Home›Baat Pate Ki›Janch Parakh›
Banana Waste Will Become A Sweet Treasure Opening Up New Avenues Of Income For Farmers
New Research: केले के कचरे से बनेगा मीठा खजाना, किसानों के लिए खुलेंगे कमाई के नए रास्ते
डॉ. निमिष कपूर, वैज्ञानिक एवं विज्ञान संचार विशेषज्ञ
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 13 Nov 2026 04:22 PM IST
सार
केले के तने के अपशिष्ट से जाइलिटॉल बनाने में वैज्ञानिकों को सफलता मिली है। जाइलिटॉल शर्करा-अल्कोहल है, जिसका स्वाद मीठा होता है। इसमें सामान्य चीनी की तुलना में कम कैलोरी होती है।
मिठास भरपूर, कम कैलोरी, केले के कचरे से खुली राह
- फोटो : गांव जंक्शन
भारत में केले की कटाई और छद्म तने से रेशा निकालने के बाद काफी जैविक अपशिष्ट बचता है। वैज्ञानिकों ने इसी अपशिष्ट से कम कैलोरी वाला मीठा पदार्थ जाइलिटॉल तैयार किया है, जिसका उपयोग खाद्य और मुख-स्वास्थ्य उत्पादों में होता है। शोध पत्रिका फूड रिसर्च इंटरनेशनल में प्रकाशित अध्ययन में शोधकर्ताओं ने जैविक किण्वन से जाइलिटॉल बनाया। इसके लिए अपशिष्ट से यीस्ट के 17 नमूने जुटाए गए, जिनमें चार प्रमुख प्रजातियों की पहचान हुई।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि विज्ञान निधि के अंतर्गत हुए इस शोध में एक यीस्ट ने बेहतर प्रदर्शन किया। वह बाधक रासायनिक यौगिकों को सहन करने और जाइलोज शर्करा का उपयोग करने में सक्षम था। जाइलोज पौधों की कोशिका-भित्ति के हेमिसेल्यूलोज से मिलती है। अध्ययन में प्रति ग्राम जाइलोज से अधिकतम 0.81 ग्राम जाइलिटॉल प्राप्त हुआ।
जाइलिटॉल इसलिए है उपयोगी
जाइलिटॉल एक शर्करा-अल्कोहल है, जिसका स्वाद मीठा होता है और इसमें सामान्य चीनी की तुलना में कम कैलोरी होती है। इसका इस्तेमाल च्युइंग गम, कुछ मिठाइयों, बेकरी उत्पादों और मुख-स्वास्थ्य से जुड़े उत्पादों में किया जाता है। यह दांतों में सड़न के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है, इसलिए कुछ दंत-देखभाल उत्पादों में भी इसका उपयोग होता है।
शोध में तैयार जाइलिटॉल की संरचना और विशेषताओं के परीक्षण में इसकी विशेषताएं व्यावसायिक जाइलिटॉल के अनुरूप पाई गईं। इससे संकेत मिलता है कि केले के अपशिष्ट से तैयार पदार्थ में उपयोगी उत्पाद बनने की क्षमता है। फिर भी, खाद्य उपयोग के लिए इसकी शुद्धता, सुरक्षा और गुणवत्ता की जांच जरूरी होगी।
केले का तना है एक औद्योगिक संसाधन
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अनुसार, केले का छद्म तना पौधे के कुल जैव-पदार्थ का 30 से 34 प्रतिशत हिस्सा होता है। अब तक इसका उपयोग मुख्य रूप से रेशा, खाद, मल्चिंग और हस्तशिल्प उत्पाद बनाने में होता रहा है, लेकिन रेशा निकालने के बाद बचने वाले पदार्थ का उपयोग सीमित है। इससे जाइलिटॉल बनाने की तकनीक कृषि-अपशिष्ट को मूल्यवान उत्पाद में बदलने का नया रास्ता खोलती है। इससे अपशिष्ट निपटान का दबाव घटाने के साथ स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण उद्योगों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
किसानों और ग्रामीण उद्यमों को मिलेगा लाभ
यह तकनीक आगे चलकर आर्थिक रूप से व्यवहार्य सिद्ध होती है, तो केले की खेती करने वाले किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं। रेशा निकालने वाली इकाइयां बचे हुए अपशिष्ट को जैव-प्रसंस्करण केंद्रों तक पहुंचा सकती हैं। किसान उत्पादक संगठन, सहकारी समितियां और छोटे उद्यम कच्चे माल के संग्रह, छंटाई, परिवहन और प्राथमिक प्रसंस्करण में भूमिका निभा सकते हैं।
इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी बन सकते हैं। जाइलिटॉल जैसे मूल्य-वर्धित उत्पाद के उत्पादन के लिए कच्चे माल की आपूर्ति के अलावा किण्वन, उत्पाद शुद्धिकरण, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग और विपणन की जरूरत होगी। इन गतिविधियों को एक स्थानीय उत्पादन शृंखला से जोड़ा जा सके तो कृषि और उद्योग के बीच सहयोग बढ़ सकता है।
कचरे से कंचन बनाने की दिशा में कदम
भारत जैसे कृषि प्रधान देश में फसल-अवशेषों का बेहतर उपयोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। केले के छद्म तने से जाइलिटॉल बनाने का शोध इसी दिशा में एक उदाहरण है। भविष्य में यदि इस तकनीक को आर्थिक और पर्यावरणीय दृष्टि से व्यवहार्य बनाया जाता है, तो यह केले की खेती, रेशा उद्योग और खाद्य-प्रसंस्करण क्षेत्र के बीच नए संबंध स्थापित कर सकती है। इससे कृषि-अपशिष्ट का बेहतर उपयोग, ग्रामीण क्षेत्रों में मूल्य-वर्धन और स्थानीय उद्यमों के विकास की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
असली सफलता केवल जाइलिटॉल बनाने में नहीं, बल्कि ऐसी उत्पादन व्यवस्था विकसित करने में होगी जिसमें अपशिष्ट का उपयोग टिकाऊ हो, उद्योग को उचित लागत पर कच्चा माल मिले और किसानों को भी उनकी उपज के अवशेषों का उचित मूल्य प्राप्त हो। यही सोच चक्रीय कृषि और ग्रामीण जैव-अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार दे सकती है।
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित किया गया है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।