बिहार में गन्ने के रकबे को बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार कई मोर्चों पर काम कर रही है। गन्ना उद्योग विभाग के माध्यम से किसानों को बेहतर किस्मों के मुफ्त बीज, बीज खरीद पर सब्सिडी और गन्ने की नर्सरी तैयार करने पर आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस पहल के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को बी खरीद पर 260 रुपये प्रति क्विंटल और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के किसानों को 310 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी मिल रही है।
बीज विकास कार्यक्रम के तहत घर तक पहुंचेंगे मुफ्त बीज
सरकार के बीज विकास कार्यक्रम के तहत चयनिक किसानों को बीज मुफ्त में भी दिए जा रहे हैं। खास बात यह है कि यह बीज किसानों के घर तक पुहंचाने की व्यवस्था भी की गई है।
बीज खरीद पर सामान्य वर्ग को 260 और एससी-एसटी को 310 रुपये अनुदान
मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत किसानों को गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज खरीदने पर आर्थिक सहायता दी जा रही है। विभाग ने किसानों की श्रेणी के अनुसार अनुदान की दरें तय की हैं। सामान्य वर्ग के किसानों को गन्ने के बीज की खरीद पर 260 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सब्सिडी दी जा रही है। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के किसानों को 310 रुपये प्रति क्विंटल का अनुदान मिल रहा है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को पुरानी और कम उत्पादकता वाली किस्मों के स्थान पर बेहतर गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीजों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करना है।
बीज तैयार करने पर भी किसानों को मिलेगा फायदा
गन्ने के उन्नत बीजों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए विभाग आधार बीज उत्पादन योजना भी चला रहा है। इसके तहत योग्य किसानों को शुरुआती चरण का ब्रीडर सीड उपलब्ध कराया जाता है। किसान इस बीज से अपने खेतों में आधार बीज तैयार करते हैं। इसके बाद गन्ना उद्योग विभाग तैयार आधार बीज को किसानों से खरीदता है। इस बीज का इस्तेमाल आगे प्रमाणित बीज तैयार करने के लिए किया जाता है। इस व्यवस्था के जरिए किसानों को बीज उत्पादन का अवसर मिलता है और तैयार उपज बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी हो सकती है।
नर्सरी लगाने पर प्रति पौधा 1.50 रुपये की सब्सिडी
गन्ना नर्सरी योजना के तहत पौधे तैयार करने और उनकी रोपाई करने वाले किसानों को प्रति पौधा 1.50 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई किसान एक एकड़ जमीन में करीब 10 हजार पौधों की नर्सरी तैयार करता है, तो उसे 15 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है।
केन केयर पोर्टल से कर सकते हैं आवेदन
इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किसान केन केयर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार योजना का चुनाव करना होगा। आवेदन करने से पहले योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज, बीज की उपलब्धता और आवेदन की अंतिम तारीख की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।