Home›Kheti Kisani›
A Stress Tested Rabi What The Biochemistry Of Biologicals Actually Delivers
रबी 2026-27 : अल नीनो का असर, कमजोर मानसून, बारिश की कमी, फसलों को तनाव से बचाने का जान लें विज्ञान...
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Mon, 09 Nov 2026 12:01 PM IST
सार
इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 13 प्रतिशत कम रहा। अल नीनो के संकेत हैं कि रबी में मौसम और गर्म व सूखा रहेगा। गेहूं के दाना भरने के समय आखिरी दौर की गर्मी का खतरा है, जबकि असिंचित चना और सरसों को बुवाई से ही नमी की कमी झेलनी पड़ रही है। मिट्टी में नमी असमान है और जलाशयों में पानी भी कम है।
अध्ययन में आया सामने मानव मल से बना बायोचार वैश्विक उर्वरक कमी दूर कर सकता है
- फोटो : AI
मुश्किल भरे खरीफ सीजन के बाद किसानों के पास ऐसे इनपुट पर खर्च करने की गुंजाइश कम है, जिनके असर पर भरोसा न हो। बायोप्राइम एग्रीसॉल्यूशन की सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेणुका दीवान कहती हैं कि यह जैविक उत्पाद बेचने की दलील नहीं है, बल्कि मकसद यह समझाना है कि पौधे में तनाव फसल पर क्या असर डालता है और किस मोड़ पर कौन-सा घटक मदद करता है, यह प्रमाणों के साथ दर्ज है।
फसल पर तनाव की मार
गर्मी और सूखे में पौधे को पानी बचाने और प्रकाश संश्लेषण के बीच संतुलन बनाना पड़ता है। इससे उसमें हानिकारक रिएक्टिव ऑक्सीजन स्पीशीज (आरओएस) जमा होने लगती हैं और पत्तियां जल्दी बूढ़ी हो जाती हैं। गेहूं में इससे उपज को भारी नुकसान का खतरा है। कारगर जैविक उपाय वही होंगे जो आरओएस को संभालें, कोशिका झिल्लियों को स्थिर रखें, ऑस्मोलाइट संतुलन बनाए रखें और पानी की उपलब्धता बढ़ाएं।
तीन जगह दिखता है असर
(1) जड़ें : लाभकारी बैक्टीरिया या समुद्री शैवाल को ह्यूमिक एसिड के साथ मिलाने वाले माइक्रोबियल कंसोर्शिया जड़ों की शाखाएं बढ़ाते हैं और सूक्ष्म पोषक तत्वों को जड़ की सतह पर बांधते हैं। आईसीएआर-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के 2024 के खेत परीक्षणों में ऐसे संयोजन से गेहूं की जड़ें करीब 27 प्रतिशत लंबी दर्ज हुईं। जड़ की सतह जितनी ज्यादा, नमी की तलाश उतनी आसान।
(2) पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग : फॉस्फेट घोलने और पोटैशियम जुटाने वाले सूक्ष्मजीव मिट्टी में पहले से बंधे पोषक तत्व छुड़ाते हैं। कुछ समुद्री शैवाल-अर्क वाले बायोस्टिमुलेंट पौधे की अपनी अवशोषण प्रणाली को सहारा देते हैं। राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट में डुरविलिया और वनस्पति आधारित बायोस्टिमुलेंट के साथ लेखक के दो मौसमी धान अध्ययन में उपज या गुणवत्ता घटे बिना पोषक तत्वों का अवशोषण 15 से 25 प्रतिशत बढ़ा।
(3) तनाव सहने की ताकत : यहां सक्रिय घटकों की भूमिका सबसे अहम है। शोध के अनुसार बायोस्टिमुलेंट पौधे के अपने एंटीऑक्सीडेंट एंजाइमों, यानी सुपरऑक्साइड डिसम्यूटेज, कैटालेज और पेरोक्सिडेज को सक्रिय करते हैं, जो आरओएस के उछाल को बेअसर करते हैं। प्रोलिन और ग्लाइसीन बीटेन जैसे पदार्थ झिल्लियों को स्थिर रखते हैं और कोशिकाओं में पानी का दबाव बनाए रखते हैं।
एसीसी-डीएमिनेज बनाने वाले बैक्टीरिया तनाव एथिलीन घटाते हैं, जो सूखे में पत्तियों को जल्दी बूढ़ा करता है। इससे दाना भरने तक पत्तियां प्रकाश संश्लेषण करती रहती हैं।
गुणवत्ता से तय होगा नतीजा उत्पाद की गुणवत्ता : माइक्रोबियल उत्पाद में जीवाणु केवल बनते समय नहीं, पूरी शेल्फ लाइफ तक जीवित और पर्याप्त संख्या में रहने चाहिए। बायोस्टिमुलेंट में घोषित मात्रा में सक्रिय घटक हर बैच में हो और भंडारण में उसका असर चुपचाप घटे नहीं।
सही समय पर सही सलाह : दाना भरने की छोटी और गर्मी के जोखिम वाली अवधि में आम सिफारिश लगभग बेकार है। मात्रा, फसल की अवस्था के हिसाब से समय और साथ में डाले जा रहे इनपुट से तालमेल, सब स्थानीय तापमान और नमी के अनुसार तय हों। राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट के परीक्षण में फायदा कल्ले फूटने और बालियां निकलने के समय प्रयोग से मिला, अकेले उत्पाद से नहीं।
साफ आर्थिक फायदा: उपज या गुणवत्ता में बढ़त उत्पाद और उसके प्रयोग की लागत से ज्यादा होनी चाहिए। जैविक उत्पाद पानी या पर्याप्त पोषण का विकल्प नहीं, प्रमाणित फसल रणनीति का एक साधन भर हैं।
रबी 2026-27 में सही जैविक उपाय और बाजारी दावों में फर्क करने का सबसे अच्छा तरीका स्थानीय परीक्षण हैं। उद्योग को प्रमाण-आधारित और फसल की अवस्था के अनुरूप सिफारिशें देनी चाहिए, और किसान ऐसे उत्पाद चुनें जो खास तनाव-मार्गों पर काम करते हों और जिनके प्रमाणित आंकड़े मौजूद हों।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।