Home›Kheti Kisani›
Balotra To Host Pomegranate Festival In December Aims For National Recognition
बालोतरा में दिसंबर में अनार महोत्सव : 20 हजार हेक्टेयर में फैले अनार बगीचे, अब किसान सीखेंगे उन्नत तकनीक
गांव जंक्शन डेस्क, जोधपुर
Published by: Umashankar Mishra
Updated Mon, 09 Nov 2026 01:47 PM IST
सार
राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के तहत बालोतरा में दिसंबर में जिला स्तरीय अनार महोत्सव होगा। इसका मकसद अनार की खेती को प्रोत्साहन देना और बालोतरा के चटख लाल अनार को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। क्षेत्र में 20 हजार हेक्टेयर से अधिक में बगीचे हैं और सालाना 500 से 700 करोड़ रुपये की पैदावार होती है।
बालोतरा के प्रसिद्ध चटख लाल अनार को प्रदेशभर में नई पहचान दिलाने की दिशा में यह बड़ी पहल है।
- फोटो : गांव जंक्शन
राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के तहत जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग दिसंबर में जिला स्तरीय अनार महोत्सव का आयोजन करेंगे। बालोतरा के प्रसिद्ध चटख लाल अनार को प्रदेशभर में नई पहचान दिलाने की दिशा में यह बड़ी पहल है। उद्यानिकी विभाग पूरे राज्य के अनार उत्पादक किसानों को आमंत्रित कर रहा है। आयोजन में देश और प्रदेश के प्रमुख कृषि व अनार विशेषज्ञ वैज्ञानिक किसानों को उन्नत तकनीकों और नवाचारों की जानकारी देंगे।
महोत्सव का मकसद और तैयारियां
जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग मिलकर व्यापक तैयारियां कर रहे हैं। महोत्सव का मूल उद्देश्य अनार की खेती को प्रोत्साहित करना और जिले के उत्पाद को व्यापक पहचान दिलाना है। कृषि विभाग बालोतरा के संयुक्त निदेशक रूपेश लहुवा ने बताया कि पंच गौरव योजना के तहत होने वाले इस प्रदेश स्तरीय महोत्सव में राज्यभर के किसान भाग लेंगे। विशेषज्ञ वैज्ञानिक उत्पादन बढ़ाने की तकनीकी जानकारी देंगे और वैज्ञानिक पद्धति से खेती के तरीके सिखाएंगे।
बीस हजार हेक्टेयर में फैले बगीचे
बालोतरा जिला राजस्थान में अनार उत्पादन में अग्रणी है। वर्ष 2010 में यहां के प्रगतिशील किसानों ने पहली बार अनार के बगीचे लगाने की शुरुआत की थी। किसानों की मेहनत रंग लाई और अच्छी पैदावार से बेहतर आमदनी मिलने लगी। इसके बाद हजारों किसान अनार की खेती से जुड़े और रकबा बढ़ता गया। वर्तमान में बालोतरा-बाड़मेर क्षेत्र में करीब 20 हजार हेक्टेयर से अधिक में अनार के बगीचे हैं।
चटख लाल रंग से अलग पहचान
अपने विशिष्ट चटख लाल रंग के कारण बालोतरा के अनार की बाजार में अलग पहचान है। इस क्षेत्र में हर साल करीब 500 से 700 करोड़ रुपये मूल्य की अनार पैदावार होती है। पंच गौरव योजना में शामिल होने के बाद अब इस उत्पाद की राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग की तैयारी है। जिला प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से किसानों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने और उपज का बेहतर मूल्य पाने में मदद मिलेगी।
प्रदर्शनियों में दिखेंगे खेती के नए तरीके
महोत्सव के दौरान उद्यानिकी विभाग नवीन तकनीकों की प्रदर्शनियां और स्टॉल लगाएगा। इनके जरिये विशेषज्ञों की टीम किसानों को खेती के नए तरीकों, नवाचारों और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तकनीकी जानकारी देगी। विभाग की कोशिश है कि वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन से किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ा जाए और बालोतरा में अनार की खेती को नई दिशा मिले।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।