तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में कोरोमंडल तट के रेतीले टीलों पर वैज्ञानिकों ने पौधे की एक नई प्रजाति खोजी है। इस नई प्रजाति का नाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में ल्यूकास ड्रोपैडिया (Leucas droupadiae) रखा गया है। यह पौधा पुदीना परिवार (Lamiaceae) से संबंधित है। इस नई प्रजाति की खोज अन्नामलाई विश्वविद्यालय और गवर्नमेंट सिद्धा मेडिकल कॉलेज के शोधकर्ताओं ने की है। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह पौधा ऐसे रेतीले इलाके में पाया गया है, जहां मिट्टी में पोषक तत्वों की मात्रा काफी कम है।
करीब एक साल तक किया अध्ययन
शोधकर्ताओं ने पौधे के नमूने जुटाने के बाद करीब एक साल तक इसके जीवन चक्र, आकार और अन्य विशेषताओं का अध्ययन किया। अध्ययन के दौरान वैज्ञानिकों ने पाया कि यह पौधा ल्यूकास वंश की पहले से ज्ञात 155 प्रजातियों से अलग है। इसके बाद इसे एक नई प्रजाति के रूप में दर्ज किया गया।
करीब 15 सेंटीमीटर ऊंचा है पौधा
नई खोजी गई प्रजाति का पौधा करीब 15 सेंटीमीटर ऊंचा होता है। इसका तना सीधा और बिना शाखाओं वाला होता है। इसके फल सुनहरे पीले रंग के होते हैं, जिन पर गहरे भूरे रंग के धब्बे दिखाई देते हैं। पौधे की ये विशेषताएं इसे ल्यूकास वंश की अन्य प्रजातियों से अलग पहचान देती हैं।
फिलहाल एक ही स्थान पर मिली प्रजाति
वैज्ञानिकों के अनुसार, ल्यूकास ड्रोपैडिया अभी तक केवल एक स्थान पर ही पाई गई है। इसके सीमित आवास को देखते हुए इस पौधे के संरक्षण की जरूरत भी बढ़ गई है। इसके प्राकृतिक आवास के लिए पशुओं की चराई और यूकेलिप्टस का पौधारोपण प्रमुख खतरे बताए जा रहे हैं। इन गतिविधियों से रेतीले टीलों का प्राकृतिक वातावरण प्रभावित हो सकता है और नई पौध प्रजाति के अस्तित्व पर खतरा बढ़ सकता है।
तटीय जैव विविधता के लिए अहम खोज
कुड्डालोर के कोरोमंडल तट पर मिली यह प्रजाति तटीय क्षेत्रों की जैव विविधता और प्राकृतिक वनस्पतियों के महत्व को सामने लाती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील आवासों में मिलने वाली दुर्लभ पौध प्रजातियों की पहचान और संरक्षण के लिए नियमित सर्वेक्षण जरूरी है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।