विज्ञापन
Home› Sehat Tola› Changing Weather Warning Bell Dont Take Colds Lightly Could Sign Of Serious Illness

बदलता मौसम खतरे की घंटी : सर्दी-जुकाम को हल्के में न लें, हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 09 Feb 2026 05:50 PM IST
सार

अक्सर लोग सर्दी-जुकाम और खांसी को मामूली वायरल संक्रमण समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कई मामलों में यही लक्षण निमोनिया, दमा, टीबी या अन्य गंभीर बीमारियों की शुरुआती चेतावनी हो सकते हैं। खासकर सर्दियों में बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह समस्या ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है, इसलिए समय पर पहचान और इलाज बेहद जरूरी है।
 

सर्दी-जुकाम को हल्के में न लें, हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत
सर्दी-जुकाम को हल्के में न लें, हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदलता मौसम ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य के लिहाज से चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ठंड, नमी, धुआं, साफ पानी की कमी और सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण कई बीमारियां इस मौसम में तेजी से फैलती हैं। सर्दी-जुकाम, खांसी, फ्लू, निमोनिया, दमा, टीबी, त्वचा रोग, जोड़ों का दर्द, दस्त और डिहाइड्रेशन जैसी बीमारियां आम हो जाती हैं। अलाव, उपले और लकड़ी के धुएं से सांस संबंधी रोग बढ़ जाते हैं। 

बुजुर्गों और बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। ऐसे में निमोनिया, ब्रोंकाइटिस, फ्लू, दस्त और डिहाइड्रेशन उनके लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। बच्चों में सांस तेज चलना या छाती का अंदर धंसना खतरे का संकेत है। दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पातल में मेडिसिन विभाग के सीएमओ डॉ. मोहम्मद नदीम कहते हैं कि समय पर सावधानी और जागरूकता से इन बीमारियों से बचा जा सकता है।

क्या सर्दी-जुकाम हमेशा वायरल होता है?
अधिकतर मामलों में सर्दी-जुकाम और खांसी वायरल संक्रमण से होती है, लेकिन कई बार यह गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकती है। लंबे समय तक खांसी रहना, तेज बुखार, सांस फूलना निमोनिया, बैक्टीरियल इंफेक्शन, दमा, सीओपीडी या टीबी की ओर इशारा कर सकता है। ठंडी हवा सांस की नलियों को सिकोड़ देती है, जिससे खांसी, सीटी जैसी आवाज और सांस फूलने की समस्या होती है। सर्दियों में वायरस ज्यादा समय तक जीवित रहते हैं। साथ ही घरों में दरवाजे-खिड़कियां बंद रहने से हवा का आवागमन कम होता है और संक्रमण तेजी से फैलता है।

ब्लड प्रेशर और हार्ट से जुड़ी समस्याएं 
सर्दियों में बुजुर्गों में ब्लड प्रेशर और हार्ट से जुड़ी समस्याएं बढ़ने का खतरा रहता है। ठंड के मौसम में रक्त नलिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे रक्त संचार प्रभावित होता है और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। इससे हृदय को अधिक मेहनत करनी पड़ती है, जो हार्ट अटैक या स्ट्रोक का जोखिम बढ़ा देता है। इसके अलावा सर्दियों में प्यास कम लगने से लोग पानी कम पीते हैं और नमक व तले-भुने भोजन का सेवन बढ़ जाता है, जिससे शरीर में पानी की कमी और कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। इसलिए बुजुर्गों को सर्दियों में नियमित दवाएँ, संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और गर्म कपड़ों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

शुरुआती लक्षण जिन्हें नजरअंदाज नहीं करें
बुखार, लगातार खांसी, सांस का तेज चलना, छाती में भारीपन या दर्द, अत्यधिक थकान, सुस्ती और भूख न लगना निमोनिया के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। ग्रामीण इलाकों में इन्हें अक्सर साधारण सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। ठंड के मौसम में ठंडी हवा, धुआं और प्रदूषण संक्रमण को और बढ़ा देते हैं। इसलिए समय पर सावधानी बेहद जरूरी है। ठंडी हवा और अलाव के धुएं से बचें, सर्दी-खांसी को हल्के में न लें, घर को साफ और हवादार रखें। साथ ही पोषणयुक्त भोजन करें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं नियमित रूप से लें, ताकि निमोनिया से होने वाले गंभीर खतरे से बचा जा सके।

बचाव ही सुरक्षा
सर्दियों में बीमारियों से बचाव के लिए ठंड से अच्छी तरह बचाव करें, गर्म कपड़े पहनें और धुएं से दूरी बनाए रखें। साफ और गुनगुना पानी पिएं, पौष्टिक व संतुलित भोजन लें और हाथों की नियमित सफाई करें। बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। घर में कोई व्यक्ति बीमार हो जाए तो उसे अलग रखें, खांसी-छींकते समय मुंह ढकें, तौलिया व बर्तन अलग रखें और घर में हवा का उचित आवागमन बनाए रखें। यदि तेज बुखार, सांस लेने में दिक्कत, लगातार या खून की खांसी, बच्चे का दूध-खाना छोड़ना, अत्यधिक सुस्ती या सीने में दर्द हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

 
विज्ञापन
विज्ञापन