Home›Misal Bemisal›
From Just 6 Kg Of Paddy To A Rural Farming Mentor How Leelawati Found Success Through Organic Farming
शहडोल की महिला किसान की प्रेरक कहानी : छह किलो धान ने बदली जिंदगी, जीवामृत को बना दिया पूरे गांव की उम्मीद
देवांशी शर्मा, स्वतंत्र पत्रकार (भोपाल)
Published by: Umashankar Mishra
Updated Thu, 12 Nov 2026 08:24 PM IST
सार
पहली फसल में 6 किलो धान और घर से निकाले जाने की धमकी भी शहडोल की लीलावती का हौसला नहीं तोड़ सकी। आज वह जैविक खेती की जानकार और कृषि सखी के रूप में दूसरी महिला किसानों को राह दिखा रही हैं।
लीलावती आज एक सफल किसान हैं और दूसरी महिला किसानों को जैविक खेती सिखा रही हैं।
- फोटो : गांव जंक्शन
जिस खेती से लीलावती को अपने परिवार की हालत सुधारने की सबसे ज्यादा उम्मीद थी, उसने पहले साल ही सिर्फ 6 किलो धान की उपज देकर उनके हौसले को चुनौती दी। हालात ऐसे बने कि उनकी सास ने साफ कह दिया कि अगर धान नहीं हुआ तो घर से निकाल देंगे। पर, जीवट महिला किसान लीलावती ने हार नहीं मानी।
आज वह खुद एक सफल किसान हैं और दूसरी महिला किसानों को जैविक खेती सिखा रही हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि पहली नाकामी के बाद भी उनके कदम नहीं रुके? इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के लेदरा गांव से होती है।
सिलाई से शुरू हुआ कमाई का सफर
लीलावती के पिता किसान रहे हैं। थोड़ी-सी जमीन पर खेती से परिवार का गुजारा चलता था। लीलावती ने दसवीं तक पढ़ाई की और साल 1999 में उनकी शादी हो गई। शादी से पहले वे मायके में नौकरी करती थीं, लेकिन ससुराल में नौकरी की इजाजत नहीं मिली।
फिर भी उन्होंने पढ़ाई नहीं छोड़ी और पति व सास की मदद से ससुराल में रहते हुए बारहवीं पूरी की। परिवार की हालत सुधारने के लिए साल 2016 में वे स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं और सिलाई सीखने लगीं।
समूह उन्हें ऋण दे रहा था, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से उन्होंने ऋण लेना उचित नहीं समझा। फिर साल 2018 में जिंदगी ने नया मोड़ लिया, जब उन्हें खेती के नए तरीके सीखने का मौका मिला।
पहली फसल में सिर्फ 6 किलो धान
आजीविका मिशन के जरिए लीलावती को खेती के नए तरीकों की जानकारी मिली और उन्होंने जैविक खेती का फैसला किया। कृषि विभाग से धान के बीज मिले और ग्रामसेवक की मदद से उन्होंने धान सघनीकरण पद्धति (एसआरआई) विधि से रोपाई की।
शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। खेत में धान के पौधे ठीक से दिखाई नहीं दे रहे थे और परिवार को फसल खराब होने का डर सताने लगा। इसी बीच सास ने घर से निकालने की बात कह दी। जिस काम को लीलावती ने परिवार की हालत सुधारने के लिए शुरू किया था, उसी में उन्हें इतनी बड़ी नाकामी मिली। उस साल खेत से सिर्फ 6 किलो धान मिला।
खुद बनाई जैविक खेती की राह
इतनी कम उपज के बाद भी उन्होंने खेती नहीं छोड़ी। रासायनिक खाद पर निर्भर होने के बजाय वह जैविक तरीके सीखती रहीं और धीरे-धीरे घर पर ही जैविक खाद और कीटनाशक बनाने लगीं। वे घुनाड़ी, जीवामृत, नीमास्त्र और अग्निअस्त्र जैसे जैविक उत्पाद तैयार करती हैं और अजोला का भी इस्तेमाल करती हैं। इन्हीं तरीकों से उनका जैविक खेती का अनुभव निखरा, जिसे आज वे दूसरी महिला किसानों के साथ साझा करती हैं।
मेहनत और सीखने की लगन ने लीलावती को नई पहचान दी है। अब वह सिर्फ अपने खेत तक सीमित नहीं हैं। एक गैर सरकारी संस्था से जुड़कर वह कृषि सखी यानी कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) के रूप में काम कर रही हैं। वह महिलाओं के साथ बैठकें करती हैं, उन्हें जैविक खेती के तरीके बताती हैं और घर पर तैयार जैविक खाद व खेती में काम आने वाली दूसरी चीजें भी उपलब्ध कराती हैं, ताकि वे इन्हें अपने खेतों में अपना सकें।
लीलावती का सफर आसान नहीं रहा। जिस खेती में पहले साल सिर्फ 6 किलो धान मिला था, उसी के तौर-तरीके आज वह दूसरी महिलाओं को सिखा रही हैं। उनकी कहानी बताती है कि पहली बार नाकाम होने का मतलब यह नहीं कि आगे भी सफलता नहीं मिलेगी। इंसान सीखना जारी रखे और कोशिश न छोड़े, तो अपने लिए नया रास्ता बना सकता है।
(यह स्टोरी मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित की गई है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।