अगर आप बकरी पालन करते हैं या इसे कमाई का जरिया बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब ऐसी उन्नत नस्ल की बकरियां उपलब्ध कराने की तैयारी है, जो करीब 150 दिनों में 400 से 450 लीटर तक दूध दे सकती हैं। हरियाणा के करनाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI) ने दूध उत्पादन के लिए बकरियों की दो उन्नत संकर नस्लों को मानकीकृत किया है। अब इन नस्लों का राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण कराने की तैयारी की जा रही है। इससे देशभर के किसानों और पशुपालकों को इनकी पहचान और उपलब्धता का रास्ता खुल सकता है।
संस्थान के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने द ट्रिब्यून को बताया कि इन दोनों नस्लों को विकसित करने का काम साल 1971 में शुरू किया गया था। इसके लिए पंजाब की देसी बीटल नस्ल की बकरियों का स्विट्जरलैंड की सानेन और उत्तरी अमेरिका की अल्पाइन नस्ल के बकरों के साथ संकरण कराया गया। लंबे समय तक चले शोध और कई पीढ़ियों के परीक्षण के बाद वर्ष 2006 में वैज्ञानिकों को इन दो उन्नत संकर नस्लों को विकसित करने में सफलता मिली।
देसी बकरियों से ज्यादा दूध देने की क्षमता
NDRI के मुताबिक, इन उन्नत संकर नस्लों की बकरियां 150 दिनों की दूध देने की अवधि में करीब 400 से 450 लीटर दूध दे सकती हैं। वहीं, सामान्य देसी नस्ल की बकरियां इसी अवधि में लगभग 150 से 170 लीटर दूध देती हैं। इस तरह नई संकर नस्लों की दूध उत्पादन क्षमता देसी बकरियों के मुकाबले काफी अधिक है। इससे दूध उत्पादन के लिए बकरी पालन करने वाले किसानों को फायदा मिल सकता है।
कैसे तैयार की गईं ये उन्नत नस्लें?
इन बकरियों को तैयार करने के लिए तीन नस्लों की विशेषताओं का इस्तेमाल किया गया है।
बीटल नस्ल : पंजाब की देसी नस्ल, जिसका इस्तेमाल संकरण के लिए किया गया।
सानेन नस्ल : स्विट्जरलैंड की प्रसिद्ध दूध देने वाली बकरी की नस्ल।
अल्पाइन नस्ल : उत्तरी अमेरिका में पाली जाने वाली उन्नत दूध उत्पादक नस्ल।
वैज्ञानिकों ने कई दशकों तक अलग-अलग नस्लों का संकरण कराया। इसके बाद हर पीढ़ी में दूध उत्पादन, प्रजनन क्षमता और अलग-अलग वातावरण में बकरियों के प्रदर्शन की जांच की गई।
किसानों को सालाना 7,000 रुपये तक अतिरिक्त फायदा
NDRI के पशु प्रजनन विभाग के प्रमुख डॉ. विकास वोहरा के अनुसार, संस्थान ने पिछले 20 वर्षों में अपने परिसर और किसानों के खेतों पर इन बकरियों की उत्पादन क्षमता का परीक्षण किया है। अलग-अलग परिस्थितियों में इनके प्रदर्शन और अनुकूलन की भी जांच की गई।
इसके लिए संस्थान ने अच्छी नस्ल के बकरे और बकरियां प्रगतिशील किसानों को भी दिए, ताकि खेतों पर इनके प्रदर्शन का आकलन किया जा सके। डॉ. विकास वोहरा के मुताबिक, ज्यादा दूध देने और अधिक बच्चे पैदा करने की क्षमता के कारण इन उन्नत नस्लों से किसानों को प्रति बकरी सालाना करीब 7,000 रुपये तक अतिरिक्त कमाई हो सकती है।
राष्ट्रीय पंजीकरण से देशभर के किसानों को मिलेगा फायदा
इन दोनों संकर नस्लों को राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकृत कराने की तैयारी है। पंजीकरण होने के बाद इन्हें देशभर में आधिकारिक पहचान मिलेगी। इससे पशुपालकों को इनकी विशेषताओं और उत्पादन क्षमता की जानकारी मिल सकेगी। साथ ही, बेहतर दूध उत्पादन के लिए इन बकरियों को अपनाने का रास्ता भी आसान होगा।
26 से 28 नवंबर तक डेयरी मेले में देख सकेंगे किसान
NDRI करनाल में 26 से 28 नवंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय डेयरी मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में इन दोनों उन्नत संकर नस्लों की बकरियों को प्रदर्शित किया जाएगा। किसान और पशुपालक यहां पहुंचकर इनकी खूबियों और दूध उत्पादन क्षमता के बारे में जानकारी ले सकेंगे। गौरतलब है कि NDRI इससे पहले करन फ्राइज नाम की संकर गाय की नस्ल भी विकसित कर चुका है। इस नस्ल को कई वर्षों के शोध और मानकीकरण के बाद राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण मिला था।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।