Home›Kheti Kisani›
Soha Ali Khan Brings Biofortified Farming To Pataudi Family Farms Sows Nutrient Rich Wheat
वरुण धवन के बाद खेतों में दिखेंगी सोहा अली खान: पटौदी में शुरू की खेती, 45 एकड़ में बोया पोषण से भरपूर गेहूं
गांव जंक्शन डेस्क, पटौदी (हरियाणा)
Published by: Umashankar Mishra
Updated Thu, 12 Nov 2026 04:20 PM IST
सार
अभिनेता और लेखिका सोहा अली खान ने हरियाणा के पटौदी स्थित अपने पारिवारिक खेतों में आयरन और जिंक से भरपूर जैव संवर्धित गेहूं की खेती शुरू की है। अप्रैल 2027 में फसल की कटाई के बाद इससे बायो-फोर्टिफाइड आटा तैयार किया जाएगा। आगे धान की खेती संग आसपास के किसानों को इस पहल से जोड़ने की भी योजना है।
सोहा के मुताबिक, खेती पटौदी परिवार की विरासत है और इस जमीन से उनकी कई यादें जुड़ी हैं।
- फोटो : गांव जंक्शन
हरियाणा के पटौदी में नवाब परिवार के खेतों में इस बार गेहूं की एक खास फसल लहलहाती देखी जा सकेगी। अभिनेता और लेखिका सोहा अली खान ने अपने पारिवारिक खेतों में आयरन और जिंक से भरपूर जैव संवर्धित गेहूं की खेती शुरू की है।
इसके लिए उन्होंने भारत के पहले जैव-संवर्धित खाद्य ब्रांड बेटर न्यूट्रिशन के साथ हाथ मिलाया है। इस पहल में पटौदी के खेतों से जुड़े कई किसान परिवार भी शामिल हुए हैं।
पहले चरण में करीब 45 एकड़ जमीन पर रबी सीजन के लिए गेहूं बोया गया है। नवंबर 2026 में बोई गई इस फसल की कटाई अप्रैल 2027 में होने की उम्मीद है। इससे मिलने वाले अनाज का इस्तेमाल बेटर न्यूट्रिशन अपने आटे के उत्पाद बनाने में करेगा। सोहा ने कंपनी में निवेश भी किया है और इसकी ब्रांड एंबेसडर भी बनी हैं।
सोहा का कहना है कि खेती पटौदी परिवार के जीवन का हमेशा से हिस्सा रही है और इस जमीन से उनकी कई यादें जुड़ी हैं। जैव संवर्धित खेती की सबसे अच्छी बात उन्हें यह लगती है कि खाने की आदत या भोजन में बदलाव किए बिना ही उसकी पोषण गुणवत्ता बढ़ाई जा सकती है। वह चाहती हैं कि यह पहल उनके खेतों से निकलकर आसपास के गांवों के किसानों तक भी पहुंचे।
अनाज के दाने में ही बढ़ेगा पोषण
आमतौर पर खाद्य पदार्थों में पोषक तत्व उनकी प्रोसेसिंग के दौरान मिलाए जाते हैं। लेकिन, जैव संवर्धित खेती में खास तरह के बीजों और खेती के तरीकों से फसल के दाने में ही आयरन, जिंक और प्रोटीन जैसे पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाई जाती है। यानी गेहूं और चावल जैसे रोज खाए जाने वाले अनाज को ही अधिक पौष्टिक बनाने की कोशिश होती है।
भारत में आयरन और जिंक की कमी एक बड़ी पोषण संबंधी चुनौती है। यह समस्या केवल गरीब परिवारों तक सीमित नहीं, बल्कि शहरों और संपन्न घरों में भी देखी जाती है। चूंकि ज्यादातर परिवार रोजाना आटा और चावल खाते हैं। इसलिए, इनके जरिये मिलने वाले अतिरिक्त पोषक तत्व रोज के भोजन में उपयोगी योगदान दे सकते हैं। बढ़ते बच्चों के लिए यह खास तौर पर महत्वपूर्ण है।
बेटर न्यूट्रिशन के मुताबिक, उसके जैव संवर्धित बीजों से उगाई गई फसलों में जरूरी पोषक तत्वों की मात्रा सामान्य अनाज के मुकाबले अधिक होती है। कंपनी एक्स-रे फ्लोरेसेंस यानी एक्सआरएफ तकनीक से अनाज में पोषक तत्वों की जांच करती है। इसके लिए उसने ट्राईन्यूट्रिमैक्स प्रोटोकॉल विकसित किया है, जिसका पेटेंट अभी प्रक्रिया में है।
गेहूं के बाद धान की खेती की भी तैयारी
पहली फसल की कटाई के बाद सोहा और बेटर न्यूट्रिशन की योजना आने वाले खरीफ सीजन से धान की जैव संवर्धित खेती शुरू करने की है। धीरे-धीरे इस खेती को पटौदी परिवार की ज्यादा जमीन तक फैलाया जाएगा।
आसपास के गांवों के किसानों को भी इससे जोड़ने की कोशिश हो रही है। कंपनी इसके लिए जैव संवर्धित बीज, खेती से जुड़ी तकनीकी सलाह, पोषक तत्वों की जांच और उपज की सुनिश्चित खरीद की सुविधा देने पर काम कर रही है।
बेटर न्यूट्रिशन के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक रस्तोगी का कहना है कि बेहतर पोषण की शुरुआत खेत से होनी चाहिए। इसके लिए बेहतर बीज, खेती के सही तरीके और वैज्ञानिक जांच जरूरी हैं। उनके मुताबिक, पटौदी परिवार का इस खेती को अपनाना और आसपास के किसानों को साथ जोड़ने की कोशिश इस दिशा में अहम पहल है।
वरुण धवन के बाद सोहा भी खेती से जुड़ीं
बेटर न्यूट्रिशन के साथ जैव संवर्धित खेती अपनाने वाली सोहा दूसरी चर्चित हस्ती हैं। इससे पहले अभिनेता वरुण धवन ने भी इसी साल अपने खेत में इस तरह की खेती शुरू की थी। कंपनी के मुताबिक, वरुण की पहल के बाद 40 से अधिक फिल्मी और सार्वजनिक हस्तियों, कारोबारी परिवारों तथा खेतों के मालिकों ने जैव संवर्धित खेती में दिलचस्पी दिखाई है।
इस मुहिम से ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और मास्टरशेफ पंकज भदौरिया भी जुड़े हैं। पीवी सिंधु कंपनी की निवेशक और ब्रांड एंबेसडर हैं, जबकि पंकज भदौरिया इसके पाक कला सलाहकार हैं। निजी जमीन के मालिकों को भी इस खेती से जोड़ने के लिए कंपनी ने अपना मॉडल उनके लिए खोल दिया है।
24 हजार से अधिक किसानों के साथ काम
बेटर न्यूट्रिशन लखनऊ की ग्रीनडे फार्मर सॉल्यूशंस का उपभोक्ता ब्रांड है। प्रतीक रस्तोगी और ऐश्वर्या भटनागर ने 2017 में ग्रीनडे फार्मर सॉल्यूशंस की स्थापना की थी। कंपनी ने 2024 में बेटर न्यूट्रिशन ब्रांड शुरू करने से पहले करीब छह साल तक कृषि शोध, किसान साझेदारी, अनाज की खरीद और पोषक तत्वों की जांच से जुड़ी व्यवस्था तैयार की।
कंपनी का दावा है कि वह उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र के 24 हजार से अधिक किसानों के साथ काम कर रही है। इसके उत्पादों में जैव संवर्धित गेहूं का आटा, सोनामोती आटा, सोना मसूरी और कालानमक चावल, पत्थर पर पिसा रागी आटा, दालें और मोटे अनाज शामिल हैं।
ये उत्पाद ब्लिंकिट, जेप्टो, स्विगी इंस्टामार्ट, अमेजन और बिगबास्केट जैसे ऑनलाइन मंचों के साथ कंपनी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।