विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Ramgarh S Farming Transformed Crops Now Reaching Overseas Markets

26 साल में बदली रामगढ़ की खेती : शकरकंद बांग्लादेश और आम यूएई तक पहुंचे, साल में चार फसलें, लाखों की कमाई

गांव जंक्शन डेस्क, रामगढ़ Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 09 Nov 2026 01:22 PM IST
सार

झारखंड के रामगढ़ जिले में 26 साल में खेती की तस्वीर बदली है। कभी केवल मानसून पर निर्भर धान की खेती करने वाले किसान अब कई फसलें ले रहे हैं, जिले की फसल सघनता 119 प्रतिशत हो गई है और गोला का शकरकंद बांग्लादेश व आम यूएई तक पहुंच रहा है। सोलर पंप, नई तकनीक और मंडी तक सीधी पहुंच से आमदनी बढ़ी है, पर कोल्ड स्टोरेज की कमी अब भी चुनौती है।

रामगढ़ जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 1,37,602 हेक्टेयर है, जिसमें शुद्ध कृषि योग्य जमीन 20,667 हेक्टेयर है।
रामगढ़ जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 1,37,602 हेक्टेयर है, जिसमें शुद्ध कृषि योग्य जमीन 20,667 हेक्टेयर है। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के रामगढ़ जिले में पिछले 26 सालों में कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव दर्ज हुआ है। साल 2000 में झारखंड के गठन के समय यहां का किसान केवल धान की पारंपरिक खेती जानता था। मानसून आने पर फसल होती थी और न आने पर किसानों को पलायन करना पड़ता था।

तब जिले की 58 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर थी, लेकिन सिंचाई सुविधा केवल 14.5 प्रतिशत खेतों तक सीमित थी। 75 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत श्रेणी के थे। बीज देसी थे, खाद का उपयोग कम था और मंडी कोसों दूर थी। गोला, चितरपुर और दुलमी में किसान बैल और कुदाल के सहारे खेती करते थे।

विस्तार और विदेश तक निर्यात
रामगढ़ जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 1,37,602 हेक्टेयर है, जिसमें शुद्ध कृषि योग्य जमीन 20,667 हेक्टेयर है। इसके बावजूद क्रॉपिंग इंटेंसिटी बढ़कर 119 प्रतिशत हो गई है और साल में एक से अधिक फसल लेने वाले किसान तेजी से बढ़े हैं। गोला और चितरपुर में यह 260 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि मांडू और पतरातू में 85 प्रतिशत दर्ज हुई।

धान अब भी सबसे बड़ी फसल है, लेकिन मक्का, अरहर, आलू, गोभी, फूलगोभी, शकरकंद, सरसों, गेहूं और विविध सब्जियों का रकबा बढ़ रहा है। गोला प्रखंड का शकरकंद स्थानीय बाजारों, अन्य राज्यों और बांग्लादेश तक पहुंच रहा है, जबकि यहां का आम संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों में पहचान बना चुका है। गोला में शकरकंद से किसानों को बेहतर लाभ मिल रहा है और मांग बढ़ने पर व्यापारी खेत से ही सीधे फसल खरीद रहे हैं।

सिंचाई और नई तकनीक
पहले किसान केवल कुओं और तालाबों पर निर्भर थे। अब जिले में 13,223 बोरवेल, 468 तालाब, 72 चेक डैम और लिफ्ट इरिगेशन से सिंचाई हो रही है। साल 2020 से आई सोलर पंप क्रांति और टीआरआईएफ के कुशल किसान अभियान से किसान साल में चार फसलें ले रहे हैं और उनकी आमदनी लाखों रुपये तक पहुंची है। पतरातू के बिचा, लेम और सुतारपुर में एसआरआई-एसडब्ल्यूआई विधि से धान और गेहूं का उत्पादन तीन गुना बढ़ा है।

प्रशिक्षण और सहायक गतिविधियां
झारखंड आर्थिक सर्वे 2025-26 के अनुसार मछली उत्पादन और फूड प्रोसेसिंग सबसे तेज गति से बढ़ने वाले क्षेत्र हैं। पतरातू डैम और जलाशयों में केज कल्चर, बत्तख पालन, बकरी पालन और बैकयार्ड पोल्ट्री का विस्तार हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र की डक व गोट यूनिट, मशरूम और लाह के प्रशिक्षण से महिलाओं को रोजगार मिला है। वर्ष 2026 में केंद्र ने 2,370 किसानों को मृदा स्वास्थ्य का प्रशिक्षण दिया, जिनमें 1,457 महिला किसान शामिल थीं।

सीधी मंडी पहुंच, पर कोल्ड स्टोरेज की कमी
किसान क्रेडिट कार्ड, एफपीओ और बीईजीएफईडी से किसान सीधे मंडी तक पहुंच रहे हैं। पहले उपज बेचने के लिए रांची या हजारीबाग 40 से 60 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब रामगढ़ मंडी, गोला हाट और एफपीओ की पिकअप वैन से 10 से 15 किलोमीटर के दायरे में ही उपज बिक जाती है। हालांकि एमएसपी और कोल्ड स्टोरेज की कमी से सब्जी किसानों को उचित दाम पाने में परेशानी होती है। जिले में फिलहाल कोई बड़ा अपना कोल्ड स्टोरेज नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन