विज्ञापन
Home› Baat Pate Ki› Indian Railways How Tatkal Tickets Will Be Booked Aadhaar Otp Verification What New Rules

IRCTC तत्काल टिकट बुकिंग के नए नियम : आधार और OTP अनिवार्य, एजेंट्स पर लगेगी लगाम

गांव जंक्शन, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 12 Jun 2025 12:00 PM IST
सार

तत्काल रेल टिकट तक निष्पक्ष और पारदर्शी पहुंच सुनिश्चित करने और वास्तविक यात्रियों के हितों की रक्षा करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है।

ऑनलाइन बुकिंग के लिए आधार प्रमाणीकरण
ऑनलाइन बुकिंग के लिए आधार प्रमाणीकरण - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रेलवे विभाग ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। अब आधार प्रमाणीकरण से आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए यात्रियों को तत्काल टिकट मिल सकेगा। यह नया नियम भारतीय रेलवे विभाग एक जुलाई से लागू करने जा रहा है। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रणाली में व्यापक सुधारों की घोषणा की है। 

रेलवे का कहना है कि नियमों में बदलाव का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, वास्तविक यात्रियों को प्राथमिकता देना, और बिचौलियों व दुरुपयोग को रोकना है। यह निर्णय बढ़ती मांग, उपभोक्ता शिकायतों और टिकट दलालों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से लिया गया है। तत्काल टिकट के लिए रेलयात्री एजेंटों के चंगुल में फंसकर अधिक रकम खपा देते थे। अब रेलवे उन्हें बड़ी राहत देने जा रहा है। एक जुलाई से नये प्रावधान के जरिए उपभोक्ता खुद ही तत्काल टिकट पा सकेगा। 

ऑनलाइन बुकिंग के लिए आधार प्रमाणीकरण
1 जुलाई 2025 से, IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से तत्काल टिकट की बुकिंग केवल आधार से प्रमाणित उपयोगकर्ताओं के लिए ही संभव होगी। इसके बाद, 15 जुलाई 2025 से, बुकिंग प्रक्रिया में आधार-आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण भी अनिवार्य कर दिया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि टिकट वास्तविक उपयोगकर्ता ही बुक कर रहा है।

पीआरएस काउंटर और अधिकृत एजेंटों के लिए ओटीपी प्रमाणीकरण
15 जुलाई 2025 से, पीआरएस काउंटरों या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से तत्काल टिकट बुक करते समय, बुकिंग करने वाले व्यक्ति को उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे सत्यापित करना आवश्यक होगा।

एजेंटों के लिए बुकिंग पर समय-सीमा प्रतिबंध
थोक बुकिंग को रोकने के लिए, अधिकृत एजेंटों को उद्घाटन-दिन (opening day) के तत्काल टिकट बुकिंग के पहले 30 मिनट तक टिकट बुक करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसी क्लास के लिए सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। गैर-एसी क्लास के लिए सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा।

IRCTC प्रोफाइल को आधार से करें लिंक 
इन सुधारों के लिए CRIS (Centre for Railway Information Systems) और IRCTC को आवश्यक प्रणाली संशोधन शीघ्रता से करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी क्षेत्रीय रेलवे और संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यान्वयन के लिए सूचित किया जा चुका है। रेल मंत्रालय ने सभी यात्रियों से  अपील की है कि वे अपने IRCTC प्रोफाइल को आधार से लिंक करें ताकि 1 जुलाई 2025 के बाद किसी भी असुविधा से बचा जा सके। यह बदलाव यात्रा अनुभव को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन