Home›Misal Bemisal›Vishesh›
Dietary Supplements Nutraceuticals Global Nutraceuticals Market Global Dietary Supplements Market
न्यूट्रास्यूटिकल्स का साम्राज्य : स्वस्थ और सक्रिय जिंदगी जीने की चाहत से उभरा 350 अरब डॉलर का वैश्विक कारोबार
लेन मोनहाइट, सीईओ, इंडस्ट्री ट्रांसपेरेंसी सेंटर, शिकागो (अमेरिका)
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 17 Jan 2026 02:44 PM IST
सार
लंबी उम्र से ज्यादा, स्वस्थ और सक्रिय जीवन की चाहत ने दुनिया भर में न्यूट्रास्यूटिकल्स और डायटरी सप्लीमेंट्स की मांग को तेजी से बढ़ाया है। 350 अरब डॉलर से अधिक के वैश्विक बाजार के साथ यह सेक्टर पोषण और स्वास्थ्य के बीच की अहम कड़ी बन चुका है। अमेरिका की इस सेक्टर में सबसे बड़ी हिस्सेदारी है, वहीं भारत वर्ष 2035 तक न्यूट्रास्यूटिकल्स में 100 अरब डॉलर के बाजार का लक्ष्य लेकर तेजी से उभर रहा है।
स्वस्थ और संतुलित जीवन की चाहत से दुनिया भर में पूरक खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ी है।
- फोटो : गांव जंक्शन
स्वस्थ और संतुलित जीवन की चाहत से दुनिया भर में पूरक खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ी है। भारत में इस सेक्टर को न्यूट्रास्यूटिकल्स इंडस्ट्री कहा जाता है, जबकि अमेरिका जैसे देशों में डायटरी सप्लीमेंट्स या फूड सप्लीमेंट्स के नाम से जाना जाता है। इन उत्पादों का वैश्विक बाजार 350 अरब डॉलर से अधिक है, जिसमें औसतन 6 फीसदी की वार्षिक चक्रवृद्धि दर देखी गई है। इस सेक्टर में 25-30 फीसदी हिस्सेदारी सिर्फ अमेरिका की है। भारत ने भी वर्ष 2035 तक न्यूट्रास्यूटिकल्स का 100 अरब डॉलर का बाजार विकसित करने का लक्ष्य रखा है।
भारत ने भी वर्ष 2035 तक न्यूट्रास्यूटिकल्स का 100 अरब डॉलर का बाजार विकसित करने का लक्ष्य रखा है।
- फोटो : गांव जंक्शन
सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स
डायटरी सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स दोनों स्वास्थ्यवर्धक पूरक खाद्य उत्पाद हैं। इनमें एकल या मल्टी-विटामिन, खनिज तत्व, जड़ी-बूटियां, प्रोटीन, अमीनो एसिड, ओमेगा-3, प्रोबायोटिक्स, प्रीबायोटिक्स और को-एंजाइम क्यू10 शामिल हैं। ये रोगों के इलाज का दावा नहीं करते, बल्कि सामान्य स्वास्थ्य को सहारा देने के लिए जाने जाते हैं। टैबलेट्स, कैप्सूल या पाउडर के रूप में इनका सेवन किया जाता है। जबकि, न्यूट्रास्यूटिकल्स या पौष्टिक-औषध प्राकृतिक स्रोतों जैसे - जड़ी-बूटियां, फल-सब्जियां, अनाज और समुद्री जीवों से प्राप्त विशेष अर्क होते हैं। ये पोषण से आगे बढ़कर स्वास्थ्य लाभ, रोगों से बचाव और स्वास्थ्य रखरखाव में सहायक माने जाते हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट, पॉलीफेनॉल्स, फ्लेवोनॉइड्स, प्रोबायोटिक्स जैसे जैविक रूप से सक्रिय तत्व होते हैं। कर्क्यूमिन, रेसवेराट्रॉल, गार्लिक एक्सट्रैक्ट जैसे तत्व भी इनमें शामिल रहते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने और पुरानी बीमारियों (डायबिटीज, कैंसर, हृदय रोग) से बचाव में सहायक माने जाते हैं।
इन सभी तत्वों की प्रभावशीलता को लेकर पर्याप्त चिकित्सीय शोध उपलब्ध हैं।
डायटरी सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स स्वास्थ्य को मजबूती प्रदान करते हैं।
- फोटो : गांव जंक्शन
आखिर क्यों लेते हैं लोग पूरक आहार
सात देशों के 4,000 उपभोक्ताओं के सर्वे में सामने आया कि सप्लीमेंट्स लेने का मुख्य कारण बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवन जीने की चाहत है। डायटरी सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स दोनों आज पोषण और स्वास्थ्य सुधार की मजबूत कड़ी बन चुके हैं। हालांकि, इनके उपयोग के पीछे कारण विभिन्न देशों के अनुसार अलग-अलग हैं। जर्मनी में आहार की कमी को पूरा करने के लिए ये ज्यादा लिए जाते हैं, जबकि भारत में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह और किसी खास स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में लाभ पाने के लिए इनका सेवन अधिक होता है।
अलग-अलग नियामक दृष्टिकोण
विभिन्न देशों में इन पूरक खाद्य उत्पादों से जुड़े नियमों में भी भिन्नता है। अमेरिका जैसे देशों में अपेक्षाकृत उदार नीति है, जहां स्वास्थ्य दावों और खुराक पर कम सख्ती होती है। वहीं, यूरोप और लैटिन अमेरिका में स्वास्थ्य लाभ के दावों, खुराक और वैज्ञानिक प्रमाणों पर कड़ी पाबंदियां लागू हैं। भारत में इन उत्पादों का नियमन एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) करता है। भारत में इससे जुड़े नियम वर्ष 2006 में तैयार हुए और 2016 से लागू हैं। इसमें हेल्थ सप्लीमेंट्स, न्यूट्रास्यूटिकल्स, विशेष आहार वाले खाद्य उत्पाद, चिकित्सीय प्रयोजन के लिए खाद्य पदार्थ, औषधीय जड़ी-बूटियों युक्त उत्पाद, प्रोबायोटिक्स और प्रीबायोटिक्स युक्त खाद्य पदार्थ, तथा नवोन्मेषी खाद्य उत्पाद जैसी श्रेणियां शामिल हैं। अधिकांश श्रेणियां वैश्विक स्तर पर समान हैं, लेकिन विशेष चिकित्सीय प्रयोजन वाले खाद्य उत्पादों में अंतरराष्ट्रीय एकरूपता नहीं होने से इनकी सीधी तुलना नहीं हो पाती है।
विभिन्न देशों में इन पूरक खाद्य उत्पादों से जुड़े नियमों में भी भिन्नता है।
- फोटो : गांव जंक्शन
गुणवत्ता और मानक उत्पादन प्रक्रिया
दुनिया भर में इस बात पर आम सहमति देखने को मिलती है कि इन उत्पादों का उत्पादन उच्च गुणवत्ता वाले वातावरण में होना चाहिए। इसके लिए आमतौर पर मानक उत्पादन प्रक्रियाएं, जिन्हें सीजीएमपी (करंट गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस) कहा जाता है, अपनाई जाती हैं। इसके साथ ही, लगभग सभी मामलों में नियामक संस्थाएं ऐसे दावों की अनुमति नहीं देती हैं, जो किसी रोग की रोकथाम, इलाज या उपचार का संकेत देते हों।
उपभोक्ताओं का बढ़ता रुझान
डायटरी सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स की ओर बढ़ती रुचियों के पीछे कई उपभोक्ता रुझान देखने को मिलते हैं। इनमें दवाओं की बजाय प्राकृतिक स्रोतों को प्राथमिकता देना, हृदय रोगों एवं कैंसर जैसी जटिल बीमारियों में बढ़ोतरी, आयुर्वेद एवं आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों जैसी पारंपरिक पद्धतियों के प्रति लोगों का बढ़ता भरोसा, तथा जीवनशैली में बदलाव जैसे कारक शामिल हैं। इसमें लंबी उम्र के साथ ही 'हेल्थस्पैन' यानी सिर्फ जिंदगी के सालों की संख्या बढ़ने के बजाय उन सालों में स्वस्थ, सक्रिय, रोगमुक्त और गुणवत्तापूर्ण जीवन जीने की चाह भी शामिल है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।