विज्ञापन
Home› Lokrang› Kalpvriksh› Opportunity To Visit Chardham In September October Irctc Offers 12 Day Package Fare Complete Details

सितंबर-अक्टूबर में चारधाम यात्रा का मौका : IRCTC का 12 दिन का पैकेज, जानें किराया और पूरी डिटेल

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 09 Sep 2026 03:30 PM IST
सार

  • IRCTC का 12 दिन और 11 रात का चारधाम यात्रा पैकेज।
  • सितंबर में 1, 12 और 24 तारीख को यात्रा का विकल्प।
  • अक्टूबर में 1 और 15 तारीख को भी प्रस्थान प्रस्तावित।
  • ₹57,000 से शुरू है प्रति व्यक्ति पैकेज की कीमत।

सितंबर-अक्टूबर में चारधाम यात्रा का मौका
सितंबर-अक्टूबर में चारधाम यात्रा का मौका - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर आप इस साल चारधाम यात्रा की योजना बना रहे हैं तो IRCTC का विशेष टूर पैकेज आपके काम आ सकता है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC की ओर से यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन के लिए 12 दिन और 11 रात का पैकेज उपलब्ध है। सितंबर और अक्टूबर में इस पैकेज के तहत यात्रा के लिए प्रस्थान की तारीखें दी गई हैं। यात्रा दिल्ली से शुरू होगी और श्रद्धालुओं को सड़क मार्ग से उत्तराखंड के चारों धामों तक ले जाया जाएगा। IRCTC के अनुसार, प्रत्येक प्रस्थान में करीब 20 यात्रियों का समूह रखा गया है।

सितंबर में इन तारीखों पर यात्रा
सितंबर 2026 में चारधाम यात्रा के लिए IRCTC ने 1, 12 और 24 सितंबर की प्रस्थान तिथियां दी हैं। इसके अलावा अक्टूबर में 1 और 15 अक्टूबर को भी यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा का रूट दिल्ली से शुरू होकर हरिद्वार, बरकोट, यमुनोत्री, उत्तरकाशी, गंगोत्री, गुप्तकाशी/सीतापुर, केदारनाथ, बद्रीनाथ, रुद्रप्रयाग/श्रीनगर होते हुए वापस हरिद्वार और दिल्ली तक रहेगा।

₹57 हजार से शुरू पैकेज
IRCTC के इस चारधाम पैकेज की कीमत कमरे में रहने की व्यवस्था के आधार पर अलग-अलग है।
  • सिंगल ऑक्यूपेंसी : ₹75,000 प्रति व्यक्ति
  • डबल ऑक्यूपेंसी : ₹62,000 प्रति व्यक्ति
  • ट्रिपल ऑक्यूपेंसी : ₹57,000 प्रति व्यक्ति
  • 5 से 11 साल के बच्चे, अतिरिक्त बेड के साथ : ₹30,000
  • 5 से 11 साल के बच्चे, बिना अतिरिक्त बेड : ₹20,000

पैकेज की दरें उपलब्धता के आधार पर लागू होंगी।

12 दिन में चारों धाम के दर्शन
IRCTC के अनुसार, यह 12 दिन और 11 रात का चारधाम यात्रा पैकेज है। इस दौरान श्रद्धालुओं को यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ चारों धामों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा की शुरुआत दिल्ली से होगी और चारों धामों के दर्शन के बाद श्रद्धालु वापस दिल्ली लौटेंगे।

यमुनोत्री के लिए करना होगा ट्रेक
यात्रा के दौरान सबसे पहले यमुनोत्री धाम के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रियों को जानकी चट्टी तक वाहन से ले जाया जाएगा। यहां से यमुनोत्री के लिए करीब 6 किलोमीटर का ट्रेक करना होगा। जो यात्री पैदल नहीं जाना चाहते, वे अपनी लागत पर घोड़ा या पालकी ले सकते हैं। यमुनोत्री मंदिर में मां यमुना के दर्शन और पूजा के बाद वापस जानकी चट्टी से बरकोट लौटेंगे।

गंगोत्री में मां गंगा के दर्शन
इसके बाद यात्रा उत्तरकाशी और फिर गंगोत्री धाम की ओर बढ़ेगी। गंगोत्री मंदिर में मां गंगा के दर्शन और पूजा के बाद श्रद्धालु वापस उत्तरकाशी लौटेंगे। IRCTC के यात्रा कार्यक्रम में गंगोत्री के रास्ते में पहाड़ी घाटियां, भागीरथी नदी, झरने और प्राकृतिक दृश्य देखने का अवसर भी मिलेगा।

केदारनाथ के लिए 16 किमी ट्रेक
चारधाम यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव केदारनाथ रहेगा। यात्रियों को पहले सोनप्रयाग और फिर गौरीकुंड पहुंचाया जाएगा। यहां से केदारनाथ के लिए करीब 16 किलोमीटर का ट्रेक करना होगा। घोड़ा और पालकी की सुविधा यात्री अपने खर्च पर ले सकते हैं। केदारनाथ पहुंचने के बाद मंदिर में दर्शन और शाम की आरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा। अगले दिन सुबह पूजा और दर्शन के बाद श्रद्धालु 16 किलोमीटर का ट्रेक करके गौरीकुंड लौटेंगे। इसके बाद वाहन से सीतापुर/गुप्तकाशी पहुंचाया जाएगा।

बद्रीनाथ के साथ माणा गांव भी घूम सकेंगे
यात्रा के अगले चरण में श्रद्धालुओं को बद्रीनाथ धाम ले जाया जाएगा। यहां मंदिर में दर्शन के साथ अगले दिन माणा गांव जाने का कार्यक्रम है। माणा में यात्रियों को गणेश गुफा, व्यास गुफा, भीम पुल और सरस्वती नदी जैसे प्रमुख स्थान देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद यात्रा रुद्रप्रयाग/श्रीनगर होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी।

हरिद्वार में गंगा आरती
दिल्ली लौटने से पहले हरिद्वार में श्रद्धालुओं को घूमने का समय मिलेगा। शाम को गंगा आरती में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। अगले दिन नाश्ते के बाद सड़क मार्ग से दिल्ली वापसी होगी। दिल्ली पहुंचने पर IRCTC रेल यात्री निवास में यात्रियों को ड्रॉप किया जाएगा।

पैकेज में क्या मिलेगा?
IRCTC के चारधाम पैकेज में यात्रा के दौरान कई सुविधाएं शामिल हैं।
  • 11 रात और 12 दिन का आवास
  • दिल्ली से पूरे टूर के लिए एसी टेंपो ट्रैवलर
  • यात्रा कार्यक्रम के अनुसार नाश्ता और रात का भोजन
  • लागू सरकारी टैक्स और GST
  • प्रतिदिन 1 लीटर पानी की बोतल
  • यात्रा बीमा
  • हालांकि पहाड़ी रास्तों के कारण वाहन का एसी केवल दिल्ली-हरिद्वार और हरिद्वार-दिल्ली के बीच चलाया जाएगा।

घोड़ा, पालकी और हेलीकॉप्टर का खर्च अलग
चारधाम यात्रा में घोड़ा, पालकी या हेलीकॉप्टर जैसी सेवाओं का खर्च पैकेज में शामिल नहीं है। इनका भुगतान यात्रियों को खुद करना होगा। इसके अलावा गाइड शुल्क, निजी खर्च, लॉन्ड्री, टेलीफोन, टिप, पोर्टर, अतिरिक्त भोजन और पैकेज में शामिल नहीं की गई किसी भी अतिरिक्त सेवा का खर्च भी यात्री को खुद उठाना होगा।

केदारनाथ में डॉर्मिटरी की व्यवस्था
IRCTC के अनुसार, केदारनाथ में धर्मशाला में डॉर्मिटरी/साझा आवास उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरे स्थानों पर उपलब्धता के आधार पर निर्धारित या समान श्रेणी के होटल में ठहरने की व्यवस्था होगी। होटल की अंतिम पुष्टि बुकिंग के समय उपलब्धता के आधार पर होगी। उपलब्धता नहीं होने पर समान श्रेणी के दूसरे होटल में ठहराया जा सकता है।

पहाड़ी यात्रा के लिए इन बातों का रखें ध्यान
चारधाम यात्रा पहाड़ी और मौसमी यात्रा है। IRCTC ने यात्रियों को निर्धारित पिकअप प्वाइंट पर कम से कम 60 मिनट पहले पहुंचने की सलाह दी है। यात्रियों को अपने साथ गर्म कपड़े, टॉर्च, सामान के लिए लॉक-चेन और जरूरी दवाएं रखने की सलाह दी गई है। बच्चों के लिए उम्र का प्रमाण भी साथ रखना जरूरी है। यात्रा के दौरान मौसम, भूस्खलन, सड़क बंद होने या अन्य स्थानीय परिस्थितियों के कारण यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है।

कैंसिलेशन पर कितना पैसा कटेगा?
IRCTC की दी गई नीति के अनुसार यात्रा रद्द करने पर समय के आधार पर अलग-अलग शुल्क लगेगा।
  • 15 दिन या उससे पहले : ₹250 प्रति यात्री
  • 8 से 14 दिन पहले : पैकेज लागत का 25 प्रतिशत
  • 4 से 7 दिन पहले : पैकेज लागत का 50 प्रतिशत
  • 4 दिन से कम : पैकेज लागत का 100 प्रतिशत

बुकिंग से पहले उपलब्धता जरूर जांचें
IRCTC ने स्पष्ट किया है कि पैकेज की दरें और होटल की उपलब्धता परिस्थितियों के अनुसार बदल सकती है। इसलिए यात्रा की बुकिंग से पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूदा तारीख, किराया, सीट और होटल की उपलब्धता की पुष्टि करना जरूरी है। सितंबर-अक्टूबर में चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह पैकेज एक ही टूर में चारों धाम के दर्शन और यात्रा की कई व्यवस्थाओं को एक साथ लेने का विकल्प देता है।
विज्ञापन
विज्ञापन