Home›Baat Pate Ki›Janch Parakh›
Turmeric Derived Nanofibres Offer A New Way To Remove Industrial Dyes From Wastewater
नई रिसर्च : हल्दी के अर्क से बने नैनोफाइबर से साफ हो सकता है टेक्सटाइल और अन्य उद्योगों का अपशिष्ट जल
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 21 Nov 2026 01:50 PM IST
सार
हल्दी के अर्क की मदद से वैज्ञानिकों ने जिंक ऑक्साइड के बेहद छोटे कण तैयार किए हैं। इन्हें एक जैव-अपघटनीय पदार्थ के साथ मिलाकर नैनोफाइबर बनाया गया है, जो औद्योगिक अपशिष्ट जल के शोधन में उपयोगी हो सकता है।
वैज्ञानिकों ने हल्दी के अर्क की मदद से एक नई सामग्री तैयार की है, जो अपशिष्ट जल के शोधन में उपयोगी हो सकती है।
- फोटो : AI Image
औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले रंगीन पानी को साफ करना बड़ी चुनौती है। कपड़ा उद्योग समेत कई क्षेत्रों से निकलने वाले इस पानी में ऐसे रासायनिक रंग होते हैं, जो जल स्रोतों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस समस्या के समाधान की दिशा में वैज्ञानिकों ने हल्दी के अर्क की मदद से एक नई सामग्री तैयार की है। प्रयोगशाला में इसने पानी से औद्योगिक रंग हटाने में अच्छे नतीजे दिए हैं।
यह शोध इंस्टीट्यूट ऑफ नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईएनएसटी), मोहाली के शोधकर्ताओं ने किया है। इसमें आईआईटी मंडी समेत पांच संस्थानों के सात शोधकर्ता शामिल रहे। शोध पत्रिका एडवांस्ड फंक्शनल मैटेरियल्स में यह अध्ययन प्रकाशित किया गया है।
हल्दी के अर्क से तैयार किए नैनोकण
शोधकर्ताओं ने हल्दी के अर्क का इस्तेमाल जिंक ऑक्साइड के बेहद छोटे कण तैयार करने में किया। हल्दी में मौजूद प्राकृतिक यौगिक इन कणों को बनाने और स्थिर रखने में मदद करते हैं। इससे इन्हें तैयार करने में परंपरागत रासायनिक तरीकों पर निर्भरता कम की जा सकती है।
इसके बाद जिंक ऑक्साइड के इन नैनोकणों को पॉलीलैक्टिक एसिड (पीएलए) नाम के जैव अपघटनीय पदार्थ के साथ मिलाया गया। इलेक्ट्रोस्पिनिंग नाम की प्रक्रिया से इस मिश्रण के बेहद महीन रेशे तैयार किए गए। इन रेशों को नैनोफाइबर कहा जाता है। इस तरह तैयार सामग्री में हल्दी के अर्क से बने नैनोकण पानी में मौजूद रंगों को हटाने का काम करते हैं।
रोशनी और कंपन से हटाए रंग
इस सामग्री को प्रभावी बनाने के लिए वैज्ञानिकों ने दो प्रक्रियाओं का इस्तेमाल किया। पहली है फोटो-कैटेलिसिस, यानी प्रकाश की मदद से रासायनिक प्रतिक्रिया तेज करना। दूसरी है पीजो-कैटेलिसिस, जिसमें यांत्रिक कंपन से सामग्री में विद्युत ध्रुवीकरण पैदा होता है। आसान शब्दों में कहें तो अल्ट्रासोनिक तरंगों से पैदा होने वाले कंपन सामग्री को प्रदूषकों को तोड़ने वाली सक्रिय प्रतिक्रियाएं पैदा करने में मदद करते हैं।
प्रयोगशाला में मेथिलीन ब्लू और कॉन्गो रेड नाम के दो औद्योगिक रंगों पर इसका परीक्षण किया गया। प्रकाश और अल्ट्रासोनिक कंपन के संयुक्त इस्तेमाल से 120 मिनट में मेथिलीन ब्लू का 98.6 फीसदी और कॉन्गो रेड का 96.7 फीसदी रंग हट गया।
बैक्टीरिया पर भी दिखा असर
नैनोफाइबर के जीवाणुरोधी गुणों की भी जांच की गई। छह घंटे के परीक्षण में इस सामग्री ने ई-कोलाई बैक्टीरिया को करीब 75 फीसदी और स्टैफिलोकोकस ऑरियस को करीब 71 फीसदी तक निष्क्रिय किया। ये दोनों बैक्टीरिया पानी में मौजूद हो सकते हैं और संक्रमण का कारण बन सकते हैं।
शोधकर्ताओं ने रंग हटाने की प्रक्रिया का अनुमान लगाने के लिए मशीन लर्निंग मॉडल का भी इस्तेमाल किया। इसमें रोशनी की तीव्रता और तरंगदैर्ध्य, अल्ट्रासोनिक कंपन की आवृत्ति, उत्प्रेरक की मात्रा, उपचार का समय और पानी में रंग की मात्रा जैसे कारकों को शामिल किया गया। इससे यह समझने में मदद मिल सकती है कि अलग-अलग परिस्थितियों में सामग्री कितनी प्रभावी होगी।
असली औद्योगिक पानी पर परीक्षण बाकी
यह शोध औद्योगिक अपशिष्ट जल की सफाई के लिए नई संभावना दिखाता है, लेकिन फिलहाल इसके नतीजे प्रयोगशाला परीक्षणों पर आधारित हैं। वास्तविक औद्योगिक पानी में इसके इस्तेमाल से पहले यह जांचना जरूरी होगा कि सामग्री को कितनी बार दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है, उसमें मौजूद जिंक पानी में तो नहीं घुलता और प्रदूषक कार्बनिक पदार्थों का पूरी तरह विघटन होता है या नहीं। इसलिए बड़े स्तर पर इसके इस्तेमाल की प्रभावशीलता अभी साबित होनी बाकी है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।