पीले मंकीफ्लावर की मजबूती का खुला रहस्य: समुद्र तटीय पौधे ने खोला खारेपन को सहने का राज, विकसित होंगी नई फसलें
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 12 Sep 2026 02:55 PM IST
सार
खारेपन से भरी समुद्री हवाओं के बीच उगने वाला तटीय पौधा पीला मंकीफ्लावर लवणीयता को पत्तियों में जाने से रोकने के साथ अंदर पहुंचने पर भी उसे सहन कर लेता है। वैज्ञानिक इसके पीछे जिम्मेदार जीन की पहचान कर रहे हैं, ताकि भविष्य में नमक सहने वाली फसलें विकसित करने में मदद मिल सके। जानिए, विस्तार से...
पीला मंकीफ्लावर लवणीयता को पत्तियों में जाने से रोकने के साथ अंदर पहुंचने पर भी उसे सहन कर लेता है।
- फोटो : क्रिएटिव कॉमन्स
समुद्री तटों पर उगने वाला एक छोटा-सा पौधा बेहद कठिन परिस्थितियों में भी हरा-भरा रहता है। अमेरिका के ओरेगन और कैलिफोर्निया के तटीय क्षेत्रों में पाया जाने वाले इस पौधे का नाम पीला मंकीफ्लावर है। समुद्र से आने वाली तेज और खारी हवाएं जहां कई दूसरे पौधों को नुकसान पहुंचाती हैं, वहीं यह पौधा इन परिस्थितियों में भी आसानी से जीवित रहता है।
अब वैज्ञानिकों ने यह समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है कि आखिर यह पौधा नमक से खुद को कैसे बचाता है। मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक डेविड लोरी और उनकी टीम ने पीले मंकीफ्लावर की अलग-अलग जगहों पर पाई जाने वाली किस्मों का अध्ययन किया। शोध से पता चला कि समुद्र के पास रहने वाले मंकीफ्लावर में नमक से बचने की खास क्षमता विकसित हो गई है।
यह शोध अमेरिकन जर्नल ऑफ बॉटनी नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।
तटीय परिस्थिति बनाने के लिए बनाया ‘साल्टमोबाइल’
इस रहस्य को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में समुद्र के किनारे जैसी परिस्थितियां बनाने की कोशिश की। इसके लिए उन्होंने एक खास उपकरण तैयार किया, जिसे मजाकिया अंदाज में ‘साल्टमोबाइल’ नाम दिया गया। यह एक छोटी गाड़ी जैसी व्यवस्था थी, जिसमें एयरब्रश और समुद्री पानी की बोतलें लगाई गई थीं। इसकी मदद से पौधों पर समुद्री पानी की बारीक बूंदों का छिड़काव किया गया।
वैज्ञानिकों ने ओरेगन और कैलिफोर्निया के पांच तटीय और पांच अंदरूनी इलाकों से मंकीफ्लावर के पौधे लिए। इन पौधों पर खारे पानी का छिड़काव किया गया और बाद में उनकी पत्तियों में मौजूद सोडियम की मात्रा मापी गई।
तटीय पौधों की पत्तियों में करीब 30 प्रतिशत कम सोडियम
प्रयोग के नतीजे काफी दिलचस्प रहे। समुद्र के किनारे पाए जाने वाले मंकीफ्लावर की पत्तियों में अंदरूनी इलाकों के पौधों की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत कम सोडियम पाया गया। इससे वैज्ञानिकों को संकेत मिला कि तटीय मंकीफ्लावर नमक को अपनी पत्तियों के अंदर जाने से बेहतर तरीके से रोकते हैं। हालांकि, वैज्ञानिक अभी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि पत्तियों की कौन-सी खास बनावट इस काम में मदद करती है।
शोधकर्ताओं ने पत्तियों के छिद्रों और पानी की बूंदों के व्यवहार समेत कई संभावित कारणों की जांच की, लेकिन इनमें से कोई भी अंतर नमक को रोकने की क्षमता की पूरी व्याख्या नहीं कर सका।
लवणता अंदर पहुंच जाए तो भी पौधा उसे सह लेता है
शोध में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई। अगर नमक किसी तरह तटीय मंकीफ्लावर की पत्तियों के अंदर पहुंच भी जाए, तो ये पौधे उसे ज्यादा अच्छी तरह सहन कर लेते हैं। वैज्ञानिकों ने पत्तियों के छोटे-छोटे टुकड़े लेकर उन्हें अलग-अलग नमक वाले घोल में रखा। इस प्रयोग में तटीय पौधों की पत्तियों में नुकसान के संकेत अंदरूनी इलाकों के पौधों की तुलना में देर से दिखाई दिए।
इसका मतलब है कि तटीय मंकीफ्लावर के पास नमक से बचने के दो तरीके हैं। पहला, वह नमक को पत्तियों के अंदर जाने से रोकता है और दूसरा, अगर नमक अंदर पहुंच जाए तो उसे सहन करने की क्षमता भी रखता है।
देर से फ्लावरिंग भी लवणता से करती है बचाव
एक अन्य अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि तटीय मंकीफ्लावर मौसम में थोड़ी देर से फूल और बीज बनाने की प्रक्रिया शुरू करते हैं। उस समय समुद्र के किनारे हवाएं अपेक्षाकृत कम तेज होती हैं। इस तरह फूल और बीज बनने का समय भी पौधे को समुद्री नमक की सबसे तेज मार से बचने में मदद करता है। यानी इस पौधे की नमक सहने की क्षमता केवल पत्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके विकास के समय में भी इसका योगदान दिखाई देता है।
मंकीफ्लावर के जीन से लवणता सहने वाली फसलों की उम्मीद
वैज्ञानिक अब उन जीनों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनकी वजह से तटीय मंकीफ्लावर नमक को रोकने और उसे सहन करने में सक्षम हुए हैं। इस शोध का महत्व केवल समुद्र के किनारे उगने वाले पौधों तक सीमित नहीं है। समुद्र का बढ़ता जलस्तर, तेज तूफान और समुद्री पानी का जमीन में पहुंचना भविष्य में कई पौधों के लिए समस्या बढ़ा सकता है। इसके अलावा सड़कों पर इस्तेमाल होने वाला नमक भी कई पौधों को नुकसान पहुंचाता है।
ऐसे में मंकीफ्लावर की प्राकृतिक क्षमता को समझकर वैज्ञानिक भविष्य में ऐसी फसलें विकसित करने की दिशा में काम कर सकते हैं, जो अधिक नमकीन वातावरण में भी अच्छी तरह उग सकें। यह छोटा-सा पौधा आने वाले समय में खेती और पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़ी सीख दे सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।