पोटैशियम शरीर की कई क्रियाओं में हाथ बंटाता है। यह रक्तचाप संभालने, हृदय को सुरक्षित रखने, मांसपेशियों की ऐंठन घटाने और गुर्दे की पथरी रोकने में मदद करता है। आइए जानें, किन चीजों से यह भरपूर मिलता है।
सेहत की मीठी पोटली सूखे मेवे
सूखी खुबानी का आधा कप 755 मिलीग्राम पोटैशियम देता है। इसके साथ फाइबर, विटामिन-ए और एंटीऑक्सीडेंट भी मिलते हैं। इसे नाश्ते में, दही, कॉर्नफ्लेक्स-दलिया जैसे अनाज या सलाद में डालकर सेवन कर सकते हैं।
सूखा आलूबुखारा का एक कप करीब 635 से 698 मिलीग्राम पोटैशियम देता है, साथ में फाइबर, विटामिन के और एंटीऑक्सीडेंट मिलते हैं, जो पेट की सेहत के लिए अच्छे हैं। शाम के नाश्ते में इन्हें शामिल कर सकते हैं। किशमिश आधे कप में 600 से 750 मिलीग्राम पोटैशियम देती है और प्राकृतिक मिठास भी, पर इसमें प्राकृतिक शर्करा ज्यादा होती है, इसलिए सीमित मात्रा में ही खाएं।
प्रोटीन के साथ पोटैशियम की डोज
हर भारतीय रसोई की शान दाल फाइबर और प्रोटीन से भरपूर है। एक कप पकी दाल में 731 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। इसे खिचड़ी, सूप या तरी वाली सब्जी में भी डाल सकते हैं। आधा कप पके राजमा से 359 मिलीग्राम पोटैशियम मिलता है। सोया भी अच्छा स्रोत है। आधा कप कच्ची हरी सोयाबीन में 338 मिलीग्राम और आधा कप सोयाबीन में 443 मिलीग्राम पोटैशियम मिल सकता है।
पोटैशियम का सितारा है पालक : एक कप पकी पालक में 839 मिलीग्राम तक पोटैशियम होता है, साथ में आयरन भी। इसे पालक पनीर, स्मूदी या ग्रेवी में खा सकते हैं। वहीं, छिलके समेत भुना हुआ एक मध्यम आकार का आलू करीब 926 मिलीग्राम पोटैशियम देता है। इसमें फाइबर और विटामिन-सी भी होता है, पर इसे संयम से खाएं, क्योंकि इससे भोजन में कैलोरी बढ़ सकती है।
(यह सामान्य जानकारी है, चिकित्सकीय सलाह नहीं। किसी रोग की स्थिति में आहार बदलने से पहले चिकित्सक की सलाह जरूर लें।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।