विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Wheat Farming Pay Attention Amount Seed When Sowing Wheat How Much Using Seed Drill And Broadcasting Method

Wheat Farming: गेहूं की बुवाई में बीज की मात्रा का रखें ध्यान, जानें सीड ड्रिल और छिटकावा विधि से कितना डालें

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 15 Nov 2026 06:11 PM IST
सार

गेहूं की बुवाई कर रहे किसान जानें एक एकड़ में कितना बीज डालना चाहिए। सीड ड्रिल से 40 किलो और छिटकावा विधि से 50 किलो बीज डालने का तरीका और अच्छी पैदावार के जरूरी टिप्स।

गेहूं की बुवाई
गेहूं की बुवाई - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रबी सीजन में किसान गेहूं की अगेती बुवाई में जुटे हैं। अच्छी पैदावार के लिए खेत की तैयारी, खाद और उर्वरक प्रबंधन के साथ बीज की सही मात्रा का ध्यान रखना भी जरूरी है। बीज कम या ज्यादा डालने से फसल की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में किसानों के लिए यह जानना जरूरी है कि एक एकड़ खेत में कितने किलो गेहूं का बीज डालना चाहिए।

बुवाई में बीज की मात्रा मुख्य रूप से इस्तेमाल की जाने वाली विधि पर निर्भर करती है। अगर किसान सीड ड्रिल मशीन से बुवाई कर रहे हैं, तो प्रति एकड़ करीब 40 किलो बीज पर्याप्त है। वहीं, पारंपरिक छिटकावा विधि से बुवाई करने पर करीब 50 किलो बीज की जरूरत पड़ती है। दोनों विधियों में बीज की मात्रा अलग रखने का कारण खेत में बीज का समान रूप से न गिर पाना है।

सीड ड्रिल से बुवाई करने पर बचता है बीज
आजकल खेती में आधुनिक कृषि उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। सीड ड्रिल मशीन से गेहूं की बुवाई करना किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। यह मशीन बीजों को निश्चित दूरी और उचित गहराई पर डालती है। इससे खेत में पौधों की संख्या संतुलित रहती है और बीज की बर्बादी भी कम होती है।

इस विधि से बुवाई करने पर प्रति एकड़ करीब 40 किलो बीज पर्याप्त रहता है। पौधों के बीच उचित दूरी होने से उन्हें बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह, धूप, हवा और पोषक तत्व मिलते हैं। इससे फसल की बढ़वार अच्छी होती है और बीज पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सकता है।

छिटकावा विधि में 50 किलो बीज की जरूरत
देश के कई हिस्सों में किसान आज भी गेहूं की बुवाई के लिए छिटकावा विधि अपनाते हैं। इसमें हाथों से खेत में बीज फैलाए जाते हैं। इस तरीके में बीज एक समान गहराई पर नहीं गिरते। कुछ बीज मिट्टी की सतह पर रह जाते हैं, जबकि कुछ ज्यादा गहराई में दब जाते हैं। ऐसे में कई बीज अंकुरित नहीं हो पाते या मिट्टी से बाहर नहीं निकल पाते। इसी नुकसान की भरपाई के लिए छिटकावा विधि से बुवाई करने पर प्रति एकड़ करीब 50 किलो बीज डालने की सलाह दी जाती है। इससे खेत में पौधों की पर्याप्त संख्या बनाए रखने में मदद मिलती है।

बीज ज्यादा या कम डालने से घट सकती है पैदावार
गेहूं की बुवाई में बीज की सही मात्रा रखना बहुत जरूरी है। अगर किसान जरूरत से ज्यादा बीज डालते हैं, तो खेत में पौधे बहुत घने हो जाते हैं। इससे पौधों के बीच धूप, हवा, पानी और पोषक तत्वों के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ जाती है। पौधों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है।

वहीं, जरूरत से कम बीज डालने पर खेत में पौधों की संख्या कम रह जाती है। इससे जमीन का पूरा उपयोग नहीं हो पाता और उत्पादन घटने की आशंका रहती है। इसलिए किसानों को बुवाई की विधि के अनुसार ही बीज की मात्रा तय करनी चाहिए।

बुवाई से पहले इन बातों का भी रखें ध्यान
अच्छी पैदावार के लिए केवल बीज की मात्रा सही रखना काफी नहीं है। किसानों को बुवाई से पहले कुछ जरूरी बातों का भी ध्यान रखना चाहिए।
  • बीज उपचार करें: बुवाई से पहले अनुशंसित दवा से बीज का उपचार करें। इससे शुरुआती अवस्था में फफूंद जनित बीमारियों से फसल को बचाने में मदद मिलती है।
  • खेत में नमी रखें: बुवाई के समय मिट्टी में पर्याप्त नमी होनी चाहिए, ताकि बीजों का अंकुरण अच्छा हो सके।
  • उचित गहराई पर बुवाई करें: बीज को बहुत ज्यादा गहराई में न डालें। इससे अंकुरों को मिट्टी से बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है।
  • खेत की अच्छी तैयारी करें: खेत को समतल और भुरभुरा बनाएं, ताकि बीज का जमाव एक समान हो।
  • उन्नत किस्म का चयन करें: अपने क्षेत्र की जलवायु और बुवाई के समय के अनुसार अनुशंसित गेहूं की किस्म चुनें।

सही विधि से बुवाई, बीज की उचित मात्रा और बेहतर खेत प्रबंधन अपनाकर किसान गेहूं की फसल की अच्छी शुरुआत कर सकते हैं। इससे बीज की लागत बचाने के साथ बेहतर उत्पादन हासिल करने में भी मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन