Home›Misal Bemisal›Vishesh›
Ai Innovation And Smart Farming Key To Farmers Income Growth Berjis Godrej
खेती को व्यवसाय बनाकर बढ़ा सकते हैं किसानों की आय, तकनीक निभाएगी बड़ी भूमिका : बर्जिस गोदरेज
शैलेश अरोड़ा, लखनऊ
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 23 Jun 2026 09:07 PM IST
सार
किसानों की आय बढ़ाने के लिए तकनीक से जुड़ना और खेती को व्यवसाय की तरह अपनाना जरूरी है। खेती और पशुपालन की लागत घटाने पर भी फोकस होना चाहिए। ऐसे तमाम पहलुओं पर गांव जंक्शन संवाददाता शैलेश अरोड़ा ने बात की गोदरेज एग्रोवेट के नामित अध्यक्ष बर्जिस गोदरेज से...
बर्जिस गोदरेज ने बताया कि कैसे बदल रही है खेती।
- फोटो : गांव जंक्शन
खेती में तकनीक की भूमिका को आप कैसे देखते हैं? इसमें क्या कार्य कर रहे हैं?
मुझे यदि किसी एक ऐसे क्षेत्र का नाम लेना हो, जो कृषि का भविष्य निर्धारित करेगा, तो वह तकनीक ही है। कृषि का अगला चरण केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि जोखिम कम करना है। आज एआई, उपग्रह आधारित निगरानी और पूर्वानुमान की जानकारी किसानों की सहायता कर रही है। हम इन सुविधाओं को किसानों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। मूल बात यह है कि चीजों को सरल बनाया जाए।
यदि किसान को सही सलाह मिले, जिससे वे खेती की बेहतर योजना बना सकें और अनिश्चितता को कम कर सकें, तो यह बड़ा कदम होगा। तकनीक बेहद महत्वपूर्ण है और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। पशुपालन और पशु आहार के लिए भी तकनीक का उपयोग हो रहा है। तकनीक से उत्पादन लागत कम हो सकती है। पशुपालन की बात करें तो पशु आहार पर ही 60 फीसदी तक खर्च होता है। इसे कम करने के लिए तकनीक चाहिए।
फसल उत्पादन में भी कीटनाशक और बायोस्टिमुलेंट तकनीक से यह देखा जा सकता है कि कितना एप्लीकेशन हो रहा है, उत्पादन कितना है और मुनाफा कितना। कुल मिलाकर, जोखिम और उत्पादन लागत—दोनों कम होने चाहिए, जो तकनीक से ही संभव है।
तकनीक से खेती-बाड़ी की लागत को कैसे कम किया जा रहा है?
तकनीक दो प्रकार की है - डिजिटल तकनीक और रसायन व जीव विज्ञान आधारित तकनीक। अनुसंधान एवं विकास में हम बहुत कुछ कर रहे हैं। जैसे, जब मक्के का दाम बढ़ता है, तो हम मिलेट्स या अन्य वैकल्पिक कच्चे माल का उपयोग करते हैं। चावल और सोयाबीन में भी यही करते हैं। मक्के का उपयोग कार्बोहाइड्रेट के लिए और सोया का उपयोग प्रोटीन के लिए किया जाता है। लागत कम करने के लिए हम वैकल्पिक फसलों और सामग्री का उपयोग कर रहे हैं।
जलवायु परिवर्तन की वजह से खेती पर काफी असर पड़ रहा है। इस दिशा में आप क्या कर रहे हैं?
हमारे पास कई बायोस्टिमुलेंट उत्पाद हैं। विभिन्न फसलों के लिए डबल कंबाइन और अंगूर के लिए कंबाइन जैसे बायोस्टिमुलेंट उपलब्ध हैं। इनसे फसल में जलवायु तनाव कम होता है और उत्पादन बढ़ता है। जलवायु परिवर्तन को देखते हुए हमें भविष्य के लिए तैयार रहना होगा। इस दिशा में हम काम कर रहे हैं और किसानों के लिए इस तरह के उत्पाद हमारे पास उपलब्ध हैं।
मवेशियों की उत्पादकता बढ़ाने यानी कम पशुओं से अधिक दुग्ध उत्पादन प्राप्त करने के लिए क्या कर रहे हैं?
इस दिशा में हम काफी प्रयोग कर रहे हैं। नासिक में हमारा अनुसंधान एवं विकास केंद्र है, जहां रसायन विज्ञान में शोध किया जा रहा है। पशुपालन में मीथेन उत्सर्जन कैसे कम करें और दुग्ध उत्पादन कैसे बढ़ाएं, इस पर काम चल रहा है। भारत में गाय 5 से 10 लीटर दूध देती है, जबकि अमेरिका और इस्राइल जैसे देशों में एक पशु से प्रतिदिन 30 से 50 लीटर तक दूध उत्पादन होता है। हमारे यहां सुधार की अपार संभावनाएं हैं और हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं।
गोदरेज एग्रोवेट पाम ऑयल का बड़ा उत्पादक है। किन राज्यों में, और किस स्तर पर यह कार्य हो रहा है?
घरेलू पाम ऑयल उत्पादन में हमारी हिस्सेदारी करीब 30 फीसदी है। भारत में लगभग डेढ़ लाख हेक्टेयर में पाम की खेती होती है। अभी देश में बड़े पैमाने पर पाम ऑयल मलेशिया और इंडोनेशिया से आयात किया जा रहा है, जिसमें कई समस्याएं हैं - करेंसी का जोखिम है, रुपया कमजोर होने पर आयात महंगा हो जाता है। हमारे देश में टिकाऊ पाम ऑयल उत्पादन की पूरी संभावना है। इसके लिए हम प्रतिस्थापन की दिशा में काम कर रहे हैं।
किसान चावल और रबड़ की जगह पाम ऑयल की खेती में रूपांतरण कर सकते हैं, जिससे उनका मुनाफा बढ़ता है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मिजोरम, असम और त्रिपुरा समेत विभिन्न राज्यों के लाखों किसान हमसे जुड़े हैं। हम किसानों को बीज उपलब्ध कराते हैं। यह काम सरकार के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी में हो रहा है, ताकि भारत खाद्य तेल में आत्मनिर्भर बन सके। तेलंगाना में हमने एकीकृत ऑयल पाम परिसर शुरू किया है, जो हैदराबाद से तीन घंटे की दूरी पर है। उत्तर-पूर्व में भी विस्तार हो रहा है, ताकि भविष्य में आयात पर निर्भरता समाप्त हो सके।
कोविड के बाद कृषि और पशुपालन में युवाओं की सहभागिता बढ़ी है। इसे आप कैसे देखते हैं?
यह बहुत अच्छी बात है कि युवा इस क्षेत्र में रुझान दिखा रहे हैं और आगे आ रहे हैं। खेती को व्यापार की तरह करें। इसमें बहुत आगे जा सकते हैं। युवाओं को मूल्य संवर्धन, विपणन और ब्रांडिंग में काम करना चाहिए। निर्यात के अवसर तलाशें, जैविक और परंपरागत दोनों प्रकार की खेती के बारे में सोचें। युवा इस क्षेत्र में काम करेंगे तो भारत के भविष्य के लिए यह बेहद लाभकारी होगा। वास्तव में कृषि क्षेत्र में बागवानी, तिलहन, आयात-निर्यात जैसे अनेक अवसर हैं। यह सोचिए कि कृषि एक व्यवसाय है। जब कृषि प्रगति करती है तो अर्थव्यवस्था बढ़ती है, लेकिन जब किसान समृद्ध होते हैं, तब राष्ट्र वास्तव में प्रगति करता है।
प्रधानमंत्री प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील कर रहे हैं। इसे कैसे देखते हैं?
पश्चिम एशिया में हालिया संघर्ष के कारण काफी समस्याएं उत्पन्न हुई हैं और आपूर्ति शृंखला बाधित हुई है। हमें वाकई यह देखना चाहिए कि प्राकृतिक और जैविक खाद का उपयोग कैसे बढ़ाया जाए और पारंपरिक उर्वरक भारत में कैसे बनाए जाएं। आज जो हालात हैं, उनमें नाइट्रोजन उर्वरक और यूरिया की आपूर्ति को लेकर अधिक समस्याएं हैं। ऐसे में हम देख रहे हैं कि इनका व्यावहारिक विकल्प क्या हो सकता है।
कृषि और पशुपालन के लिहाज से उत्तर प्रदेश की भूमिका को आप कैसे देखते हैं?
भारतीय कृषि में उत्तर प्रदेश का नाम स्वाभाविक रूप से सामने आता है। इसका कारण केवल उत्पादन नहीं, बल्कि यहां के लोग हैं। यहां 65 फीसदी जनसंख्या कृषि पर निर्भर है। भारत के कुल अन्न उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 20 फीसदी है, और गेहूं उत्पादन में यह राज्य अग्रणी है। आज यूपी परंपरागत कृषि से आगे बढ़ रहा है, जिसका अच्छा उदाहरण दुग्ध उत्पादन है। औद्योगिक फसलों की तरफ किसानों का रुझान बढ़ रहा है, जिसका मक्का बड़ा उदाहरण है। लाखों किसान मक्के की खेती कर रहे हैं, जो पोल्ट्री क्षेत्र के लिए भी सहायक है।
एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है। यूपी के बाराबंकी में हमारा कारखाना भी है, जहां मत्स्य पशु आहार बनाया जाता है। राज्य में बड़े पैमाने पर मत्स्य पालन हो रहा है। यह राज्य हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। चंदौली, उन्नाव और लखनऊ के निकट हमने अपनी उत्पादन सुविधाएं हैं, जो पशु पोषण के प्रयासों को समर्थन देती हैं। अपने इन प्रयासों के माध्यम से हम 15 से 25 हजार किसानों से सीधे जुड़े हैं। डेढ़ लाख मीट्रिक टन उत्पादन का व्यवसाय कर रहे हैं। हमारे प्रयास स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं - रोजगार सृजन हो रहा है और ग्रामीण आपूर्ति शृंखला सुदृढ़ हो रही है।
(यह साक्षात्कार मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के जून 2026 अंक में प्रकाशित किया गया है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।