विज्ञापन
Home› Baat Pate Ki› Important News For Potato Farmers Online Seed Booking Begins Subsidy Of 1000 Per Quintal Available

आलू किसानों के लिए जरूरी खबर : बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, प्रति क्विंटल मिलेगी ₹1000 की सब्सिडी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 04 Nov 2026 12:25 PM IST
सार

UP Potato Seed Booking 2026: फिरोजाबाद में आलू के बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। किसानों को प्रति क्विंटल 1,000 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। जानें बीज की किस्में, बुकिंग के नए नियम और आवेदन का तरीका।

आलू की खेती
आलू की खेती - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रबी सीजन के लिए आलू की खेती करने वाले किसानों को राहत मिलने वाली है। उद्यान विभाग ने आलू के बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। इस बार किसानों को 9 प्रजातियों के बीज खरीदने का विकल्प दिया गया है। खास बात यह है कि बीज खरीदने पर किसानों को प्रति क्विंटल 1,000 रुपये का अनुदान भी मिलेगा।

यह पैसा सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाएगा। हालांकि, इस बार बीज बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया है। किसानों को अब कम से कम दो प्रजातियों के बीज बुक कराने होंगे। केवल एक प्रजाति का बीज बुक करने पर आवेदन रद्द हो सकता है।

आलू की इन 9 प्रजातियों के मिलेंगे बीज
जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी के मुताबिक, किसानों के लिए आलू की 9 प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें कुफरी बहार, कुफरी प्राय सोना, कुफरी सूर्या, कुफरी ख्याति, कुफरी मोहन, कुफरी गौरव और कुफरी चिपसोना-1 जैसी किस्में शामिल हैं। किसान अपनी जरूरत और खेती के हिसाब से इन किस्मों का चयन कर सकते हैं।

बीज बुकिंग के नए नियम समझ लें
इस बार किसानों को बीज बुकिंग में एक से ज्यादा प्रजातियों का चयन करना होगा। पहले किसान केवल एक प्रजाति का बीज बुक करा सकते थे, लेकिन अब दूसरी प्रजाति का बीज लेना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
  • किसानों को कम से कम दो प्रजातियों के बीज बुक कराने होंगे।
  • दूसरी प्रजाति के बीज की मात्रा कुल बुकिंग का कम से कम 20 प्रतिशत होनी चाहिए।
  • किसान आधा हेक्टेयर से लेकर दो हेक्टेयर तक के लिए बीज बुक करा सकते हैं।
  • अलग-अलग प्रजातियों के हिसाब से बीज की मात्रा 17 से 21 क्विंटल तक निर्धारित की गई है।

प्रति क्विंटल 1,000 रुपये की मिलेगी सब्सिडी
आलू के बीज की खरीद पर किसानों को प्रति क्विंटल 1,000 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी। विभाग ने बीज के अलग-अलग आकार के हिसाब से कीमतें भी तय की हैं।

कहां और कैसे करें आलू के बीज की बुकिंग?
आलू के बीज की ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसान उत्तर प्रदेश उद्यान विभाग के पोर्टल potato.uphorticulture.in पर आवेदन कर सकते हैं।
 
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
  • आधार कार्ड
  • जमीन की खतौनी
  • बैंक पासबुक की कॉपी
  
आवेदन के बाद क्या करें?
ऑनलाइन बुकिंग के बाद आवेदन की पर्ची जिला उद्यान कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके साथ बीज की निर्धारित कीमत भी जमा करनी होगी।

किसानों के लिए जरूरी सलाह : आवेदन करते समय जमीन का रकबा, चुनी गई आलू की किस्म और बैंक खाते की जानकारी सही भरें। दूसरी प्रजाति के बीज की कम से कम 20 प्रतिशत बुकिंग का नियम जरूर ध्यान में रखें।
विज्ञापन
विज्ञापन