विज्ञापन
Home› Dugdhshala› National Milk Day Animal Aadhaar Ivf And Sex Sorted Semen Scientific Dairy Farming Can Boost Farmer Income

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026: पशु आधार, IVF और सॉर्टेड सीमेन का कमाल, वैज्ञानिक पशुपालन से बढ़ेगी किसानों की कमाई

डॉ. उमाशंकर मिश्र, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Thu, 26 Nov 2026 09:22 AM IST
सार

26 नवंबर को 'मिल्कमैन ऑफ इंडिया' डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती 'राष्ट्रीय दुग्ध दिवस' के रूप में मनाई जाती है, जिन्होंने ऑपरेशन फ्लड के जरिए भारत को शीर्ष दुग्ध उत्पादक और किसानों को आत्मनिर्भर बनाया। आज जलवायु, बाजार, दूध की गुणवत्ता और किसानों की आय जैसे सवालों पर विमर्श जरूरी है। इन्हीं मुद्दों पर NDDB सलाहकार डॉ. विनोद कुमार तिवारी से डॉ. उमाशंकर मिश्र की विशेष बातचीत के प्रमुख अंश...

भारत सरकार और सहकारिता मंत्रालय ने अछूते गांवों में दुग्ध सहकारी समितियां बनाने हेतु 'श्वेत क्रांति
भारत सरकार और सहकारिता मंत्रालय ने अछूते गांवों में दुग्ध सहकारी समितियां बनाने हेतु 'श्वेत क्रांति - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रश्न: आज राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर भारतीय डेयरी सेक्टर की स्थिति को आप किस रूप में देखते हैं? इसकी सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
उत्तर:
सबसे पहले आप सभी को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस की हार्दिक बधाई! यह हमारे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि डॉ. वर्गीज कुरियन के मार्गदर्शन में हुई दुग्ध क्रांति से भारत आज दुग्ध उत्पादन की दृष्टि से विश्व में प्रथम स्थान पर है।

इससे न केवल किसानों की आर्थिक समृद्धि हुई है, बल्कि पूरे ग्रामीण भारत का विकास हुआ है। जहां तक ताकत और चुनौती की बात है, तो हमारे देश में अधिकांश छोटे, लघु और सीमांत किसान हैं, जिनकी कृषि जोत कम है। यही हमारी चुनौती भी है और ताकत भी।

यदि ये किसान खेती के साथ डेयरी और पशुपालन को जोड़ते हैं, तो उन्हें खेती में उत्पादन लागत कम करने में मदद मिलती है और दूध के माध्यम से प्रतिदिन नियमित आमदनी होती रहती है। इससे वे आर्थिक रूप से सशक्त होते हैं।

प्रश्न: हाल ही में दूध के दामों में एक साथ चार रुपये की बढ़ोतरी देखी गई। बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का गणित कैसे काम करता है और इसका कितना लाभ किसानों तक पहुंच पाता है?
उत्तर:
वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, महंगाई और ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर डेयरी क्षेत्र पर पड़ता है, क्योंकि यह क्षेत्र सीधे किसानों से जुड़ा है। किसानों को दूध उत्पादन के लिए पशुओं की देखरेख करनी होती है और चारा-दाना खरीदना पड़ता है।

केवल भूसा घर का होता है, बाकी आहार बाजार से लेना पड़ता है। चारा महंगा होने और लॉजिस्टिक्स व ईंधन खर्च बढ़ने से दूध की उत्पादन लागत बढ़ जाती है। किसानों पर आर्थिक दबाव न पड़े, इसलिए दुग्ध सहकारी समितियां मूल्य निर्धारण कर दाम बढ़ाती हैं।

रही बात किसानों को लाभ मिलने की, तो सहकारिता का प्रबंधन इसके सदस्य (किसान) ही करते हैं और मुनाफा व नुकसान आपस में साझा करते हैं। सहकारी समितियों को जो भी मुनाफा होता है, उसका लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को वापस लौटाया जाता है।

प्रश्न: देश में दूध की उपलब्धता और खपत के बीच कैसा संतुलन है? साथ ही, मिलावटी दूध और नकली उत्पादों की समस्या से निपटने के लिए क्या प्रयास हो रहे हैं?
उत्तर:
भारत में बड़ी आबादी शाकाहारी है, इसलिए हमारे बच्चों और आम लोगों के लिए प्रोटीन की आपूर्ति का मुख्य माध्यम दूध ही है। वेद-शास्त्रों में भी दूध को पूर्ण आहार कहा गया है। बढ़ती जनसंख्या के बावजूद हम अपनी मांग को पूरा कर पा रहे हैं और उत्पादन में नंबर एक हैं।

एनडीडीबी और भारत सरकार के माध्यम से गांवों के स्कूली बच्चों को विटामिन-ए आदि से युक्त 'फोर्टिफाइड मिल्क' भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि उन्हें संतुलित पोषण मिल सके। मिलावट रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें पूरी तरह तत्पर हैं।

हाल ही में होटलों आदि में नकली पनीर (जैसे टोफू या अन्य विकल्पों को पनीर बताकर बेचना) के खिलाफ सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। स्पष्ट निर्देश हैं कि केवल दूध से तैयार उत्पाद को ही पनीर कहा जा सकता है। प्रशासन ऐसे मिलावटी उत्पादों को जब्त कर सख्त कार्रवाई कर रहा है।

प्रश्न: छोटे और सीमांत किसानों को बिचौलियों से बचाकर टिकाऊ और बेहतर मुनाफा दिलाने के लिए 'श्वेत क्रांति 2.0' के तहत क्या प्रयास किए जा रहे हैं?
उत्तर:
भारत सरकार और सहकारिता मंत्रालय ने 'श्वेत क्रांति 2.0' की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य उन गांवों में भी दुग्ध सहकारी समितियों का गठन करना है, जहां अभी ये मौजूद नहीं हैं।

यदि कोई किसान दो-चार पशु रखता है और खुद बाजार जाकर मिठाई वाले या बिचौलियों को दूध बेचता है, तो उसका पूरा दिन बर्बाद होता है और उचित दाम भी नहीं मिलता। गांव में ही 'मिल्क कलेक्शन सेंटर' बनने से किसान वहीं दूध देकर अपने खेती के अन्य काम कर सकते हैं।

'मिल्क कलेक्शन सेंटर' पर दूध की गुणवत्ता व फैट की जांच कर उन्हें तय और उचित मूल्य दिया जाता है। इसके अलावा, दुग्ध संघ के मुनाफे का हिस्सा भी शेयर और लाभांश (डिविडेंड) के रूप में किसानों को वापस मिलता है।

प्रश्न: 'अमूल' जैसे सफल सहकारी मॉडल ने गुजरात के लाखों किसानों की जिंदगी बदल दी। इस मॉडल को अन्य राज्यों में उसी स्तर पर लागू करने में क्या बाधाएं रहीं और अब इसे कैसे बढ़ाया जा रहा है?
उत्तर:
सहकारिता राज्य का विषय है और इसे प्रत्येक राज्य अपने स्तर पर लागू करता है। यह एक जन-क्रांति और आपसी सहभागिता पर आधारित व्यवस्था है। जहां लोगों में सहकारिता की भावना, आपसी विश्वास और एक साथ आगे बढ़ने की ललक अधिक होती है, वहां यह मॉडल अत्यंत सफल होता है।

हालांकि, भारत सरकार के प्रयासों से बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी धीरे-धीरे विकास हो रहा है। जहां सहकारी दुग्ध संघ ठीक से काम नहीं कर पा रहे थे, वहां एनडीडीबी के माध्यम से उन्हें फिर से लाभकारी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

प्रश्न: कई किसानों की शिकायत होती है कि पशुओं की संख्या बढ़ाने के बाद भी उनकी आमदनी नहीं बढ़ती। उत्पादन और कमाई बढ़ाने के लिए किस तरह के वैज्ञानिक तरीके अपनाए जाने चाहिए?
उत्तर:
हमारे यहां कई किसान कम दूध (1-2 लीटर) देने वाले पशु रखते हैं, जिससे लागत नहीं निकलती। अब भारत सरकार और एनडीडीबी द्वारा पशुओं की नस्ल सुधार और वंश वृद्धि पर काम किया जा रहा है। उन्नत नस्ल और IVF: अच्छे सांडों के सीमेन और आईवीएफ (IVF) तकनीक के जरिए अधिक दुधारू पशु तैयार किए जा रहे हैं।

सॉर्टेड सीमेन तकनीक का उपयोग हो रहा है। अब गांवों में खेती के लिए बैलों की उपयोगिता कम हो गई है। इसे देखते हुए वैज्ञानिकों ने 'सॉर्टेड सीमेन' तकनीक विकसित की है, जिससे 80 से 90 प्रतिशत तक बछिया ही पैदा होने की संभावना रहती है। तीन-चार साल में ये बछिया दूध देने लगती हैं, जिससे किसान को सीधा आर्थिक लाभ होता है।

प्रश्न: उन्नत नस्लों के विकास के साथ-साथ हमारी देसी नस्लों का संरक्षण कैसे किया जा रहा है?
उत्तर:
इसके लिए हमारे पशु वैज्ञानिक देसी नस्लों में से ही चयन (Selective Breeding) करते हैं। देसी गायों में जो सबसे अधिक दूध देने वाली गायें होती हैं, उन्हें अलग किया जाता है। फिर ऐसे उन्नत सांडों का चयन किया जाता है जिनकी मां ने अधिक दूध दिया हो। इस तरह कम दूध देने वाले जीन को छोड़कर अधिक दूध देने वाली देसी नस्लों के वंश को आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रश्न: पशुओं के पोषण और संतुलित आहार का दूध की गुणवत्ता और मात्रा पर कितना असर पड़ता है? क्या केवल हरा चारा और भूसा पर्याप्त है?
उत्तर:
बिल्कुल नहीं, केवल हरा चारा और भूसा पर्याप्त नहीं है। जब गाय दूध देती है, तो उसके शरीर से कैल्शियम, मिनरल और फैट बाहर निकलता है। यदि हम उसे ऊपर से पोषण नहीं देंगे, तो वह कब तक अच्छा दूध दे पाएगी?

अच्छी गुणवत्ता के दूध और पशु के स्वास्थ्य के लिए हरे और सूखे चारे के साथ-साथ खली, बिनौला, कैल्शियम, मिनरल मिक्सचर और नमक (सोडियम) देना बहुत जरूरी है। किसानों को चाहिए कि वे ब्लॉक स्तर के पशु चिकित्सा अधिकारी से सलाह लें, जो पशु के वजन और दूध उत्पादन के हिसाब से आहार की सही मात्रा बता देते हैं।

प्रश्न: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक गांव के पशुपालकों तक कैसे पहुंच रही है?
उत्तर:
आज तकनीक का उपयोग पशुपालन में तेजी से बढ़ रहा है। पहले पशुओं की जियो-टैगिंग होती थी, अब उनका 'पशु आधार कार्ड' बन रहा है। इससे पशु की पूरी वंशावली, माता-पिता का रिकॉर्ड, पिछले दुग्ध उत्पादन और मालिक की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज हो जाती है।

तकनीक की मदद से पशु का तापमान, स्वास्थ्य रिकॉर्ड, लेक्टेशन पीरियड (दुग्ध काल), गर्भाधान और 'हीटिंग पीरियड' की सटीक जानकारी समय पर मिल जाती है, जिससे किसान सही समय पर कृत्रिम गर्भाधान करा सकते हैं।

प्रश्न: गांवों में चिलिंग सेंटर और कोल्ड चेन की कमी को दूर करने के लिए बुनियादी ढांचे को कैसे मजबूत किया जा रहा है?
उत्तर:
जैसे-जैसे गांवों में सहकारी समितियां स्थापित हो रही हैं, वहां की क्षमता के अनुसार चिलिंग सेंटर बनाए जा रहे हैं। साथ ही, कलेक्शन सेंटर से दूध ले जाने के लिए सोलर से चलने वाले रेफ्रिजरेटेड वैन की व्यवस्था की जा रही है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाती है ताकि दूध की गुणवत्ता पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।

प्रश्न: किसानों को बाजार से जोड़ने में मार्केटिंग की क्या भूमिका है? आजकल ऑर्गेनिक और A2 दूध का बाजार भी बढ़ रहा है, छोटे पशुपालक इसका लाभ कैसे उठा सकते हैं?
उत्तर:
हमारे गांव के किसान जो दूध उत्पादित करते हैं, वह सही मायने में संपूर्ण और शुद्ध (A2) दूध ही है, बशर्ते पशुओं को सही और प्राकृतिक पोषण दिया जाए। रही बात मार्केटिंग की, तो दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़ने पर किसानों को मार्केटिंग की चिंता नहीं करनी पड़ती।

हर राज्य के अपने दुग्ध संघ और ब्रांड हैं - जैसे गुजरात में अमूल, उत्तर प्रदेश में पराग, हरियाणा में वीटा आदि। ये संघ शहरों के उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार दूध को टोंड, स्किम्ड, घी या अन्य वैल्यू-एडेड उत्पादों में बदलकर शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करते हैं।

प्रश्न: डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्हें आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए क्या प्रयास हो रहे हैं?
उत्तर:
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन की पूरी जिम्मेदारी मुख्य रूप से महिलाएं ही संभालती हैं। उन्हें सीधे आर्थिक लाभ से जोड़ने के लिए महिला दुग्ध समितियों और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

एनडीडीबी द्वारा इस दिशा में एक बहुत अच्छा प्रयास किया गया है - मणिपुर में केवल महिलाओं द्वारा संचालित एक डेयरी समिति गठित की गई है। पूरा संचालन महिलाएं ही देखती हैं और उन्हें इसके लिए कई पुरस्कार भी मिले हैं।

प्रश्न: बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से पशुओं को कैसे बचाया जाए? साथ ही, क्या आधुनिक डेयरी फार्मिंग गांव के युवाओं के लिए एक लाभकारी स्टार्टअप बन सकती है?
उत्तर:
बढ़ते तापमान से बचाव के लिए किसानों को पशुओं के शेड बनाते समय 'प्रॉपर वेंटिलेशन' (हवा के आने-जाने) और छाया का उचित इंतजाम करना चाहिए। लोहे के टिन शेड के ऊपर फूस या अन्य छायादार व्यवस्था जरूर करें।

इसके अलावा, अपने क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल क्षेत्रीय नस्लों का ही पालन करें। युवाओं के लिए यह स्टार्टअप और स्वरोजगार का एक बेहतरीन विकल्प है। केंद्र और राज्य सरकारें डेयरी खोलने और पशु खरीदने के लिए 25 से 30 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही हैं।

यदि युवा खेती और पशुपालन को जोड़कर और सहकारी समितियों के साथ मिलकर काम करें, तो उन्हें मार्केटिंग की शत-प्रतिशत गारंटी मिलती है।

प्रश्न: प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत 2047' के संकल्प में आप डेयरी सेक्टर की भूमिका और निर्यात की संभावनाओं को कैसे देखते हैं?
उत्तर:
वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने के संकल्प में गांव और किसानों की खुशहाली सबसे अहम है और सहकारिता इसका सबसे मजबूत माध्यम है। आज हम न केवल घरेलू मांग पूरी कर रहे हैं, बल्कि पनीर, बटर और आइसक्रीम जैसे दुग्ध उत्पादों का विदेशों में निर्यात भी कर रहे हैं। उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ने से हमारी दुग्ध समितियां विश्व बाजार में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगी।

प्रश्न: अंत में, कम संसाधनों वाले हमारे छोटे किसानों को अपनी कमाई बढ़ाने के लिए आप क्या संदेश देना चाहेंगे? साथ ही, ये भी बताएं कि एनडीडीबी किसानों के लिए कौन-सी प्रमुख योजनाएं चला रहा है?
उत्तर:
सीमित संसाधनों में कमाई बढ़ाने के लिए किसानों को दूध के साथ-साथ पशुओं के गोबर का भी सही उपयोग करना चाहिए। भारत सरकार के स्वच्छता मिशन और एनडीडीबी व पेट्रोलियम मंत्रालय के सहयोग से गांवों में 'कंप्रेस्ड बायोगैस' (CBG) प्लांट लगाए जा रहे हैं।

समितियां किसानों से गोबर खरीदती हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय होती है। इससे बनी गैस गांव में पाइपलाइन के जरिए स्वच्छ ईंधन के रूप में दी जाती है, और बचने वाली 'स्लरी' (Slurry) का उपयोग किसान जैविक खाद के रूप में कर खेती की लागत कम कर सकते हैं।

एनडीडीबी का मुख्य कार्य सर्वे कर दुग्ध समितियां गठित करना, किसानों को उन्नत नस्ल के पशु दिलवाना, कलेक्शन व चिलिंग सेंटर स्थापित करना और बड़े प्लांट में दूध की प्रोसेसिंग कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।

मैं सभी किसानों से यही कहूंगा कि वे अपने गांव की दुग्ध समितियों से जुड़ें, तकनीक अपनाएं, पशुओं का समय पर टीकाकरण व संतुलित आहार सुनिश्चित करें और आर्थिक रूप से समृद्ध बनें।


विज्ञापन
विज्ञापन