगठनों से 12 राज्यों के 175 जिलों में 13 लाख से अधिक दूध उत्पादक जुड़े हैं।

  • इनमें करीब 78 प्रतिशत उत्पादक महिलाएं हैं।

  • ये संगठन रोजाना करीब 70 लाख लीटर दूध खरीदते हैं।

श्वेत क्रांति 2.0 से गांवों में खुलेंगी नई डेयरी समितियां
डेयरी क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए सरकार ने श्वेत क्रांति 2.0 की शुरुआत की है। इस पहल का औपचारिक शुभारंभ 25 दिसंबर 2024 को हुआ था। इसका उद्देश्य उन गांवों और पंचायतों में नई दुग्ध सहकारी समितियां बनाना है, जहां अभी तक ऐसी व्यवस्था नहीं है।

इस योजना के तहत अगले पांच साल में सहकारी समितियों के माध्यम से दूध की खरीद में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही पशुपालकों को बाजार से जोड़ने, रोजगार बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

वर्ष 2028-29 तक के लक्ष्य

  • 75,000 नई दुग्ध सहकारी समितियां बनाना।

  • पहले से चल रही 46,422 समितियों को मजबूत करना।

31 अक्टूबर 2026 तक इस योजना के तहत 24,097 नई दुग्ध सहकारी समितियां बनाई जा चुकी हैं, जबकि 31,394 पुरानी समितियों को मजबूत किया गया है।


गोबर और कृषि कचरे से भी बढ़ेगी कमाई
गोबर और कृषि कचरे से भी बढ़ेगी कमाई - फोटो : गांव जंक्शन

गोबर और कृषि कचरे से भी बढ़ेगी कमाई
श्वेत क्रांति 2.0 के तहत डेयरी क्षेत्र को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए गोबर और फसल अवशेषों का इस्तेमाल बायोगैस, जैविक खाद और जैव उर्वरक बनाने में किया जा रहा है। इससे पशुपालकों को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिल सकता है और गांवों में कचरे का बेहतर प्रबंधन भी होगा। इस काम के लिए दो बहुराज्यीय सहकारी संस्थाएं बनाई गई हैं।

  1. कोऑपरेटिव इनपुट्स एंड सर्विसेज डिलीवरी मल्टी-स्टेट लिमिटेड : इसके माध्यम से पशुओं के लिए अच्छा चारा, बीमारी से बचाव और कृत्रिम गर्भाधान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

  2. गोमय सहकारी समिति मल्टी-स्टेट लिमिटेड : यह संस्था गोबर के वैज्ञानिक तरीके से इस्तेमाल और प्रबंधन पर काम करती है।

इसके अलावा, गोबरधन (GOBARdhan) योजना के तहत जैविक कचरे, गोबर और फसल अवशेषों से स्वच्छ ऊर्जा तैयार करने को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह पहल मूल रूप से वर्ष 2018 में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शुरू की गई थी।

सरकार ने 1 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय सर्कुलर बायोएनर्जी योजना के रूप में गोबरधन को आगे बढ़ाने की पहल की है। इसके लिए 23,731 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2035-36 तक लागू रहेगी।

इसका उद्देश्य देश में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) का उत्पादन करीब 10 गुना बढ़ाना है। इसके लिए गैस की खरीद की गारंटी, कीमतों में स्थिरता, पूंजी सहायता, पाइपलाइन सुविधा और कर्ज की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा।

डेयरी विकास के लिए बढ़ाई जा रही सुविधाएं
डेयरी व्यवसाय को मजबूत बनाने के लिए सिर्फ दूध उत्पादन बढ़ाना ही काफी नहीं है। इसके लिए दूध की खरीद, भंडारण, प्रोसेसिंग, पशुओं के लिए बेहतर नस्ल, अच्छा चारा और समय पर इलाज की सुविधा भी जरूरी है। सरकार की कई योजनाएं इन सुविधाओं को बढ़ाने पर काम कर रही हैं।

राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDD)इस योजना का उद्देश्य देश में दूध की खरीद और प्रोसेसिंग से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करना है। इसके तहत दूध इकट्ठा करने, ठंडा रखने, जांच करने और उससे दूसरे उत्पाद बनाने की सुविधाएं विकसित की जाती हैं। योजना के दो प्रमुख हिस्से हैं।

पहला हिस्सा : दूध की खरीद और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था को मजबूत करना। इसके तहत गांवों में दूध को ठंडा रखने के केंद्र, जांच उपकरण और साफ-सुथरे तरीके से दूध उत्पादन के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। पूर्वोत्तर राज्यों, पहाड़ी क्षेत्रों और केंद्र शासित प्रदेशों में दूध प्रोसेसिंग की सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर है।

दूसरा हिस्सा : सहकारी समितियों के माध्यम से डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देना। इसका उद्देश्य पशुपालकों को संगठित बाजार से जोड़ना और दूध व दुग्ध उत्पादों की बिक्री बढ़ाना है। यह हिस्सा आंध्र प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में लागू है।

31 अक्टूबर 2026 तक योजना की उपलब्धियां

  • 40,800 नई दुग्ध सहकारी समितियां बनाई गईं या दोबारा शुरू की गईं।

  • 25.82 लाख अतिरिक्त किसानों को जोड़ा गया।

  • दूध ठंडा करने की 168 लाख लीटर प्रतिदिन की क्षमता तैयार की गई।

  • दूध की गुणवत्ता जांच के लिए 94,000 उपकरण बांटे गए।


देसी नस्लों के संरक्षण और सुधार पर जोर
देसी नस्लों के संरक्षण और सुधार पर जोर - फोटो : सोशल मीडिया

देसी नस्लों के संरक्षण और सुधार पर जोर
देशी गाय और भैंस की नस्लों के विकास और संरक्षण के लिए दिसंबर 2014 में राष्ट्रीय गोकुल मिशन शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक तरीके से पशुओं की नस्ल सुधारना और उनकी दूध देने की क्षमता बढ़ाना है।

मार्च 2025 में इस योजना में बदलाव किए गए। इसके तहत कृत्रिम गर्भाधान, बेहतर नस्ल के वीर्य का इस्तेमाल और आधुनिक प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इनमें सेक्स सॉर्टेड सीमन और आईवीएफ तकनीक भी शामिल हैं।

राष्ट्रीय गोकुल मिशन की प्रमुख उपलब्धियां

  • 50,023 बहुउद्देशीय कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों (MAITRIs) को प्रशिक्षण देकर उपकरण उपलब्ध कराए गए।

  • 24 आईवीएफ प्रयोगशालाएं स्थापित की गईं।

  • 48 वीर्य केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है।

  • 32 बछिया पालन केंद्रों को मंजूरी दी गई है।

पशुओं के घर तक पहुंच रही कृत्रिम गर्भाधान सुविधा
राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम (NAIP) के तहत पशुपालकों के घर तक कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके लिए बेहतर नस्ल वाले सांडों के वीर्य का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें देशी नस्लों को भी शामिल किया गया है। कार्यक्रम के तहत अब तक 18.71 करोड़ से अधिक कृत्रिम गर्भाधान किए जा चुके हैं। इससे करीब 11.17 करोड़ पशुओं को लाभ मिला है।

डेयरी उद्योग में निवेश के लिए मिल रही ब्याज छूट
पशुपालन से जुड़े व्यवसायों में आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के लिए पशुपालन अवसंरचना विकास निधि (AHIDF) चलाई जा रही है। इसके तहत निजी क्षेत्र और सहकारी संस्थाओं को दूध प्रोसेसिंग, दूध से दूसरे उत्पाद बनाने और उन्हें ठंडा रखने की सुविधाएं विकसित करने में मदद दी जाती है। इस योजना में पात्र लाभार्थियों को आठ साल तक 3 प्रतिशत ब्याज की छूट दी जाती है।

वर्ष 2020-21 से अब तक इस योजना के तहत निजी क्षेत्र और सहकारी संस्थाओं के 258 दूध प्रोसेसिंग प्लांट को सहायता दी गई है। इससे करीब 21,797 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इन परियोजनाओं को रोजाना 500.58 लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग और उससे मूल्यवर्धित उत्पाद बनाने की क्षमता के साथ मंजूरी दी गई है।

पशुओं के इलाज के लिए चल रही मोबाइल वेटरनरी सेवा
पशुओं को समय पर इलाज और बीमारियों से बचाव की सुविधा देने के लिए पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत मोबाइल वेटरनरी यूनिट (MVU) के जरिए पशु चिकित्सक गांवों में पशुपालकों के घर तक पहुंचते हैं।

31 अक्टूबर 2026 तक देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4,019 मोबाइल वेटरनरी यूनिट काम कर रही थीं। इनके माध्यम से करीब 1.5 करोड़ पशुपालकों को उनके घर पर पशु चिकित्सा सेवाएं दी गईं और लगभग 3.3 करोड़ पशुओं का इलाज किया गया।
 


खुरपका-मुंहपका और ब्रुसेलोसिस से बचाव के लिए टीकाकरण
खुरपका-मुंहपका और ब्रुसेलोसिस से बचाव के लिए टीकाकरण - फोटो : सोशल मीडिया

खुरपका-मुंहपका और ब्रुसेलोसिस से बचाव के लिए टीकाकरण
राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) और ब्रुसेलोसिस से बचाने के लिए टीकाकरण और निगरानी की जाती है। 31 अक्टूबर 2026 तक खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए 152 करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके थे। इससे करीब 8 करोड़ पशुपालकों को लाभ मिला। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, खुरपका-मुंहपका रोग के मामले वर्ष 2019 में 132 थे, जो 2025 में घटकर 40 रह गए। वहीं, ब्रुसेलोसिस के मामले भी 2019 के 22 से घटकर 2025 में 15 रह गए।

पशुओं को मिलेगी डिजिटल पहचान, बनेगा रिकॉर्ड
पशुओं से जुड़ी जानकारी को डिजिटल तरीके से दर्ज करने के लिए भारत पशुधन डेटाबेस तैयार किया गया है। इसे पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के सहयोग से बनाया है। इसमें हर पंजीकृत पशु को 12 अंकों का एक विशेष नंबर दिया जाता है, जिसे पशु आधार कहा जाता है। इस नंबर के जरिए पशु के टीकाकरण, इलाज और नस्ल सुधार से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाती है। इससे पशुओं का रिकॉर्ड रखना और उनकी देखभाल करना आसान होता है।

31 अक्टूबर 2026 तक

  • 9,98,55,955 पशुपालक पंजीकृत हो चुके थे।

  • 39.42 करोड़ से अधिक पशु आधार जारी किए जा चुके थे।

विदेशों में भी बढ़ रही भारतीय डेयरी उत्पादों की मांग
भारत में दूध और दुग्ध उत्पादों की बड़ी खपत है। इसके साथ ही अब भारतीय डेयरी उत्पादों की पहुंच विदेशी बाजारों तक भी बढ़ रही है। वर्ष 2025-26 के दौरान भारत ने 97,524.82 मीट्रिक टन डेयरी उत्पादों का निर्यात किया। इससे देश को 407.12 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई हुई। भारत के प्रमुख डेयरी निर्यात बाजारों में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, अमेरिका, भूटान और बहरीन शामिल हैं।

हर बूंद के पीछे है करोड़ों किसानों की मेहनत
भारत के डेयरी क्षेत्र की सफलता के पीछे करोड़ों पशुपालकों, महिलाओं और सहकारी संस्थाओं की मेहनत है। दूध उत्पादन में बढ़ोतरी, बेहतर पशु नस्ल, आधुनिक प्रोसेसिंग सुविधाएं और पशुओं के इलाज की व्यवस्था ने इस क्षेत्र को मजबूत बनाया है।

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान को याद करने के साथ उन लाखों-करोड़ों पशुपालकों को भी सम्मान दिया जाता है, जिनकी मेहनत से भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना हुआ है। डेयरी व्यवसाय न केवल देश की पोषण जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रहा है, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आमदनी और रोजगार का भी बड़ा आधार बन रहा है।

स्रोत: मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार।


विज्ञापन
विज्ञापन