Home›Sehat Tola›
Rural Healthcare Insurance Coverage In Villages Rises To 45 5 Under Ayushman Bharat
ग्रामीण स्वास्थ्य : आयुष्मान भारत से गांवों में बीमा कवरेज बढ़कर 45.5%, संस्थागत प्रसव 95.6%, सर्वे में खुलासा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 29 Apr 2026 04:08 PM IST
सार
Rural Health: गांवों में जहां रोगों का पैटर्न बदल रहा है, वहीं स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होने से ग्रामीणों को सस्ता और बेहतर इलाज सुलभ हो रहा है। आयुष्मान भारत के चलते स्वास्थ्य बीमा कवरेज बढ़कर 45.5% हो गया है, तो संस्थागत प्रसव के मामले भी बढ़कर 95.6% हो गए हैं।
गांवों में संक्रामक बीमारियों में कमी आई है, जबकि मधुमेह और हृदय रोग जैसी गैर-संक्रामक बीमारियां बढ़ रही हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (Ayushman Bharat Pradhan Mantri Jan Arogya Yojana) जैसी योजनाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य बीमा कवरेज 12.9% से बढ़कर 45.5% तक पहुंच गया है। इससे गरीब और कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के 80वें दौर के सर्वे में यह खुलासा हुआ है।
गांवों में रोगों के पैटर्न में दिखा बदलाव
संक्रामक बीमारियों में कमी आई है, जबकि मधुमेह और हृदय रोग जैसी गैर-संक्रामक बीमारियां बढ़ रही हैं, जो जीवनशैली में बदलाव का संकेत है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार
ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव 90.5% से बढ़कर 95.6% तक पहुंच गया है, जो सुरक्षित मातृत्व की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
सर्वे से पता चला है कि खासकर ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और सस्ती इलाज व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। इससे न सिर्फ लोगों का आर्थिक बोझ घटा है, बल्कि देश की उत्पादकता, श्रम क्षमता और समग्र आर्थिक विकास पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के ताजा सर्वे के अनुसार, देशभर में - खासतौर पर गांवों में - स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सर्वे में 1.39 लाख से अधिक परिवारों को शामिल किया गया, जिससे जमीनी स्तर की स्पष्ट तस्वीर सामने आई है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली पर बढ़ा भरोसा
गांवों में सरकारी अस्पतालों के उपयोग में बढ़ोतरी से निजी खर्च में कमी आई है और भरोसा मजबूत हुआ है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (Ministry of Health and Family Welfare) के अनुसार, वर्षों से स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ते सार्वजनिक निवेश के कारण प्राथमिक, माध्यमिक और तृतीयक स्तर पर ढांचे का विस्तार हुआ है। इससे गांवों में भी इलाज की सुविधाएं बेहतर हुई हैं।
गांवों में इलाज सस्ता, आर्थिक बोझ कम
सर्वे के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती होने पर औसत निजी खर्च 11,285 रुपये के आसपास है, लेकिन आधे से अधिक मामलों में खर्च कम रहता है। सरकारी अस्पतालों में आधे से अधिक मामलों में भर्ती का खर्च करीब 1,100 रुपये ही है, जबकि बाह्य रोगी सेवाओं में बड़ी संख्या में लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है।
मुफ्त दवा और जांच योजनाओं का असर
सरकार की मुफ्त दवा और मुफ्त जांच पहल ने दूर-दराज के गांवों तक लोगों को राहत पहुंचाई है। देशभर में 1.84 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों के करीब पहुंचाया है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
स्वास्थ्य खर्च घटने से ग्रामीण परिवारों की बचत बढ़ेगी, जिससे खपत और निवेश में वृद्धि होगी। स्वस्थ आबादी अधिक कार्यक्षम होगी, जिससे कृषि और ग्रामीण उद्योगों की उत्पादकता बढ़ेगी। कम स्वास्थ्य खर्च का सीधा असर गरीबी घटाने में दिखेगा, खासकर निचले आय वर्ग में।
यह सर्वे दर्शाता है कि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, सस्ती दरें और बीमा कवरेज तेजी से बढ़ा है। इसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक समानता और मानव संसाधन विकास पर पड़ेगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।