विज्ञापन
Home› Misal Bemisal› Vishesh› Maharashtra Onion Crisis Onion Production Rabi Season Onions Onion Msp Minimum Support Price Onion Price

ONION MSP: प्याज पर एमएसपी किसानों को राहत देने के बजाय कैसे बढ़ा सकती है उनकी मुश्किलें? जानिए...

पंकज प्रकाश जोशी, वरिष्ठ कृषि पत्रकार, नासिक Published by: Umashankar Mishra Updated Sat, 10 Jan 2026 05:10 PM IST
सार

महाराष्ट्र में प्याज के खेतों में बंपर फसल की खुशी नुकसान की कड़वाहट में बदल गई है। लागत से कम भाव, स्टोरेज की कमी और निर्यात प्रतिबंधों ने इस मुश्किल को और बढ़ा दिया है। ऐसे में, राज्य के किसान संगठन प्याज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग कर रहे हैं। 

किसान संगठन प्याज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग कर रहे हैं।
किसान संगठन प्याज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग कर रहे हैं। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र, जो भारत के कुल प्याज उत्पादन में लगभग 40 प्रतिशत का योगदान देता है, इन दिनों एक गंभीर संकट से जूझ रहा है। पिछले रबी सीजन (2024) के दौरान राज्य में 191 लाख टन प्याज का बंपर उत्पादन हुआ था, लेकिन बाजार में कीमतें उत्पादन लागत से भी नीचे चली गईं। प्याज का भंडारण करने वाले कई किसानों को या तो कम दाम पर अपनी उपज बेचनी पड़ी या भारी बारिश के कारण फसल खराब हो गई। इस निराशाजनक स्थिति के कारण कई किसान संगठन और किसान नेता अब सरकार से प्याज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग कर रहे हैं। हालांकि, यह मांग जितनी सीधी और आकर्षक लगती है, उतनी ही यह समस्याओं से भरी हुई है। 

अच्छे दाम की गारंटी नहीं है एमएसपी 
विशेषज्ञों का स्पष्ट मत है कि एमएसपी हमेशा ही कम भाव होता है। उदाहरण के लिए, जब मध्य प्रदेश में प्याज के लिए भावांतर योजना शुरू की गई थी, तब 8 रुपये प्रति किलो की दर से भुगतान किया गया। महाराष्ट्र में भी, यह उम्मीद कम है कि सरकार 10 रुपये प्रति किलो या 1000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक एमएसपी तय करेगी। यह दर अक्सर किसानों की बढ़ती उत्पादन लागत को पूरा करने के लिए अपर्याप्त होती है। यदि सरकार इस एमएसपी पर पूरी उपज खरीदने का निर्णय लेती है, तो वित्तीय और तार्किक बोझ भयावह होगा। सिर्फ रबी सीजन के 190 लाख टन प्याज को खरीदने के लिए ही सरकार को लगभग 1900 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। यह भी सिर्फ खरीद मूल्य है; इसके ऊपर भंडारण, परिवहन और प्रशासनिक लागतें अलग होंगी। व्यापारी, जो बाजार में कम कीमत होने पर एमएसपी पर खरीदने के लिए बाध्य नहीं होते, खरीद से पीछे हट जाएंगे, जिससे यह पूरा बोझ सरकार पर आ जाएगा।

खेत से खरीद केंद्र तक किसान का संघर्ष
एमएसपी खरीद प्रक्रिया किसानों के लिए एक नया सिरदर्द पैदा करती है। इसकी शुरुआत कागजी कार्रवाई और पंजीकरण से होती है। किसान को पहले अपने भूमि-अधिकार अभिलेख पर प्याज की फसल का रिकॉर्ड दर्ज कराना होगा। इसके बाद, जब सरकारी खरीद पोर्टल खुलेगा, तब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए पंजीकरण कराना पड़ेगा। यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जो कपास या दालों के मामले में पहले से ही किसानों को परेशान करती आई है।

गुणवत्ता (एफएक्यू) का फंदा भी किसानों को काफी परेशान करता है। सरकार केवल एफएक्यू (मानक औसत गुणवत्ता) ग्रेड का प्याज ही खरीदती है। एफएक्यू प्याज का मतलब है कि वह आकार में 45 एमएम से बड़ा होना चाहिए। उसमें अंकुर नहीं फूटे होने चाहिए। प्याज पर फफूंद या दाग नहीं होने चाहिए और वह समान आकार का होना चाहिए। किसान के कुल उत्पादन में केवल 50 फीसदी प्याज ही इन कड़े मानकों को पूरा कर पाता है। अगर प्याज को रखने में देरी होती है, तो उसमें अंकुर फूटने, काजली या फफूंद लगने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में, बाकी की 50 फीसदी प्याज किसानों को मजबूरन व्यापारियों को कम दाम पर बेचनी पड़ती है।

खरीद की मात्रा पर सरकार का नियंत्रण
महाराष्ट्र में प्रति एकड़ औसतन 100 से 150 क्विंटल प्याज उत्पादन होता है। लेकिन, किसानों को यह पता होना चाहिए कि सरकार खरीद की मात्रा पर भी सीमा लगा सकती है। उदाहरण के लिए, कपास में यह सीमा 3.32 क्विंटल प्रति एकड़ है। अगर प्याज के लिए भी सरकार ने सिर्फ 30 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा लगा दी तो शेष 70 क्विंटल से अधिक उपज किसान को फिर से व्यापारियों को बेचने पर मजबूर होगा, जिससे केवल व्यापारियों का ही लाभ होगा।

भ्रष्टाचार और सरकारी अव्यवस्था का संकट 
खरीद की जिम्मेदारी नाफेड और एनसीसीएफ जैसी संस्थाओं को दी जाती है, जिनकी कार्यप्रणाली पर पहले भी भ्रष्टाचार और कालाबाजारी के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। खरीद केंद्रों पर अक्सर अव्यवस्था का माहौल देखा गया है, जो किसानों की परेशानी को बढ़ा देता है। गोदामों की कमी, बारदाना (बोरी), स्टाफ या वजन काटने वाले उपकरणों की कमी भी चुनौती बन जाती है। कई बार खरीद केंद्र 8 से 15 दिनों तक बंद रहते हैं, जिससे किसानों की गाड़ियां बाहर खड़ी रहती हैं। इस अव्यवस्था के कारण भ्रष्टाचार पनपता है। जो किसान पैसे देता है, उसके माल का वजन पहले होता है। यहां तक कि सरकारी खरीद में मजदूरी का पैसा, जो सरकार किसान को देती है (47 रुपये प्रति क्विंटल), खरीद केंद्र पर वह अवैध रूप से 60 रुपये तक वसूला जाता है, जिससे किसान की लूट होती है। 

भाव गिराने का हथियार एमएसपी
महाराष्ट्र में स्वतंत्र भारत पार्टी के अध्यक्ष अनिल धनवट प्याज एमएसपी की एक और अनकही सच्चाई बताते हैं। वे कहते हैं कि एमएसपी खरीद का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि यह कई बार किसानों के हितों के खिलाफ इस्तेमाल होता है। जब किसान अपने अधिशेष प्याज के लिए अच्छे दाम की उम्मीद कर रहा होता है, तब सरकार द्वारा खरीदा गया यह स्टॉक (जिसे किसानों से सस्ते में खरीदा गया था) फिर से बाजार में उतार दिया जाता है। यह सरकारी हस्तक्षेप बाजार में भाव गिराने का काम करता है। इस तरह, एमएसपी किसानों को तात्कालिक राहत देने के बजाय लंबी अवधि में उनके बाजार मूल्य को दबाने का ही एक उपकरण बन जाता है। 

क्या हो किसानों की वास्तविक मांग? 
किसानों को एमएसपी की मांग को छोड़कर अपनी रणनीति बदलनी चाहिए। यह सारी समस्या तब शुरू होती है, जब प्याज को अच्छी कीमत मिलने की संभावना होती है, और सरकार हस्तक्षेप करती है। सरकार के हस्तक्षेप के हथियार हैं: 
  • प्याज निर्यात पर प्रतिबंध।  
  • स्टॉक सीमा लागू करना। 
  • न्यूनतम निर्यात शुल्क (एमईपी) बढ़ाना।
यदि ये सरकारी हस्तक्षेप समाप्त हो जाएं, तो किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मांग का लाभ मिलेगा। खाड़ी देशों जैसे बाजारों में प्याज की अच्छी मांग है। इसलिए, किसानों की एकमात्र और सबसे महत्वपूर्ण मांग प्याज को निर्यात प्रतिबंधों सहित भंडारण और अंतर्राज्यीय व्यापार से जुड़े सभी प्रकार के बाधाओं से मुक्त किया जाए। 

बाजार के फंदे में फंस सकते हैं किसान 
निवृत्ती न्याहारकर, महाराष्ट्र के एक प्रमुख प्याज किसान नेता हैं। उनका भी कहना यही है कि प्याज को एमएसपी देना व्यावहारिक नहीं होगा। वे कहते हैं कि प्याज में बहुत सारी वैरायटी होती हैं। इन वैरायटीज में भी आकार के अनुसार गोल्टी, गोल्टा, मध्यम (मीडियम), बड़ा गोला, सुपर गोला (60 एमएम से ऊपर) जैसे कई प्रकार होते हैं। निर्यात के समय कई देशों में गोल्टी यानी 25 से 30 एमएम प्याज की डिमांड होती है, तो उसके भाव बड़े या गोला प्याज से ज्यादा हो जाते हैं।

कई बाजारों में ऐसा होता है कि बड़े प्याज के दाम 1000 रुपये प्रति क्विंटल हैं और छोटे या गोल्टी प्याज के दाम डेढ़ हजार रुपये प्रति क्विंटल चल रहे होते हैं। ऐसे में, यह सवाल उठता है कि इस तरह की बाजार व्यवस्था में सरकार आखिर किस प्याज को एमएसपी देगी? अगर एफएक्यू दर्जे के प्याज को यानी बड़े प्याज को एमएसपी दी जाती है, तो छोटे प्याज, जिनकी निर्यात के लिए डिमांड ज्यादा है, उसका क्या होगा? क्या यह प्याज किसान को फिर कम दामों पर बेचना होगा? 

कागजी काम और भ्रष्टाचार का जाल
कुल मिलाकर, इन चर्चाओं से तो यही निष्कर्ष निकलता है कि प्याज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) किसानों का भला नहीं कर सकता; बल्कि यह कागजी कार्यवाही और भ्रष्टाचार का नया जाल ही साबित होगा। इसलिए, किसानों को अपने उत्पाद पर पूरी स्वतंत्रता और बेहतर अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य सुनिश्चित करने के लिए मुक्त व्यापार की मांग करनी चाहिए। 

(महाराष्ट्र के किसान संगठनों के नेताओं से चर्चा पर आधारित यह आलेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के दिसंबर 2025 अंक में प्रकाशित किया गया है।)
विज्ञापन
विज्ञापन