विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Agriculture And Rural Development Play Key Role In Poverty Reduction Says Shivraj Singh Chouhan

50 करोड़ लोग गरीबी से उबरे: शिवराज ने खेती व ग्रामीण योजनाओं को बताया अहम, बोले- 4.45% पहुंची कृषि विकास दर

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 23 Nov 2026 07:20 PM IST
सार

शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और अत्यंत गरीबी की दर 27.1 फीसदी से घटकर 2.6 फीसदी रह गई है। कृषि, अनुसंधान, महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आवास, सड़कों और जलग्रहण विकास को इस बदलाव का प्रमुख आधार बताया गया है। जानिए, विस्तार से...

विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 50 करोड़ लोग गरीबी से उबरे हैं
विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 50 करोड़ लोग गरीबी से उबरे हैं - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और अत्यंत गरीबी की दर 27.1 फीसदी से घटकर 2.6 फीसदी रह गई है।

इस उपलब्धि में कृषि, कृषि अनुसंधान, भूमि संसाधन और ग्रामीण विकास योजनाओं की भूमिका पर चर्चा के लिए सोमवार को नई दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान के अलावा चारों विभागों के सचिव, वैज्ञानिक और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। 

कृषि विकास दर 4.45 फीसदी, खाद्यान्न उत्पादन भी रिकॉर्ड स्तर पर
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत की दशकीय कृषि विकास दर 4.45 फीसदी पर पहुंच गई है, जो हरित क्रांति के दौर की 3 से 3.5 फीसदी की दर से अधिक है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत 4.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सीधी सहायता, सस्ता कृषि ऋण, फसल बीमा, प्राकृतिक खेती, 10 हजार किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और एग्रीस्टैक जैसी डिजिटल पहलों को अहम बताया। कार्यशाला में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, देश में खाद्यान्न उत्पादन 376.56 मिलियन टन और बागवानी उत्पादन 386.91 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है।

जलवायु अनुकूल फसल किस्मों और शोध से किसानों को लाभ
कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डेयर) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की प्रस्तुति में बताया गया कि वर्ष 2014 के बाद से फसलों की 3,436 नई किस्में जारी की गई हैं। इनमें 93 फीसदी किस्में जलवायु अनुकूल हैं। कृषि अनुसंधान और शिक्षा में लगाए गए प्रत्येक एक रुपये पर 13.85 रुपये का आर्थिक लाभ मिला, जबकि पशुपालन शोध में यह लाभ 20.81 रुपये रहा।

इसके अलावा जैव-पोषक तत्वों से भरपूर फसल किस्मों, 19.78 मिलियन टन मत्स्य उत्पादन और 500 से अधिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता का भी उल्लेख किया गया। कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से हर साल पांच करोड़ किसानों तक डिजिटल पहुंच बनाने की बात कही गई।

लखपति दीदी से पक्के मकानों तक ग्रामीण विकास की पहल
ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है और 3.76 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 3.99 करोड़ पक्के मकान बनाए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 7.99 लाख किलोमीटर बारहमासी सड़कों का निर्माण हुआ है।

विभाग की प्रस्तुति में बताया गया कि विकसित भारत-जी राम जी के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जा रही है। सामाजिक सहायता कार्यक्रमों और 99.9 फीसदी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) को भी ग्रामीण विकास की उपलब्धियों में शामिल किया गया।

जल संरक्षण से 61 लाख से अधिक किसानों को लाभ
भूमि संसाधन विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जलग्रहण विकास घटक के तहत जल संरक्षण और भूमि सुधार के कामों से 3.40 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र का उपचार किया गया है। इससे 61.15 लाख किसानों को सीधा लाभ मिला। विभाग की प्रस्तुति में सिंचित क्षेत्र और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की औसत सालाना आय में 70 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज होने की जानकारी दी गई।

शेष लोगों को गरीबी से बाहर लाने का लक्ष्य
चौहान ने कहा कि अब दो प्रमुख लक्ष्य हैं। पहला, गरीबी से बाहर आए लोगों को दोबारा गरीबी में जाने से रोकना और दूसरा, अत्यंत गरीबी में रह रहे शेष 2.6 से 2.7 फीसदी लोगों को भी इससे बाहर निकालना। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि इस उपलब्धि में हर स्तर के कर्मचारी का योगदान है। उनके मुताबिक, कर्मचारियों ने केवल योजनाएं नहीं बनाईं, बल्कि देश के विकास में भूमिका निभाई है।

उन्होंने पीएम-किसान और ई-नाम जैसी योजनाओं में सुधार, बजट और किसानों की आय बढ़ाने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों से सुझाव भी मांगे। चौहान ने कहा कि योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी किसानों तथा आम लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारतीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में स्थापित करने का लक्ष्य भी रखा।
विज्ञापन
विज्ञापन