खेती में अब केवल समस्या आने के बाद उसका समाधान करना काफी नहीं है। समय रहते बीमारी, कीट और मौसम के खतरे का पता लगाकर नुकसान कम किया जा सकता है। इसके लिए कृषि क्षेत्र में डेटा और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना जरूरी है।
बिजनेस लाइन में पब्लिश खेतिबडी के सह-संस्थापक और सीईओ विनय नायर के लेख के मुताबिक, कुछ साल पहले देश की एक बड़ी खाद्य प्रसंस्करण कंपनी की कृषि टीम को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। कंपनी जिन किसानों से फसल खरीदती थी, उनके खेतों में महज 10 दिनों के भीतर एक बीमारी फैल गई। इसकी वजह से कंपनी को मिलने वाली फसल का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो गया। हैरानी की बात यह थी कि बीमारी के शुरुआती संकेत खेतों में मौजूद थे, लेकिन उन्हें समय रहते पहचानने की कोई व्यवस्था नहीं थी।
यह घटना भारतीय कृषि कारोबार की एक बड़ी समस्या को दिखाती है। आज खेतों से लगातार कई तरह की जानकारियां मिलती हैं। इनमें मिट्टी में नमी, फसल का तापमान, कीटों की संख्या, मौसम की जानकारी और कृषि विशेषज्ञों के खेतों के निरीक्षण जैसी जानकारियां शामिल हैं। लेकिन इन जानकारियों का इस्तेमाल समय पर फैसले लेने में नहीं हो पा रहा है। इसी कमी के कारण हर साल कृषि कारोबार को करोड़ों रुपये का नुकसान होता है।
समस्या आने के बाद जागता है कृषि तंत्र
भारतीय कृषि कारोबार में अब भी ज्यादातर फैसले समस्या सामने आने के बाद लिए जाते हैं। कृषि विशेषज्ञ खेत का दौरा करते हैं, फसल में बीमारी या कीट देखते हैं और फिर उसके इलाज की सलाह देते हैं। लेकिन तब तक बीमारी काफी फैल चुकी होती है। इससे कीटनाशक और दूसरी कृषि सामग्री पर खर्च बढ़ता है। साथ ही, फसल की पैदावार और गुणवत्ता पर भी असर पड़ता है। इसका सीधा नुकसान किसानों के साथ उन कंपनियों को भी होता है, जो किसानों से फसल खरीदती हैं।
खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुमानों के मुताबिक, भारत में फलों और सब्जियों के कुल उत्पादन का करीब 16 फीसदी हिस्सा कटाई के बाद खराब हो जाता है। समय पर सही जानकारी और बेहतर प्रबंधन से इस नुकसान को कम किया जा सकता है।
खेती में पहले से मिलेगी खतरे की जानकारी
खेती को नुकसान से बचाने के लिए केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सैटेलाइट और सेंसर जैसी तकनीकों का होना काफी नहीं है। इनके सही इस्तेमाल के लिए खेतों से जुड़ा व्यवस्थित डेटा भी जरूरी है। इसके तहत फसल, मिट्टी, मौसम, खाद-पानी के इस्तेमाल, कीटों और बीमारी से जुड़ी जानकारियों का नियमित रिकॉर्ड रखना होगा। अलग-अलग फसलों और क्षेत्रों के लिए इन जानकारियों को एक समान तरीके से जुटाना भी जरूरी है।
इसके बाद इस डेटा को कंपनियों के खरीद, भंडारण और आपूर्ति प्रबंधन से जुड़े सिस्टम के साथ जोड़ना होगा। इससे खेतों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर तुरंत फैसले लिए जा सकेंगे। अभी ज्यादातर कंपनियां पुरानी रिपोर्ट और पहले से हुए नुकसान के आधार पर फैसले लेती हैं।
बीमारी फैलने से 7-10 दिन पहले मिल सकता है अलर्ट
खेती में डेटा आधारित तकनीक का फायदा कई तरह से मिल सकता है। उदाहरण के तौर पर, बीमारी फैलने की आशंका का अनुमान लगाने वाले मॉडल फसल में लक्षण दिखाई देने से 7 से 10 दिन पहले ही कृषि विशेषज्ञों को अलर्ट दे सकते हैं। इससे समय रहते रोकथाम के उपाय किए जा सकते हैं।
इसी तरह, मौसम और खेत की वास्तविक स्थिति के आधार पर फसल उत्पादन का अनुमान लगाया जा सकता है। इससे खरीद करने वाली कंपनियां पहले ही यह तय कर सकती हैं कि उन्हें कितनी फसल मिलेगी और कहां कमी हो सकती है।
फसल की कटाई के समय उसकी गुणवत्ता का अनुमान लगाने वाली तकनीक से खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों को पहले ही पता चल सकता है कि किस फसल की गुणवत्ता कैसी होगी। इससे खरीद मूल्य, छंटाई और प्रसंस्करण की योजना बनाना आसान हो जाता है।
कृषि कारोबार में बढ़ रही डेटा की अहमियत
भारत में कृषि कारोबार से जुड़ी कंपनियां अब खेतों से मिलने वाली जानकारियों को पहले से ज्यादा गंभीरता से लेने लगी हैं। इसकी एक बड़ी वजह निर्यात बाजारों में बढ़ती गुणवत्ता और पर्यावरण संबंधी शर्तें हैं। यूरोपीय संघ और उत्तरी अमेरिका में फसल की पूरी जानकारी और उसकी आपूर्ति श्रृंखला का रिकॉर्ड रखने पर भी जोर बढ़ रहा है। इसके अलावा खेती में खाद, कीटनाशक और दूसरे कृषि उत्पादों की बढ़ती लागत ने भी कंपनियों को बेहतर प्रबंधन के लिए प्रेरित किया है।
हालांकि, इस व्यवस्था को तैयार करना आसान नहीं है। इसके लिए खेतों में डेटा जुटाने का तरीका बदलना होगा। कृषि विशेषज्ञों और खरीद टीमों को नई तकनीक के आधार पर फैसले लेने का प्रशिक्षण देना होगा। साथ ही, कंपनियों के पुराने सिस्टम को खेतों से मिलने वाली जानकारियों के साथ जोड़ना होगा।
इस पूरी प्रक्रिया में कई फसल सीजन लग सकते हैं। जो कंपनियां अभी से इस दिशा में काम शुरू करेंगी, उन्हें आने वाले तीन साल में बड़ा फायदा मिल सकता है। वहीं, देर से शुरुआत करने वाली कंपनियों को दूसरों से आगे निकलने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी।
खेती हमेशा से मौसम, मिट्टी और फसल के संकेतों को समझने का काम रही है। अब जरूरत इन संकेतों को समय रहते पहचानने और उनके आधार पर सही फैसले लेने की है। अगर ऐसा हो पाता है तो फसल का नुकसान कम करने के साथ किसानों और कृषि कारोबार, दोनों को फायदा मिल सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।