राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति, सजे-धजे ऊंट, लोकगीतों की गूंज और पारंपरिक पकवानों का स्वाद लेना चाहते हैं, तो पुष्कर मेला आपके लिए शानदार मौका है। राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में हर साल लगने वाला मशहूर पशु मेला इस बार 17 नवंबर से शुरू हो गया है। आठ दिनों तक चलने वाला यह मेला 24 नवंबर 2026 तक चलेगा।
पुष्कर मेला सिर्फ ऊंटों और पशुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है। यहां राजस्थान की लोकसंस्कृति, खानपान, संगीत, नृत्य और धार्मिक परंपराओं की झलक एक ही जगह देखने को मिलती है। मेले में सजे-धजे ऊंटों की परेड से लेकर मूंछों और पगड़ी बांधने की प्रतियोगिताएं तक पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहती हैं। अगर आप भी इस साल पुष्कर मेले में जाने की योजना बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं यहां क्या-क्या देखने और घूमने का मौका मिलेगा।
पुष्कर पशु मेला
- फोटो : सोशल मीडिया
क्यों लगता है पुष्कर मेला? जानिए इसकी खास वजह
पुष्कर मेले की शुरुआत पशुओं के पारंपरिक व्यापार से हुई थी। राजस्थान के अलग-अलग इलाकों से किसान, पशुपालक और घुमंतू समुदाय के लोग यहां ऊंट, घोड़े और दूसरे मवेशियों की खरीद-बिक्री के लिए आते थे। धीरे-धीरे यह पशु मेला एक बड़े सांस्कृतिक आयोजन में बदल गया। आज यहां देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी पर्यटक पहुंचते हैं।
इस मेले का धार्मिक महत्व भी है। इसका आयोजन कार्तिक महीने की पूर्णिमा के आसपास होता है। इस दौरान श्रद्धालु पुष्कर सरोवर में पवित्र स्नान करने पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर यहां स्नान करने से पुण्य मिलता है और पापों से मुक्ति मिलती है। यही वजह है कि पुष्कर मेले में पशु व्यापार, लोकसंस्कृति और धार्मिक आस्था का अनोखा संगम देखने को मिलता है।
पुष्कर मेले में क्या-क्या देखें और करें?
अगर आप पहली बार पुष्कर मेले में जा रहे हैं, तो यहां घूमने और अनुभव करने के लिए कई दिलचस्प चीजें हैं।
सजे-धजे ऊंटों की परेड देखना न भूलें
पुष्कर मेले की पहचान यहां के ऊंट हैं। मेले में ऊंटों को रंग-बिरंगे कपड़ों, गहनों और पारंपरिक सजावट से तैयार किया जाता है। उनकी खूबसूरती देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यहां आप ऊंटों की परेड देख सकते हैं और पशुपालकों से उनके बारे में जानकारी भी ले सकते हैं। सजे हुए ऊंटों के साथ तस्वीरें खिंचवाना भी पर्यटकों के लिए खास अनुभव होता है।
कालबेलिया नृत्य
- फोटो : सोशल मीडिया
घूमर और कालबेलिया जैसे लोकनृत्यों का आनंद लें
राजस्थान की लोकसंस्कृति को करीब से देखना चाहते हैं, तो मेले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम जरूर देखें। यहां घूमर, भवई और चरी जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहती हैं।लोक कलाकार पारंपरिक वाद्ययंत्रों और गीतों के जरिए राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और रोजमर्रा के जीवन की झलक दिखाते हैं। रंग-बिरंगे परिधानों में कलाकारों का नृत्य मेले के माहौल को और खास बना देता है।
मूंछों और पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता में लें मजा
पुष्कर मेले में सिर्फ पशु और सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि कई मजेदार प्रतियोगिताएं भी होती हैं। यहां सबसे लंबी मूंछों की प्रतियोगिता और पगड़ी बांधने की चुनौती पर्यटकों का ध्यान खींचती है।इसके अलावा मटके को संतुलित करके दौड़ने जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। कुछ आयोजनों में विदेशी पर्यटक भी हिस्सा लेते हैं। गिल्ली-डंडा, लंगड़ी टांग और सितोलिया जैसे पारंपरिक खेल भी मेले की रौनक बढ़ाते हैं।
पुष्कर सरोवर में स्नान और मंदिरों के दर्शन करें
पुष्कर की पहचान सिर्फ मेले से नहीं, बल्कि इसके धार्मिक महत्व से भी है। यहां स्थित पुष्कर सरोवर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरोवर में स्नान करने से पुण्य मिलता है। शाम के समय सरोवर के घाटों पर होने वाली महाआरती का नजारा भी देखने लायक होता है। घंटियों की आवाज, मंत्रों का जाप और जलते दीपक पूरे वातावरण को भक्तिमय बना देते हैं। इसके अलावा आप यहां ब्रह्मा मंदिर, वराह मंदिर और रंगजी मंदिर के दर्शन भी कर सकते हैं।
राजस्थानी खाने का स्वाद चखें
पुष्कर घूमने जाएं और राजस्थानी खाने का स्वाद न चखें, ऐसा कैसे हो सकता है? मेले में जगह-जगह खाने-पीने की दुकानें मिलती हैं। यहां आप दाल-बाटी-चूरमा, खस्ता कचौड़ी और पानीपुरी का स्वाद ले सकते हैं। मीठा खाने के शौकीन हैं, तो मालपुआ-रबड़ी और कलाकंद जरूर आजमाएं। स्थानीय पकवानों का स्वाद आपकी यात्रा को और यादगार बना सकता है।
स्थानीय बाजारों से खरीदें यादगार चीजें
अगर आपको घूमने के साथ खरीदारी करना भी पसंद है, तो पुष्कर के स्थानीय बाजारों में जरूर जाएं। यहां रंग-बिरंगे कपड़े, चांदी के गहने, पारंपरिक हस्तशिल्प, चमड़े से बने सामान और बोहेमियन स्टाइल के कपड़े मिलते हैं। पुष्कर गुलाब से बने उत्पादों के लिए भी जाना जाता है। यहां से आप गुलाब जल और दूसरे स्थानीय उत्पाद खरीद सकते हैं। ये चीजें यात्रा की याद के तौर पर घर ले जाने के लिए अच्छी रहेंगी।
मेले के अलावा पुष्कर में इन 5 जगहों की भी करें सैर
- फोटो : सोशल मीडिया
मेले के अलावा पुष्कर में इन 5 जगहों की भी करें सैर
पुष्कर आएं तो सिर्फ मेला देखकर वापस न लौटें। यहां कई ऐसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल हैं, जहां घूमना आपकी यात्रा को और खास बना सकता है।
1. ब्रह्मा मंदिर
पुष्कर का ब्रह्मा मंदिर भगवान ब्रह्मा को समर्पित प्रमुख मंदिरों में से एक है। इसकी लाल रंग की ऊंची शिखर संरचना और संगमरमर का निर्माण पर्यटकों को आकर्षित करता है। धार्मिक आस्था रखने वालों के लिए यह खास जगह है।
2. पुष्कर सरोवर
पुष्कर सरोवर के चारों ओर 52 घाट बने हुए हैं। यह धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। सुबह और शाम यहां का वातावरण काफी शांत और सुंदर होता है। शाम की आरती देखना न भूलें।
3. मान महल
पुष्कर सरोवर के किनारे स्थित मान महल का निर्माण राजा मान सिंह प्रथम ने शाही विश्राम स्थल के रूप में करवाया था। इसकी पारंपरिक वास्तुकला, बालकनी और झील का खूबसूरत नजारा पर्यटकों को आकर्षित करता है।
4. सावित्री मंदिर
रत्नागिरी पहाड़ी पर स्थित सावित्री मंदिर से पूरे पुष्कर शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। यहां पहुंचने के लिए 500 से अधिक सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। चाहें तो रोपवे से भी मंदिर तक जा सकते हैं। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा खास होता है।
5. वराह मंदिर
भगवान विष्णु के वराह अवतार को समर्पित यह ऐतिहासिक मंदिर अपनी सुंदर नक्काशी और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है। मंदिर में स्थापित प्रतिमा और इसकी पारंपरिक बनावट देखने लायक है।
पुष्कर मेला राजस्थान को करीब से जानने और उसकी परंपराओं को महसूस करने का शानदार मौका है। यहां एक तरफ सजे-धजे ऊंट और लोक कलाकार आपका स्वागत करते हैं, तो दूसरी तरफ मंदिरों की घंटियां और सरोवर की आरती सुकून देती हैं। अगर आप नवंबर में राजस्थान घूमने की योजना बना रहे हैं, तो पुष्कर को अपनी यात्रा में जरूर शामिल करें।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।