प्याज के बीज उत्पादन से सरसों की खेती तक किसान उपज बढ़ाने के लिए 5 से 10 हजार रुपये किराया देकर मधुमक्खियों की पेटियां अपने खेतों में रखवाते हैं। नासिक स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. नितिन ठोके बताते हैं, उत्पादन बढ़ाने के लिए परागण महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
फूलों के परागकण एक फूल से दूसरे फूल तक पहुंचते हैं, तभी फल और बीज सही तरीके से बनते हैं। मधुमक्खियां ये काम बखूबी करती हैं। जब वे फूलों का रस चूसती हैं, तब अनजाने में एक फूल के पराग कण दूसरे फूलों तक पहुंचा देती हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बढ़ जाते हैं।
प्याज की खेती में मधुमक्खियां सहायक
महाराष्ट्र में प्याज का बीज उत्पादन किसानों की आय का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लेकिन, प्याज के फूलों में प्राकृतिक रूप से पर्याप्त परागण नहीं हो पाता। ऐसे में मधुमक्खियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डॉ. नितिन ठोके बताते हैं, जिन खेतों में मधुमक्खी के बक्से रखे जाते हैं, वहां प्याज के बीज की अंकुरण क्षमता 80-85 प्रतिशत तक देखी गई है, जबकि बिना मधुमक्खियों वाले खेतों में यह क्षमता कम पाई गई। किसानों का अनुभव है कि मधुमक्खियों की मौजूदगी से बीज का आकार बेहतर होता है, जिसकी बाजार में अच्छी कीमत मिलती है। यही कारण है कि अब कई किसान प्याज की खेती के साथ मधुमक्खी पालन भी कर रहे हैं।
अनार और सरसों में भी मिलता है लाभ
अनार के फूल झड़ना किसानों की सबसे बड़ी समस्या है। पेड़ पर फूल बहुत आते हैं, लेकिन फल कम बनते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसका एक प्रमुख कारण कमजोर परागण है। मधुमक्खियां लगातार फूलों पर बैठती हैं, जिससे फल बनने की प्रक्रिया तेज होती है और अनार का उत्पादन तथा गुणवत्ता दोनों सुधरते हैं। आम, लीची, तरबूज, खरबूज, ककड़ी और टमाटर जैसी फसलें भी मधुमक्खियों पर निर्भर हैं।
सरसों की खेती में भी मधुमक्खियों की भूमिका अहम है। जिन खेतों में मधुमक्खियां अधिक होती हैं, वहां फलियां ज्यादा बनती हैं और दाने मजबूत होते हैं। कई शोध बताते हैं कि मधुमक्खियों के कारण सरसों की उपज में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है।
इसलिए घट रही हैं मधुमक्खियां
कुछ वर्षों पहले तक गांवों और खेतों में प्रायः दिखने वाले मधुमक्खियों के छत्तों की संख्या कम हो रही है। कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग, फूलदार पेड़ों की कटाई, जलवायु परिवर्तन, रासायनिक खेती और खेतों में जैव विविधता की कमी को इसके लिए जिम्मेदार माना जाता है। विशेषज्ञ बताते हैं, दिन में दवाओं का छिड़काव मधुमक्खियों को अधिक नुकसान पहुंचाता है। दिन में मधुमक्खियां फूलों पर सबसे अधिक सक्रिय रहती हैं, जो जहरीले रसायनों के संपर्क से मर जाती हैं।
मधुमक्खियां खत्म हो गईं तो क्या होगा
अमेरिका की पर्यावरण संस्था एनआरडीसी (नेचुरल रिसोर्सेस डिफेंस काउंसिल) के अनुसार, दुनिया की लगभग एक-तिहाई खाद्य फसलें मधुमक्खियों पर निर्भर हैं। मधुमक्खियां खत्म हो गईं तो फल, सब्जियां और तिलहन फसलों का उत्पादन घट सकता है। मधुमक्खियों के बिना खाद्य संकट और महंगाई दोनों बढ़ सकती हैं। मधुमक्खियां केवल शहद बनाने वाले जीव नहीं, बल्कि पूरी खाद्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं।
डंक रहित मधुमक्खी का बढ़ता महत्व
डंक रहित मधुमक्खी को महाराष्ट्र में 'कोती' कहा जाता है। यह इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाती और छोटे फूलों में भी आसानी से पहुंच जाती है। इसका शहद औषधीय गुणों के कारण बेहद महंगा बिकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में यह ग्रामीण युवाओं के लिए बड़े रोजगार का जरिया बन सकती है।
ग्रामीण युवाओं के लिए नया स्टार्टअप
मधुमक्खी पालन कम लागत वाला व्यवसाय है, जिसे किसान और युवा छोटे स्तर से शुरू कर सकते हैं। इससे फसल उत्पादन बढ़ने के साथ शहद, मोम, प्रोपोलिस की बिक्री और परागण सेवाओं व बॉक्स किराये पर देने से अतिरिक्त आय मिलती है। राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड और कृषि विज्ञान केंद्र इसके लिए प्रशिक्षण व सहायता भी उपलब्ध कराते हैं।
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के जून 2026 अंक में प्रकाशित किया गया है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।