विज्ञापन
Home› Misal Bemisal› Powered By Solar Energy Sushmita Builds A Leaf Plate Enterprise And Creates Rural Jobs

नारी शक्ति : बस्ती जिले की बेटी ने गांव में खड़ा किया उद्योग, दोना-पत्तल कारोबार से बदली महिलाओं की जिंदगी

राकेश गिरी, स्वतंत्र पत्रकार Published by: Umashankar Mishra Updated Thu, 12 Nov 2026 03:14 PM IST
सार

बस्ती जिले के हेंगापुर गांव की सुष्मिता देवी ने समूह और सीएम युवा उद्यमी योजना की मदद से दोना-पत्तल उद्योग शुरू किया। मशीन से हर घंटे 600 थालियां बनती हैं और गांव की कई महिलाओं को रोजगार मिला है।
 

सुष्मिता देवी ने विपरीत हालात के आगे झुकने के बजाय स्वरोजगार को अपनी ताकत बनाया।
सुष्मिता देवी ने विपरीत हालात के आगे झुकने के बजाय स्वरोजगार को अपनी ताकत बनाया। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सुबह की धूप हेंगापुर गांव के घरों के आंगन में उतरती है तो एक कोने से मशीन की आवाज उठती है। वहां कुछ महिलाओं के हाथ तेजी से चलते हैं और देखते ही देखते हरे-भूरे पत्तों की परत थालियों में ढल जाती है। यह वही कोना है, जहां कभी सिर्फ सपने थे। 

आज उन सपनों को आकार दे रही हैं सुष्मिता देवी। बस्ती जिले के दुबौलिया क्षेत्र की इस बेटी ने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक प्रयास से बड़ी कोई पूंजी नहीं होती। सुष्मिता का सफर 2012 में शुरू हुआ, जब वे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़कर स्वयं सहायता समूह का हिस्सा बनीं। ड्रोन दीदी का प्रशिक्षण लिया, समूह सखी बनकर साथी महिलाओं को राह दिखाई।

समूह की सीढ़ी से उद्यम की उड़ान
स्नातक पास सुष्मिता ने विपरीत हालात के आगे झुकने के बजाय स्वरोजगार को अपनी ताकत बनाया। मई 2026 में उन्होंने 'रितिका प्रेरणा लघु उद्योग' की नींव रखी। शुरुआत आसान नहीं थी। संसाधन कम थे और कारोबार को सलीके से खड़ा करना चुनौती थी। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और गांव की अन्य महिलाओं को साथ जोड़कर दोना, पत्तल, बफर थाली और दूसरे उपयोगी उत्पाद बनाने शुरू किए। 

सीएम युवा उद्यमी योजना का सहारा मिला तो 36 वर्षीय सुष्मिता ने उत्पादन के लिए नई मशीन खरीदी। काम आसान हुआ और रफ्तार बढ़ गई। अब यह मशीन एक घंटे में करीब 600 थालियां तैयार कर देती है। दोना, पत्तल और अन्य उत्पाद भी इसी तरह बनते हैं।

इस पहल ने महिलाओं को घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ कमाई का अवसर दिया। आज वे न सिर्फ अपने परिवार की जरूरतों में हाथ बंटा रही हैं, बल्कि गांव में महिला सशक्तीकरण की नई कहानी भी लिख रही हैं।

कच्चा माल पड़ोसी जनपद संतकबीरनगर से आता है और तैयार माल गांव के आसपास के बाजारों तक पहुंचता है। दुबौलिया, विशेषरगंज, रमवापुर, चिलमा और महाराजगंज की दुकानों में इन उत्पादों की मांग है।

स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों की जरूरत के हिसाब से आपूर्ति होती है। नजदीकी बाजार में ही खपत हो जाने से बचत बढ़ती है, कारोबार को आगे बढ़ने का मौका मिलता है और महिलाओं को नियमित काम की उम्मीद भी मजबूत होती है।

सुष्मिता के साथ सुमित्रा, पुष्पा, शांति और पिंकी देवी जैसी महिलाएं उत्पादन और आपूर्ति की जिम्मेदारी संभालती हैं। 

सौर ऊर्जा से चलती है फैक्ट्री
अक्सर शादी के बाद महिलाओं को चूल्हे-चौके की चारदीवारी तक सीमित कर दिया जाता है। सुष्मिता की कहानी में तस्वीर अलग है। जब उन्होंने समूह से जुड़ने का फैसला किया, तो पति महेश कुमार उनके साथ खड़े रहे।

इस भरोसे ने चुनौतियों के बीच भी राह काफी आसान कर दी। उद्योग को निर्बाध चलाने के लिए सुष्मिता ने 3 किलोवाट का सोलर पैनल प्लांट लगवाया है। सूरज की किरणों से बनी बिजली से मशीनें चलती हैं, उत्पादन में रुकावट नहीं आती और हर महीने बिजली का खर्च भी बच जाता है।

सामूहिक शक्ति के दम पर मिली सफलता
सुष्मिता और उनकी साथियों की कहानी दोना-पत्तल के कारोबार से कहीं आगे की है। यह गांव में उपलब्ध संसाधनों के सहारे रोजगार रचने की प्रेरक मिसाल है। यह बताती है कि आत्मनिर्भर बनने के लिए बड़े शहरों या बड़े निवेश का इंतजार जरूरी नहीं।

हुनर, मेहनत और सामूहिक शक्ति के दम पर गांव में रहकर भी सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है। उनकी पहल दूसरी महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

ब्लॉक मिशन प्रबंधक डॉ. पवन तिवारी बताते हैं कि सिर्फ दुबौलिया ब्लॉक में ही 1,200 से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। इन समूहों की महिलाओं को वित्तीय सहायता के साथ डिजिटल लेनदेन, सामाजिक बदलाव और नेतृत्व विकास का अवसर भी मिल रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

(यह स्टोरी मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित की गई है।)
विज्ञापन
विज्ञापन