विज्ञापन
Home› Sehat Tola› Icmr Survey Reports Lower Anaemia Prevalence Severe Cases Below 2 Per Cent

सेहत टोला: आईसीएमआर के सर्वे में गंभीर एनीमिया 2 फीसदी से कम, मामलों में कमी के संकेत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 23 Nov 2026 08:32 PM IST
सार

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एसएएमपीएडीए 2023-2025 सर्वेक्षण में पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में एनीमिया का प्रसार कम पाया गया है। हालांकि, प्रजनन आयु की 56 फीसदी महिलाओं और 12-59 महीने के 42 फीसदी बच्चों में एनीमिया दर्ज किया गया।

सर्वेक्षण में रक्त के नमूने लेकर स्वचालित विश्लेषक उपकरणों की मदद से हीमोग्लोबिन का आकलन किया गया।
सर्वेक्षण में रक्त के नमूने लेकर स्वचालित विश्लेषक उपकरणों की मदद से हीमोग्लोबिन का आकलन किया गया। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के नए राष्ट्रीय सर्वेक्षण में एनीमिया के मामलों में पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में कमी दर्ज की गई है। सर्वेक्षण के मुताबिक, अधिकांश आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया का प्रसार 2 फीसदी से कम रहा। आईसीएमआर ने सर्वे फॉर असेसमेंट ऑफ मार्कर्स ऑफ पॉपुलेशन हेल्थ, एक्टिविटी, डाइट एंड एंथ्रोपोमेट्री (एसएएमपीएडीए) 2023-2025 के प्रमुख निष्कर्ष जारी किए हैं।

दो लाख से अधिक लोगों पर किया गया सर्वे
यह सर्वे स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के तहत किया गया। इसमें 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों के 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया। हीमोग्लोबिन की जांच के लिए 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया।

सर्वेक्षण में रक्त के नमूने लेकर स्वचालित विश्लेषक उपकरणों की मदद से हीमोग्लोबिन का आकलन किया गया। एक उप-नमूने में आयरन, फोलेट, विटामिन बी12 और सूजन से जुड़े जैव संकेतकों की भी जांच की गई।

महिलाओं और बच्चों में एनीमिया का प्रसार अधिक
सर्वे के मुताबिक, 12 से 59 महीने के बच्चों में एनीमिया का प्रसार 42 फीसदी रहा। 10 से 19 वर्ष की किशोरियों में यह 46 फीसदी और किशोर लड़कों तथा 20 से 59 वर्ष के पुरुषों में 22-23 फीसदी रहा।

प्रजनन आयु की महिलाओं में एनीमिया का प्रसार 56 फीसदी दर्ज किया गया। सर्वेक्षण में पाया गया कि एनीमिया के अधिकांश मामले हल्के स्तर के हैं। किशोर लड़कों, वयस्क पुरुषों और बुजुर्ग पुरुषों में एनीमिया का प्रसार अपेक्षाकृत कम है और प्रभावित लोगों में करीब तीन-चौथाई को हल्का एनीमिया है।

आधे मामलों में आयरन की कमी प्रमुख कारण
सर्वेक्षण के अनुसार, महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के करीब आधे मामलों के लिए आयरन की कमी जिम्मेदार है। हालांकि, संक्रमण, हीमोग्लोबिन संबंधी आनुवंशिक विकार और पुरानी बीमारियों से जुड़ी सूजन जैसे अन्य कारण भी महत्वपूर्ण हैं।

विटामिन बी12 और फोलेट की कमी एनीमिया से प्रभावित और अप्रभावित लोगों में लगभग समान पाई गई। आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि सर्वे के निष्कर्ष एनीमिया मुक्त भारत अभियान को मजबूत करने में मदद करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन