विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Krishi Vyapar› Onion Prices Improve In Alwar Farmers Hope For Better Returns

अलवर में लाल प्याज के भाव सुधरे: 40 रुपये किलो तक चढ़ी कीमतें, गुणवत्ता के दम पर किसानों को मिल रहा बेहतर दाम

गांव जंक्शन डेस्क, अलवर Published by: Umashankar Mishra Updated Sat, 14 Nov 2026 06:11 PM IST
सार

दिवाली के बाद लाल प्याज के भाव 25 से 40 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने से अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के किसानों को राहत मिली है। बढ़ती लागत के बीच बेहतर कीमत मिलने से किसानों को मुनाफे की उम्मीद है। जानिए, विस्तार से...

अच्छी गुणवत्ता, बड़े आकार और अच्छी तरह सुखाई गई प्याज की मांग अधिक होने से किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है।
अच्छी गुणवत्ता, बड़े आकार और अच्छी तरह सुखाई गई प्याज की मांग अधिक होने से किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिवाली के बाद लाल प्याज की कीमतों में सुधार से किसानों को राहत मिली है। दिल्ली की आजादपुर मंडी और अलवर मंडी में रामगढ़ क्षेत्र से पहुंच रही लाल प्याज को गुणवत्ता के आधार पर 25 से 40 रुपये प्रति किलो तक भाव मिल रहा है। अच्छी गुणवत्ता, बड़े आकार और अच्छी तरह सुखाई गई प्याज की मांग अधिक होने से किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है।

12 गांवों में बड़े पैमाने पर उत्पादन
रामगढ़ क्षेत्र के पिपरोली, सरहेटा, नंगला, मिलकपुर, अलावड़ा, मांदला कलां, बड़ौद, दोहली, यादव नगर, खिलौरा, कोटा खुर्द और सौतका सहित आसपास के गांवों में बड़े पैमाने पर प्याज की खेती होती है। यहां के अधिकांश किसान प्याज उत्पादन से जुड़े हैं। आजादपुर मंडी में इस क्षेत्र की प्याज की अच्छी आवक हो रही है।

व्यापारी किसानों को सलाह दे रहे हैं कि खुदाई के बाद प्याज को अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लाएं। साथ ही आकार और गुणवत्ता के अनुसार छंटाई करके बिक्री करें। इससे बेहतर भाव मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

प्रति बीघा 40 से 50 हजार रुपये लागत
किसानों के अनुसार इस वर्ष खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी की दरें बढ़ने से प्याज की खेती की लागत भी काफी बढ़ गई है। प्रति बीघा करीब 40 से 50 हजार रुपये खर्च आया है। ऐसे में कीमतों में सुधार से किसानों को लागत निकालने और मुनाफा कमाने की उम्मीद जगी है। किसानों का कहना है कि यदि मंडियों में आवक नियंत्रित रही और मांग बनी रही तो आने वाले दिनों में भाव में और सुधार हो सकता है।

20 से 25 दिन तक जारी रहेगी खुदाई
क्षेत्र में अभी 20 से 25 दिनों तक प्याज की खुदाई और उत्पादन का काम जारी रहने की संभावना है। किसान खुदाई के बाद प्याज को धूप में सुखाने में जुटे हैं। किसानों के मुताबिक शुरुआती बुवाई वाली फसल में बीमारी का खतरा कम है, जबकि बाद में बोई गई फसल में धोलिया रोग की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद मंडियों में मिल रहे बेहतर भाव से किसानों का उत्साह बढ़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन