विज्ञापन
Home› Misal Bemisal› Vishesh› History 4000 Years Old Indian Mango Roots In Vedic Era Popularity Mughal Recognition World Due To Portuguese T

4000 साल पुराना भारत का आम : वैदिक युग तक जड़ें, मुगलकाल में लोकप्रियता, पुर्तगाली तकनीक से विश्व में पहचान

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 09 Jul 2025 07:34 PM IST
सार

भारत में आम केवल एक फल नहीं, बल्कि एक जीवित विरासत है। यह 4000 वर्षों से भारतीय जीवन, आस्था, कृषि, कला और खानपान का अभिन्न हिस्सा रहा है। जब हम आम का रस चखते हैं, तो वास्तव में हम इतिहास की उन मीठी परतों का स्वाद ले रहे होते हैं, जो हमारी संस्कृति को रसभरा बनाती हैं।
 

भारत में आमों का 4000 साल पुराना सांस्कृतिक इतिहास
भारत में आमों का 4000 साल पुराना सांस्कृतिक इतिहास - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में खाने-पीने की बात करें तो दो चीजें ऐसी हैं जिसकी दीवानगी लोगों में सिर चढ़कर बोलती है। पीने में चाय और खाने में आम। बात आम की करें तो यह फलों का राजा है। रसीले और अपने अलग-अलग अंदाज वाले इस फल को राजा की उपाधि ऐसे ही नहीं मिली है। यह भारतीय सभ्यता और संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा रहा है।

4000 वर्षों से भी अधिक पुराने इस फल की यात्रा भारतीय ग्रंथों, मिथकों, बागवानी परंपराओं और शाही भोजन तक फैली हुई है। यह सिर्फ एक फल नहीं बल्कि भारतीय समाज में प्रेम, समृद्धि और मिठास का प्रतीक है।

प्राचीन ग्रंथों में आम का उल्लेख
alphonsomango.co.uk की रिपोर्ट के मुताबिक, आम का सबसे पहला दस्तावेजी उल्लेख लगभग 2000 ईसा पूर्व वेदों और पुराणों में मिलता है। संस्कृत में इसे ‘अम्र’ या ‘रसाल’ कहा गया है, जो जीवन, उल्लास और आरोग्यता का प्रतीक था। उस समय आम न केवल भोजन का हिस्सा था, बल्कि धार्मिक अनुष्ठानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।

पौराणिक और धार्मिक महत्व
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, आम के पत्तों का उपयोग शुभ अवसरों पर द्वारों की सजावट में किया जाता है। एक कथा में वर्णन मिलता है कि भगवान शिव और माता पार्वती को उपहार में मिला आम उनके पुत्र कार्तिकेय को देना था। बौद्ध धर्म में, गौतम बुद्ध से जुड़ी कई कथाएं आम के पेड़ों के साथ जुड़ी हैं। कहा जाता है कि बुद्ध ने कई उपदेश आम के वृक्षों की छाया में दिए थे।
 
मुगल काल में मिली लोकप्रियता
मुगल काल में मिली लोकप्रियता - फोटो : AI Image
गुप्त युग में आम का शाही दर्जा
गुप्त साम्राज्य (320–550 ई.) के दौरान आम विलासिता और रॉयल्टी का प्रतीक बन गया। संस्कृत साहित्य में कालिदास जैसे कवियों ने आम की सुंदरता और स्वाद का गुणगान किया है। इस युग में आम की कई किस्मों का विकास हुआ जो आज भी लोकप्रिय हैं।

मुगल काल में लोकप्रियता
मुगल सम्राट, विशेष रूप से अकबर, आम के बड़े प्रशंसक थे। कहा जाता है कि उन्होंने दरभंगा (बिहार) के पास “लाखी बाग” में एक लाख आम के पेड़ लगवाए। मुगलों ने कलम और ग्राफ्टिंग जैसी बागवानी तकनीकों को अपनाकर अल्फांसो और दशहरी जैसी नई किस्मों को बढ़ावा दिया। मुगल खानपान में आम से बनी मिठाइयों, चटनियों और अचारों का प्रमुख स्थान था।
 
पुर्तगाली तकनीक से विश्व में पहचान
पुर्तगाली तकनीक से विश्व में पहचान - फोटो : AI Image
पुर्तगाली तकनीक से विश्व में पहचान
16वीं शताब्दी में पुर्तगालियों ने भारत में कलम लगाने की तकनीक को और सुधार किया। उन्होंने पश्चिमी दुनिया में आम को पहुंचाया और अफोंसो डी अल्बुकर्क के नाम पर ‘अल्फांसो’ आम विकसित हुआ, जो आज भी सर्वश्रेष्ठ किस्मों में से एक मानी जाती है।

समकालीन भारत और आम की मिठास
आज भारत आम उत्पादन में विश्व का अग्रणी देश है, जहां हर गर्मी का मौसम आमों के त्योहार जैसा होता है। आम रस, अचार, लस्सी, आम पन्ना और मिठाइयों में इसका विशेष स्थान है। आम के नाम पर बंगनपल्ली, लंगड़ा, हापुस, केसर, तोतापरी और चौसा जैसी सैकड़ों किस्में हैं।

आम का रूप, विशेष रूप से ‘पैस्ले डिजाइन’, पारंपरिक भारतीय वस्त्रों और कलाकृतियों में देखने को मिलता है। यह न केवल मिठास का, बल्कि सौंदर्य और शुभता का भी प्रतीक बन चुका है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन