राजस्थान के अजमेर जिले के छोटे से गांव तिलोनिया से एक ऐसी सोच ने जन्म लिया, जिसने दुनिया के कई देशों के गांवों की तस्वीर बदलने में मदद की। इस सोच के केंद्र में थे संजीत बंकर रॉय। वे मानते थे कि गांवों की समस्याओं का हल बाहर से आए विशेषज्ञों के पास ही नहीं, बल्कि खुद ग्रामीणों के अनुभवों और हुनर में भी छिपा है।
इसी भरोसे के साथ बंकर रॉय ने अनपढ़ ग्रामीण महिलाओं को सोलर इंजीनियर बनाया, बच्चों के लिए रात की पाठशालाएं शुरू कीं और पानी, बिजली, शिक्षा व आजीविका के ऐसे मॉडल खड़े किए, जिनसे हजारों परिवारों की जिंदगी बदली।
ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण की इस अनूठी यात्रा के सूत्रधार संजीत बंकर रॉय का मंगलवार सुबह 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने राजस्थान के तिलोनिया स्थित अपने घर में सुबह करीब 6.15 बजे अंतिम सांस ली। उस समय उनकी पत्नी और प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय सहित परिवार के करीबी लोग मौजूद थे।
उनके निधन की सूचना सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर (एसडब्ल्यूआरसी) ने दी। इसी संस्था को दुनिया बेयरफुट कॉलेज के नाम से जानती है, जिसकी स्थापना रॉय ने 1972 में की थी। एक छोटे से गांव में शुरू हुआ उनका यह प्रयोग आगे चलकर ग्रामीण विकास और सामाजिक नवाचार की अंतरराष्ट्रीय पहचान बन गया।
अकाल की पीड़ा से शुरू हुई गांवों की राह
रॉय का जीवन किसी आम सामाजिक कार्यकर्ता की तरह नहीं शुरू हुआ था। अच्छी शिक्षा, खेलों में उपलब्धि और एक विशेषाधिकार प्राप्त पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने सुविधाओं से भरी जिंदगी के बजाय गांवों की कठिन राह चुनी।
वर्ष 1966-67 के बिहार अकाल के दौरान लोगों की तकलीफों ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। वर्ष 1967 में उन्होंने तय किया कि वे अपना जीवन ग्रामीण समुदायों के बीच काम करने में लगाएंगे। वे राजस्थान के तिलोनिया पहुंचे। पानी की किल्लत से जूझते इस इलाके में उन्होंने किसान मेघराज के साथ मिलकर भूजल पुनर्भरण के लिए खुले कुएं खोदने का काम शुरू किया।
गांव में रहते हुए उन्होंने समझा कि ग्रामीणों को विकास का लाभ देने के लिए केवल योजनाएं और संसाधन पर्याप्त नहीं हैं। जरूरी है कि उन्हें अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने और समस्याओं का समाधान खुद खोजने का अवसर मिले। इसी सोच ने 1972 में सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर की नींव रखी। आगे चलकर यही संस्था बेयरफुट कॉलेज के नाम से दुनिया भर में पहचानी गई।
जब अनपढ़ महिलाओं ने गांवों में जलाई सौर रोशनी
बेयरफुट कॉलेज की सबसे चर्चित पहलों में से एक थी उन ग्रामीण महिलाओं को सोलर इंजीनियर बनाना, जिन्होंने कभी स्कूल का मुंह तक नहीं देखा था। रॉय का मानना था कि किसी काम को सीखने और करने की क्षमता का पैमाना केवल किताबी शिक्षा नहीं हो सकती।
उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा से चलने वाली रोशनी की व्यवस्था लगाना, उसकी मरम्मत करना और रखरखाव करना सिखाया। इनमें कई महिलाएं ऐसी थीं, जिन्हें पढ़ना-लिखना भी नहीं आता था। प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं अपने गांवों में सौर ऊर्जा प्रणालियां लगाने और उन्हें ठीक रखने का काम करने लगीं।
'सोलर मामा' के नाम से मशहूर इन महिलाओं की कहानी तिलोनिया की सीमाओं से निकलकर दुनिया के कई देशों तक पहुंची। अफ्रीका, एशिया और दूसरे क्षेत्रों की ग्रामीण महिलाएं यहां प्रशिक्षण लेने आईं। वे अपने गांवों में लौटीं तो अपने साथ सिर्फ सौर ऊर्जा का हुनर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का भरोसा भी लेकर गईं।
इस पहल ने एक पुरानी धारणा को चुनौती दी कि तकनीक का काम केवल पढ़े-लिखे और प्रशिक्षित विशेषज्ञ ही कर सकते हैं। रॉय ने दिखाया कि सही प्रशिक्षण और अवसर मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी अपने समुदायों में तकनीकी बदलाव की अगुआ बन सकती हैं।
बच्चों की पढ़ाई के लिए रात में खुले स्कूल
रॉय के लिए विकास का अर्थ केवल गांवों में बिजली पहुंचाना नहीं था। वे जानते थे कि गांवों के बहुत से बच्चे दिन में स्कूल नहीं जा पाते। कोई खेतों में परिवार का हाथ बंटाता था तो किसी को घर के काम संभालने पड़ते थे। ऐसे बच्चों की पढ़ाई छूट न जाए, इसके लिए बेयरफुट कॉलेज ने रात्रि पाठशालाएं शुरू कीं।
इन पाठशालाओं ने बच्चों को उनकी परिस्थितियों के मुताबिक पढ़ने का अवसर दिया। संस्था ने शिक्षा के साथ-साथ वर्षा जल संचयन, सामुदायिक जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, आजीविका और पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने पर भी काम किया।
गांवों में पानी की उपलब्धता बढ़ाने से लेकर स्थानीय जरूरतों के मुताबिक तकनीक विकसित करने तक, उनके प्रयासों का एक ही उद्देश्य था कि ग्रामीण समुदाय अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर न रहें।
गांधी के विचारों से मिली विकास की दिशा
रॉय की सोच पर महात्मा गांधी के आत्मनिर्भरता और विकेंद्रीकरण के विचारों का गहरा प्रभाव था। वे विकास को ऊपर से नीचे थोपी जाने वाली व्यवस्था के बजाय गांवों की भागीदारी से आगे बढ़ने वाली प्रक्रिया मानते थे।
उनका विश्वास था कि स्थानीय समुदाय अपनी समस्याओं को सबसे अच्छी तरह समझते हैं। इसलिए, विकास की योजनाओं में उनकी भागीदारी सबसे जरूरी है। इसी सोच के चलते बेयरफुट कॉलेज ने ऐसे लोगों को भी काम करने का अवसर दिया, जिन्हें औपचारिक शिक्षा या डिग्री के अभाव में अक्सर अयोग्य मान लिया जाता है।
तिलोनिया धीरे-धीरे दुनिया भर के सामाजिक कार्यकर्ताओं, विकास विशेषज्ञों और ग्रामीण महिलाओं के लिए सीखने का केंद्र बन गया। यहां आने वाले लोगों को यह देखने का अवसर मिलता था कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्थानीय ज्ञान और सामुदायिक भागीदारी से कितने बड़े बदलाव किए जा सकते हैं।
रॉय का एक कथन उनके काम की पूरी भावना को समेटे हुए है- 'टिलोनिया में कोई असफलता नहीं है, हर असफलता एक शुरुआत है। टिलोनिया में सबको मौका मिला। यह कॉप-आउट, ड्रॉप-आउट और वाशआउट लोगों की जगह है।'
अरुणा रॉय के साथ साझा किया बदलाव का सफर
संजीत बंकर रॉय की इस यात्रा में उनकी पत्नी अरुणा रॉय की भी अहम भूमिका रही। अरुणा रॉय ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर 1970 के दशक के मध्य में तिलोनिया में उनके साथ काम करना शुरू किया। आगे चलकर वे देश में सूचना के अधिकार और पारदर्शिता के आंदोलनों की प्रमुख आवाज बनीं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रॉय को नागरिक समाज का अग्रणी संस्था निर्माता बताते हुए याद किया कि उन्होंने सैकड़ों युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ रॉय के जुड़ाव और पेयजल, टीकाकरण तथा प्रौढ़ साक्षरता से जुड़े प्रौद्योगिकी मिशनों में उनकी भूमिका का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि रॉय ने गांधीवादी सिद्धांतों पर चलते हुए ग्रामीण आत्मनिर्भरता, शिक्षा और विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया। गहलोत ने हाल में बेयरफुट कॉलेज जाने और उनसे मुलाकात करने को भी याद किया।
सांसद शशि थरूर ने उन्हें दूरदर्शी समाजसेवी बताते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा और विशेषज्ञता की पारंपरिक धारणाओं को चुनौती दी। उनके मुताबिक, ग्रामीण महिलाओं और बुजुर्गों को सोलर इंजीनियर बनाने के रॉय के विचार ने भारत सहित विकासशील देशों के हजारों ऐसे घरों को रोशन किया, जहां बिजली पहुंचना मुश्किल था।
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण समुदायों, खासकर महिलाओं का जीवन बदलने में अहम भूमिका निभाई।
लोगों के जीवन में छोड़ी रोशनी
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को देश-दुनिया में सराहा गया। वर्ष 1985 में उन्हें ग्रामीण विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग का जमनालाल बजाज पुरस्कार और 1986 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें 2004 में टाइलर पुरस्कार, 2005 में स्कोल सोशल एंटरप्रेन्योरशिप पुरस्कार और 2011 में ब्लू प्लैनेट पुरस्कार मिला। वर्ष 2010 में टाइम पत्रिका ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया। 2013 में उन्हें क्लिंटन ग्लोबल सिटीजन अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
संजीत बंकर रॉय की सबसे बड़ी उपलब्धि शायद ये सम्मान नहीं, बल्कि वे लोग थे, जिन्हें उन्होंने अपने पैरों पर खड़ा होने का भरोसा दिया। वे गांवों को बदलने नहीं, गांवों के भीतर छिपी बदलाव की ताकत को जगाने निकले थे।
तिलोनिया गांव में शुरू हुआ उनका प्रयोग आज दुनिया के सामने इस बात की मिसाल है कि विकास के लिए हमेशा बड़े संसाधनों या बड़ी डिग्रियों की जरूरत नहीं होती।
कभी-कभी एक अवसर, थोड़ा भरोसा और सीखने का मौका ही किसी गांव की तकदीर बदलने के लिए काफी होता है। बेयरफुट कॉलेज ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनकी विरासत संस्था की सीमाओं से कहीं आगे है और दुनिया भर में बदले हुए अनगिनत जीवनों में हमेशा जीवित रहेगी।