धान की कटाई के बाद अब किसान गेहूं की बुवाई की तैयारी में जुट गए हैं। रबी सीजन में गेहूं की अच्छी पैदावार हासिल करने के लिए खेत तैयार करने के साथ सही प्रजाति का चुनाव करना भी जरूरी है। खासकर बुवाई में देरी होने पर गेहूं की पैदावार प्रभावित हो सकती है। ऐसे में किसानों को अपनी जमीन की मिट्टी, स्थानीय जलवायु और बुवाई के समय के अनुसार गेहूं की किस्मों का चयन करना चाहिए।
कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में गेहूं की बुवाई के लिए 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक का समय सबसे उपयुक्त है। इस अवधि में बुवाई करने पर किसानों को बेहतर उत्पादन मिलने की संभावना रहती है। हालांकि, अगर किसी कारण से बुवाई में देरी हो जाती है तो किसान दिसंबर और 25 दिसंबर के बाद के लिए सुझाई गई प्रजातियों का चयन कर सकते हैं।
समय पर बुवाई के लिए गेहूं की ये किस्में हैं बेहतर
डॉ. रघुवंशी ने बताया कि सामान्य समय पर गेहूं की बुवाई के लिए किसान डब्ल्यूबी-303, डब्ल्यूबी-327, एचडी-3226, डब्ल्यूएच-1270, डीबीडब्ल्यू-187, डीबीडब्ल्यू-222, एचडी-2967, पीबीडब्ल्यू-826, डीबीडब्ल्यू-370, डीबीडब्ल्यू-371 और डीबीडब्ल्यू-372 जैसी उन्नत प्रजातियों का चयन कर सकते हैं। वहीं, जिन किसानों के खेतों की मिट्टी ऊसर यानी लवणीय या क्षारीय समस्या से प्रभावित है, उनके लिए नरेंद्र गेहूं-1076, केआरएल-210 और केआरएल-213 प्रजातियां उपयोगी रहेंगी।
बुवाई के तरीके के हिसाब से तय करें बीज की मात्रा
गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए सही प्रजाति के साथ बीज की उचित मात्रा का इस्तेमाल भी जरूरी है। वैज्ञानिक के अनुसार, सीड ड्रिल मशीन से समय पर बुवाई करने पर प्रति हेक्टेयर 100 किलोग्राम बीज पर्याप्त है। वहीं, छिटकवां विधि से बुवाई करने पर बीज की मात्रा बढ़ाकर 125 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रखनी चाहिए। ऊसर प्रभावित खेतों में भी प्रति हेक्टेयर 125 किलोग्राम बीज की मात्रा उपयुक्त बताई गई है।
दिसंबर में बुवाई के लिए इन किस्मों का करें चयन
अगर किसी वजह से किसान नवंबर में गेहूं की बुवाई नहीं कर पाते हैं तो दिसंबर में भी कुछ उन्नत प्रजातियों का चुनाव कर सकते हैं। वैज्ञानिकों ने विलंबित बुवाई के लिए निम्नलिखित किस्में सुझाई हैं।
डीबीडब्ल्यू-316 (करण प्रेमा)
डीबीडब्ल्यू-107
पीबीडब्ल्यू-833
एचडी-3118 (पूसा वत्सला)
जेकेडब्ल्यू-261
पीबीडब्ल्यू-752
25 दिसंबर के बाद बुवाई के लिए ये किस्में लगाएं
25 दिसंबर के बाद गेहूं की बुवाई करने पर फसल को बढ़ते तापमान और कम समय में पकने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में किसानों को कम अवधि में तैयार होने वाली और गर्मी सहन करने की क्षमता रखने वाली प्रजातियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस अवधि में बुवाई के लिए वैज्ञानिकों ने तीन प्रजातियां सुझाई हैं।
एचडी-3271 (पूसा गेहूं-3271)
एचआई-1621 (पूसा गेहूं-1621)
डब्ल्यूआर-544
देर से बुवाई करने वाले किसान इन बातों का रखें ध्यान
विलंबित बुवाई में सही किस्म का चुनाव करने के साथ खेती की कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना भी आवश्यक है।
बीज की मात्रा : देर से बुवाई करने पर प्रति हेक्टेयर करीब 125 किलोग्राम बीज का इस्तेमाल करें।
कतारों की दूरी : गेहूं की बुवाई करते समय कतारों के बीच लगभग 18 सेंटीमीटर की दूरी रखें।
बुवाई की गहराई : बीज को ज्यादा गहराई में न डालें। उथली बुवाई करना बेहतर रहता है।
पहली सिंचाई : फसल में क्राउन रूट इनिशिएशन (सीआरआई) अवस्था पर समय से पहली सिंचाई करें।
खाद एवं उर्वरक : मिट्टी की जांच के आधार पर संतुलित मात्रा में खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करें।
प्रमाणित बीज का ही करें इस्तेमाल
डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने किसानों से अपील की कि गेहूं की बुवाई के लिए हमेशा प्रमाणित बीज का इस्तेमाल करें। बीज खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और प्रजाति की प्रमाणिकता जरूर जांचें। साथ ही खेत की मिट्टी, सिंचाई की उपलब्धता और बुवाई के समय को ध्यान में रखकर किस्म का चयन करें। उन्होंने कहा कि सही समय पर बुवाई, उपयुक्त प्रजाति का चुनाव और संतुलित कृषि प्रबंधन अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर पैदावार हासिल कर सकते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।