विज्ञापन
Home› Misal Bemisal› Adivasi Woman Pushpa Khairwar From Jamui In Bihar Leads Forest And Water Conservation Jungle Ki Beti

नारी शक्ति : जमुई के जंगल की बेटी पानी की पहरेदार, 200 से ज्यादा बनाए तालाब, लगाई औषधीय पौधों की नर्सरी

वीणा कुमारी, जमुई (बिहार) Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 11 Nov 2026 08:34 PM IST
सार

जमुई की पुष्पा खैरवार ने जल संरक्षण के लिए 200 से अधिक छोटे तालाब बनवाए और 10 कट्ठा जमीन पर औषधीय पौधों की नर्सरी लगाई। मुहिम से दर्जनों महिलाएं जुड़ी हैं। वन विभाग का सहयोग भी मिल रहा है।

पुष्पा खैरवार को स्थानीय लोग उन्हें 'जंगल की बेटी' कहकर पुकारते हैं।
पुष्पा खैरवार को स्थानीय लोग उन्हें 'जंगल की बेटी' कहकर पुकारते हैं। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के जमुई जिले की आदिवासी बेटी पुष्पा खैरवार का जीवन आमाकोल जंगल की छांव में बीता। जंगल उनके लिए आजीविका का सहारा भी है और दिल का रिश्ता भी। 

खैरा प्रखंड की हरणी पंचायत के जतहर गांव की रहने वाली पुष्पा बताती हैं, 'मेरी मां जब इस दुनिया से चली गईं, तब जंगल मेरी दूसरी मां बन गया। बचपन से मां के साथ जंगल जाती थी। वहां के पेड़-पौधों को पहचानना और उनके औषधीय गुणों को समझा। अब जंगल को बदलते देखकर दुख होता है।' 

गर्मियों के दिनों में जंगल के प्राकृतिक जलस्रोत सूखने लगे हैं। जहां कभी पशु-पक्षी प्यास बुझाने आते थे, वहां अब पानी मिलना मुश्किल है। बचपन में अकेले जंगल चली जाने वाली पुष्पा खैरवार ने जब पानी की कमी से पशु-पक्षियों को मरते देखा, तो ठान लिया कि बियाबान वन को बचाने के लिए कुछ करना होगा। 

उन्होंने अकेले जंगल की कटाई का विरोध किया, फिर गांव की महिलाओं को साथ जोड़ना शुरू किया। उनकी मुहिम रंग लाई और आज स्थानीय लोग उन्हें 'जंगल की बेटी' कहकर पुकारते हैं।

जंगल में बनाए 200 से अधिक डोभा
महिलाओं और समुदाय के दूसरे सदस्यों ने मिलकर जंगल में लगभग 200 से 250 छोटे-छोटे डोभा (तालाब) बनाए। इनका मकसद बारिश का पानी रोकना और गर्मियों में पशु-पक्षियों के लिए जल उपलब्धता बढ़ाना है।

इसके लिए स्थानीय महिलाएं भी घरेलू जिम्मेदारियों के बीच समय निकालती हैं। कई बार वे महीने भर जंगल में रहकर संरक्षण में जुटी रहती हैं। समूह की करीब 20-25 महिलाएं अपनी सुविधा और समय के अनुसार श्रमदान करती हैं।  

दस कट्ठा जमीन, औषधीय विरासत
जंगल बचाना पुष्पा के लिए आजीविका और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करने की कोशिश है। कुछ लोग मजाक भी उड़ाते हैं, पर इससे उनका हौसला नहीं डिगा। पानी के साथ पुष्पा जंगली औषधीय पौधों का भी संरक्षण कर रही हैं। बचपन से जंगल में आने-जाने के कारण उन्हें यहां के कई पेड़-पौधों और उनके पारंपरिक उपयोगों की जानकारी है। 
उन्होंने अपनी 10 कट्ठा जमीन जंगली औषधीय पौधों के संरक्षण को समर्पित कर दी है। पुष्पा और उनकी साथी महिलाएं जंगल से बीज जुटाकर पौधे तैयार करने की कोशिश करती हैं। वन विभाग ने नर्सरी उपलब्ध कराने में सहयोग दिया है और नर्सरी में तैयार पौधे विभाग की मदद से दोबारा जंगल में लगाए जाते हैं।

यह काम महिलाओं के लिए केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि अपने समुदाय के पुराने रिश्ते और पारंपरिक ज्ञान को बचाने का प्रयास भी है। 

ए.एन. सिन्हा इंस्टीट्यूट के अर्थशास्त्री एवं शोधकर्ता विकास विद्यार्थी बताते हैं, बिहार में वन क्षेत्र का सीमित होना चिंता का विषय है। राज्य में पिछले करीब 20 वर्षों से वन क्षेत्र लगभग 6.6 प्रतिशत पर टिका हुआ है। जलवायु परिवर्तन के चलते पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए वन क्षेत्र बढ़ाने पर गंभीरता से काम करना जरूरी है।

विकास विद्यार्थी आगे बताते हैं कि जतहर की यह पहल जंगल और जैव विविधता बचाने की ऐसी ही एक कोशिश है। हालांकि, जंगल में हो रहे बदलावों को समझने के लिए स्थानीय तापमान, वर्षा और जलस्रोतों के आंकड़े भी चाहिए।

समुदाय की पहल, विभाग का साथ
पुष्पा की मुहिम समुदाय के प्रयासों से शुरू हुई, बाद में वन विभाग जुड़ा। विभाग महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता नहीं देता, पर जरूरत के अनुसार नर्सरी, पौधरोपण और जलस्रोतों के निर्माण में सहयोग करता है। 

जंगल के लगातार संपर्क में रहने से महिलाएं वहां की परिस्थितियों और जरूरतों को करीब से समझती हैं, जबकि विभाग की तकनीकी मदद उनके प्रयासों को आगे बढ़ाती है। 

इस पहल का दीर्घकालिक असर समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि डोभा में पानी कितने समय तक टिकता है, लगाए गए कितने पौधे जीवित रहते हैं और जैव विविधता को कितना लाभ मिलता है।

पुष्पा का अधिकांश समय आज भी जंगल 
में बीतता है। संसाधनों की कमी और लोगों के मजाक के बावजूद वे डटी हैं। उनका मानना है कि जंगल को बचाने के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है। जतहर की यह कहानी बताती है कि जंगलों के संरक्षण में स्थानीय समुदाय और महिलाओं का नेतृत्व अहम भूमिका निभा सकता है।

इन कोशिशों को लंबे समय तक जारी रखने के लिए जरूरी है कि पुष्पा और उनकी साथियों के अनुभव और श्रम को तकनीकी सहयोग, पर्याप्त संसाधन और नियमित निगरानी का साथ मिले।

(यह स्टोरी मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर 2026 अंक में प्रकाशित की गई है।)
विज्ञापन
विज्ञापन