विज्ञापन
Home› Dugdhshala› From Farmer To Dairy Entrepreneur Indu Singhs Sahiwal Dairy In Gorakhpur Powered By Government Scheme

Success Story: साहीवाल गायों ने बदली गोरखपुर की महिला की जिंदगी, बना दिया करोड़पति, ये रही पूरी कहानी

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Himanshu Mishra Updated Mon, 15 Dec 2025 11:24 AM IST
सार

गोरखपुर की इंदु सिंह की सफलता यह साबित करती है कि यदि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग और आधुनिक तकनीक के साथ मेहनत की जाए, तो पशुपालन एक अत्यंत लाभकारी व्यवसाय बन सकता है।

महिला किसान
महिला किसान - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की पशुपालन आधारित योजनाएं अब केवल सहायता तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि किसानों और पशुपालकों को उद्यमी बना रही हैं। गोरखपुर जिले के पिपराइच ब्लॉक के बहरामपुर गांव की महिला किसान इंदु सिंह इसकी जीवंत मिसाल हैं। सरकारी सहायता, आधुनिक नस्ल और वैज्ञानिक प्रबंधन के सहारे इंदु सिंह ने पारंपरिक पशुपालन को एक लाभकारी डेयरी व्यवसाय में बदल दिया है। ‘नंदिनी कृषक समृद्धि योजना’ से जुड़कर उन्होंने साहीवाल नस्ल की गायों की डेयरी शुरू की, जो आज उन्हें लाखों की आमदनी दे रही है और भविष्य में करोड़ों के कारोबार की राह खोल रही है।

नंदिनी कृषक समृद्धि योजना से मिली नई दिशा
उत्तर प्रदेश सरकार की नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, गोसंरक्षण और गोसंवर्धन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए नंद बाबा मिशन का अहम हिस्सा है। इस योजना के तहत स्वदेशी उन्नत नस्ल की 25 गायों जैसे साहीवाल, गिर, थारपारकर और गंगातीरी की खरीद पर डेयरी यूनिट स्थापित करने के लिए सरकार परियोजना लागत का 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान करती है। इंदु सिंह पहले से ही पशुपालन से जुड़ी थीं, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण इसे बड़े स्तर पर नहीं ले जा पा रही थीं। योजना से जुड़ने के बाद उन्हें न केवल आर्थिक सहयोग मिला, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिला।

50 प्रतिशत सब्सिडी से आधी हुई लागत
वित्तीय वर्ष 2023-24 में ई-लॉटरी के माध्यम से नंदिनी कृषक समृद्धि योजना की लाभार्थी बनीं इंदु सिंह ने 25 साहीवाल नस्ल की गायें खरीदकर आधुनिक डेयरी यूनिट की स्थापना की। इस पूरी परियोजना पर कुल 62.55 लाख रुपये की लागत आई।

सरकार की ओर से 50 प्रतिशत यानी 31.25 लाख रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई, जिसमें से आधी राशि उन्हें प्राप्त हो चुकी है और शेष भी जल्द मिलने की प्रक्रिया में है। सरकारी सहयोग से परियोजना की लागत आधी रह गई, जिससे जोखिम कम हुआ और मुनाफे की संभावना बढ़ गई।

रोजाना 200 लीटर दूध, 100 रुपये प्रति लीटर की कीमत
इंदु सिंह की डेयरी में साहीवाल नस्ल की गायों से प्रतिदिन लगभग 200 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। साहीवाल गाय के दूध की गुणवत्ता अधिक होने के कारण बाजार में इसकी कीमत करीब 100 रुपये प्रति लीटर मिल रही है। इससे डेयरी से होने वाली आय लगातार बढ़ रही है। इंदु सिंह का कहना है कि इस व्यवसाय से न सिर्फ उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है, बल्कि गांव के चार लोगों को नियमित रोजगार भी मिला है। उनके लिए गोसेवा और स्वरोजगार का यह संगम एक अतिरिक्त संतोष देता है।

दूध प्रसंस्करण और गो-उत्पादों की तैयारी
आने वाले समय में इंदु सिंह अपने डेयरी व्यवसाय को और विस्तार देने की योजना बना रही हैं। वे दूध प्रसंस्करण यूनिट शुरू कर पनीर, खोया और मक्खन जैसे उत्पाद बनाने की तैयारी में हैं। इसके साथ ही गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पादों के लिए प्रशिक्षण लेकर इस क्षेत्र में भी काम करने का इरादा रखती हैं। उनका लक्ष्य अपनी डेयरी को एक मॉडल यूनिट के रूप में विकसित करना है, जिससे अन्य पशुपालक भी प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकें।

सेक्स सॉर्टेड सीमेन से बढ़ेगी आय
गोरखपुर के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र पांडेय के अनुसार, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत स्थापित डेयरियों में कृत्रिम गर्भाधान के लिए सेक्स सॉर्टेड सीमेन का उपयोग किया जाता है। इससे केवल बछियों का जन्म सुनिश्चित होता है, जिससे भविष्य में दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ेगी और पशुपालकों की आय में और इजाफा होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन