Home›Baat Pate Ki›Janch Parakh›
New Research Unique World Of Bees Found 80 Centimeters Below Ground Scientists Discovered New Species
New Research: जमीन के 80 सेंटीमीटर नीचे मिला मधुमक्खी का अनोखा संसार, वैज्ञानिकों ने खोजी नई प्रजाति
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 06 Sep 2026 07:21 PM IST
सार
वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह प्रजाति नम मिट्टी में करीब 80 सेंटीमीटर की गहराई तक अपना घोंसला बनाती है। शोधकर्ताओं ने मिट्टी की खुदाई कर इस मधुमक्खी को खोजा और इसके नमूनों का अध्ययन किया।
वैज्ञानिकों ने नगालैंड के जंगलों में बिना डंक वाली मधुमक्खी की एक नई प्रजाति खोजी है। खास बात यह है कि यह मधुमक्खी पेड़ों या ऊंचाई पर नहीं, बल्कि जमीन के अंदर घोंसला बनाकर रहती है। इस खोज के बाद भारत में अब तक ज्ञात डंक रहित मधुमक्खियों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। इस नई प्रजाति का वैज्ञानिक नाम टेट्रागोनुला नागालैंडेंसिस (Tetragonula nagalandensis) रखा गया है। वैज्ञानिकों ने इसे नगालैंड के मेडजिफेमा क्षेत्र में खोजा है।
जमीन के अंदर बनाती है घोंसला
इस मधुमक्खी की सबसे खास बात इसका घोंसला बनाने का तरीका है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह प्रजाति नम मिट्टी में करीब 80 सेंटीमीटर की गहराई तक अपना घोंसला बनाती है। शोधकर्ताओं ने मिट्टी की खुदाई कर इस मधुमक्खी को खोजा और इसके नमूनों का अध्ययन किया। जमीन के अंदर रहने की यह विशेषता इसे दूसरी डंक रहित मधुमक्खियों से अलग बनाती है।
करीब 5 मिलीमीटर लंबी है मधुमक्खी
नई खोजी गई मधुमक्खी की लंबाई करीब 5 मिलीमीटर बताई गई है। वैज्ञानिकों ने इसकी पहचान खास तौर पर नर मधुमक्खी के शरीर की विशेष बनावट के आधार पर की है। इस प्रजाति की पहचान कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय, बेंगलुरु, नगालैंड विश्वविद्यालय और केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, इंफाल के वैज्ञानिकों ने मिलकर की है।
फसलों के लिए बेहद अहम हैं डंक रहित मधुमक्खियां
शोधकर्ताओं के अनुसार, डंक रहित मधुमक्खियां केवल शहद उत्पादन के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि ये फसलों और जंगली पौधों के लिए अहम परागणकर्ता भी हैं। मधुमक्खियां फूलों से पराग एक पौधे से दूसरे पौधे तक पहुंचाने में मदद करती हैं। इससे पौधों में फल और बीज बनने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। इसलिए कृषि और प्राकृतिक वनस्पतियों के लिए इनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।
जैव विविधता संरक्षण में मिलेगी मदद
वैज्ञानिकों का कहना है कि किसी नई मधुमक्खी प्रजाति की खोज से क्षेत्र की जैव विविधता को समझने में मदद मिलती है। साथ ही, ऐसी प्रजातियों के प्राकृतिक आवास की पहचान होने से उनके संरक्षण की दिशा में भी काम किया जा सकता है। नगालैंड के जंगलों में मिली टेट्रागोनुला नागालैंडेंसिस यह भी बताती है कि पूर्वोत्तर भारत के प्राकृतिक क्षेत्रों में अभी कई ऐसी प्रजातियां मौजूद हो सकती हैं, जिनकी वैज्ञानिक पहचान बाकी है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।