विज्ञापन
Home› Dugdhshala› Dairy Tips Cows And Buffaloes Will Yield A Bucketful Of Milk Prepare 100 Kg Of Silage At Home For Just 860

Dairy Tips: बाल्टी भरकर दूध देगी गाय-भैंस, घर पर मात्र 860 रुपये में बनाएं 100 किलो साइलेज, जानें पूरा तरीका

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 27 Nov 2026 04:50 PM IST
सार

  • सर्दी के मौसम में गाय-भैंसों का दूध उत्पादन बढ़ता है, साइलेज की मदद से किसान उत्पादन को और बढ़ सकते हैं
  • किसान मात्र 520 से 860 रुपये तक की लागत में 100 किलो साइलेज तैयार कर सकते हैं
  • इसके लिए मक्का, ज्वार, बाजरा और नेपियर घास जैसे कच्चे माल की जरूरत होगी
  • जानें घर पर साइलेज बनाने का आसान और किफायती तरीका

सर्दी के सीजन में साइलेज खिलाकर पशुपालक दूध उत्पादन में बढ़ोतरी हासिल कर सकते हैं।
सर्दी के सीजन में साइलेज खिलाकर पशुपालक दूध उत्पादन में बढ़ोतरी हासिल कर सकते हैं। - फोटो : Ai
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आमतौर पर सर्दी में गाय-भैंस ज्यादा दूध देती है। इस दौरान साइलेज पशुओं को खिलाना दूध उत्पादन को और  बढ़ा सकता है। लेकिन, हर पशुपालक की पहुंच पौष्टिक चारे तक नहीं होती। झारखंड मिल्क फेडरेशन, साहिबगंज के अनुसार, पशुपालक घर या अपने फार्म पर ही मक्का, ज्वार, बाजरा, नेपियर और ओट्स जैसी हरी चारा फसलों से साइलेज तैयार कर सकते हैं। इस तरीके में 100 किलो तैयार साइलेज तैयार करने में 525 से 860 रुपये तक की लागत आती है।

साइलेज बनाने के लिए कितना हरा चारा चाहिए?
झारखंड मिल्क फेडरेशन के मुताबिक, 100 किलो साइलेज तैयार करने के लिए करीब 110 से 120 किलो हरे चारे की जरूरत होती है। मक्का की फसल को उस समय काटना चाहिए, जब उसके दाने दूधिया से आटे जैसी अवस्था में पहुंच रहे हों। दूसरी चारा फसलों की कटाई उनकी किस्म और परिपक्वता के अनुसार करनी चाहिए।

तीन से चार घंटे धूप में सुखाएं हरा चारा
कटाई के बाद हरे चारे को साफ जगह पर फैलाकर तीन से चार घंटे तक धूप में सुखाना चाहिए। इससे चारे की नमी 65 से 70 फीसदी के बीच आ जाती है, जो साइलेज बनाने के लिए जरूरी है। नमी की जांच के लिए मुट्ठी भर चारे को हाथ में लेकर कसकर दबाएं। यदि हाथ में हल्की नमी महसूस हो, लेकिन पानी की बूंदें न निकलें, तो चारा साइलेज बनाने के लिए तैयार है। इसके बाद चारे को कुट्टी मशीन से एक से दो इंच के छोटे टुकड़ों में काट लेना चाहिए। इससे उसे दबाकर रखना आसान होता है।

गुड़ और नमक के घोल से तैयार करें चारा
झारखंड मिल्क फेडरेशन के बताए तरीके के अनुसार, साइलेज के लिए दो से तीन लीटर गुनगुने पानी में 1.5 से दो किलो गुड़ और 500 ग्राम नमक मिलाकर घोल तैयार करना चाहिए। इसके बाद कटे हुए चारे को साफ फर्श या तिरपाल पर फैलाकर उस पर घोल का छिड़काव करें। घोल को चारे में अच्छी तरह मिलाना जरूरी है, ताकि सभी टुकड़ों पर इसकी हल्की परत चढ़ जाए।

प्लास्टिक ड्रम या बैग में भरकर निकालें हवा
घोल मिलाने के बाद चारे को प्लास्टिक ड्रम, साइलेज बैग या गड्ढे में परत-दर-परत भरना चाहिए। हर छह से आठ इंच चारा भरने के बाद उसे पैरों या भारी लकड़ी से अच्छी तरह दबाना चाहिए। साइलेज तैयार करने में हवा को बाहर निकालना सबसे जरूरी प्रक्रिया है। इसके लिए पात्र में चारे को अच्छी तरह दबाकर भरना चाहिए। पूरी तरह भर जाने के बाद ऊपर मोटी प्लास्टिक शीट लगाकर उसे बंद कर दें। साइलेज बैग इस्तेमाल करने पर अंदर की हवा निकालकर रस्सी से दोहरी गांठ लगाएं। वहीं, ड्रम या गड्ढे को ढक्कन, टेप या मिट्टी की मदद से पूरी तरह सील कर दें। ऊपर रेत की बोरी जैसा भारी वजन भी रखा जा सकता है।

साइलेज बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
साइलेज बनाने के लिए हमेशा साफ और स्वस्थ हरे चारे का इस्तेमाल करना चाहिए। फफूंद लगा या सड़ा हुआ चारा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। चारे में सही नमी बनाए रखना और उसे हवा से पूरी तरह सुरक्षित रखना जरूरी है। तैयार साइलेज का बैग या गड्ढा खोलने के बाद भी उसमें अनावश्यक हवा नहीं जाने देनी चाहिए। फेडरेशन के अनुसार, सही तरीके से तैयार साइलेज ऑफ-सीजन में पशुओं को हरा चारा उपलब्ध कराने का विकल्प बन सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन