Home›Sehat Tola›
Pcos Women Should Not Ignore These Signs Hormonal Imbalance Can Become Serious Disease
PCOS: महिलाएं नजरअंदाज न करें ये संकेत, हार्मोनल असंतुलन बन सकता है बड़ी बीमारी
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 29 Mar 2026 05:31 PM IST
सार
मासिक धर्म की अनियमिता, बढ़ता वजन और चेहरे पर अनचाहे बाल शरीर के भीतर अंत:स्रावी असंतुलन के संकेत हो सकते हैं। बदलती जीवनशैली के कारण महिलाएं इस समस्या की चपेट में तेजी से आ रही हैं। इस विकार की पहचान और समय पर बचाव जरूरी है।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई महिलाएं पीरियड्स की अनियमितता, अचानक बढ़ते वजन या चेहरे पर अनचाहे बालों को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देती हैं। लेकिन ये संकेत शरीर में हो रहे हार्मोनल असंतुलन की ओर इशारा कर सकते हैं। पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस) ऐसी ही एक आम लेकिन गंभीर स्थिति है, जो महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी संपूर्ण सेहत को प्रभावित कर सकती है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हयात अंजुम खान के अनुसार, यह हार्मोन से जुड़ी एक बीमारी है, जो आमतौर पर 15 से 45 वर्ष की उम्र के बीच यानी प्रजनन आयु में देखने को मिलती है। बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण यह समस्या पहले से ज्यादा आम होती जा रही है। यदि समय पर इसका पता न चले, तो यह आगे चलकर गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकती है।
क्या होता है पीसीओएस
सामान्य तौर पर हर महीने महिला की ओवरी (अंडाशय) से एक परिपक्व अंडा निकलता है, जिसे ओव्यूलेशन कहा जाता है। लेकिन पीसीओएस की स्थिति में ओवरी में कई छोटे-छोटे सिस्ट (पानी से भरी थैलियां) बन जाते हैं। इन सिस्ट में मौजूद अंडे पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते और समय पर बाहर नहीं निकलते। इसके कारण मासिक धर्म अनियमित हो जाता है और गर्भधारण में कठिनाई आ सकती है। यह समस्या केवल पीरियड्स तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे हार्मोनल संतुलन को बिगाड़ देती है।
ऐसे पहचानें लक्षण
पीसीओएस के लक्षण हर महिला में अलग हो सकते हैं, लेकिन कुछ सामान्य संकेत इस प्रकार हैं:
पीरियड्स का अनियमित होना या साल में बहुत कम बार आना।
मासिक धर्म के बीच 35 दिन से अधिक का अंतराल होना।
बहुत लंबे समय तक चलने वाले पीरियड्स।
गर्भधारण में परेशानी (बांझपन)।
चेहरे, छाती या शरीर पर अनचाहे बालों का आना (हिरसुटिज्म)।
गंभीर मुंहासे और बालों का अत्यधिक झड़ना।
पुरुषों की तरह सिर के बाल कम होना (गंजापन)।
अचानक वजन बढ़ना।
अल्ट्रासाउंड जांच में ओवरी सामान्य से बड़ी दिखाई दे सकती है और उसमें कई छोटे सिस्ट नजर आ सकते हैं। मोटापा होने पर ये लक्षण और अधिक गंभीर हो सकते हैं।
क्यों होती है यह समस्या?
इंसुलिन रेजिस्टेंस इसका एक बड़ा कारण माना जाता है। इंसुलिन वह हार्मोन है, जो शरीर में शुगर को ऊर्जा में बदलता है। जब शरीर इंसुलिन का सही उपयोग नहीं कर पाता, तो ब्लड शुगर बढ़ने लगती है और शरीर प्रतिक्रिया स्वरूप अधिक इंसुलिन बनाने लगता है। इससे पुरुष हार्मोन 'एंड्रोजन' का स्तर बढ़ सकता है, जो ओव्यूलेशन की प्रक्रिया को बाधित करता है। इसके अलावा, आनुवंशिक कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं; यदि परिवार में किसी महिला को पीसीओएस है, तो अन्य सदस्यों में इसका खतरा बढ़ जाता है। शरीर में हल्की लेकिन लंबे समय तक रहने वाली सूजन (इन्फ्लेमेशन) भी एंड्रोजन स्तर को बढ़ा सकती है।
इलाज न होने पर बढ़ेगा खतरा
अगर पीसीओएस का इलाज समय पर न किया जाए, तो कई गंभीर समस्याएं जन्म ले सकती हैं, जिसमें बांझपन (Infertility) शामिल है। गर्भावस्था के दौरान डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। गर्भपात का होने का खतरा भी बढ़ जाता है। टाइप-2 डायबिटीज और फैटी लिवर की समस्या भी हो सकती है। मेटाबोलिक सिंड्रोम और अनिद्रा की चुनौती खड़ी हो सकती है। डिप्रेशन और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। गर्भाशय की अंदरूनी परत का कैंसर (एंडोमेट्रियल कैंसर) का खतरा भी बढ़ जाता है। मोटापा इन जटिलताओं के जोखिम को और भी बढ़ा देता है।
सही समय पर करें बचाव
यदि आपके पीरियड्स अनियमित हैं, गर्भधारण में परेशानी हो रही है, या चेहरे पर अचानक बाल और मुंहासे बढ़ गए हैं, तो तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। शुरुआती जांच और इलाज से भविष्य की गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। पीसीओएस को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता, लेकिन इसे नियंत्रित किया जा सकता है।
इसके लिए जीवनशैली में बदलाव सबसे प्रभावी है। संतुलित और पौष्टिक आहार लें, नियमित व्यायाम करें, वजन को नियंत्रित रखें और डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं का नियमित सेवन करें। समय पर पहचान, सही उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर महिलाएं पीसीओएस के बावजूद सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकती हैं। जागरूकता और नियमित हेल्थ चेकअप ही इससे बचाव का सबसे बेहतर तरीका है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।