Home›Kheti Kisani›
Nagaland Urges Farmers To Shift From Subsistence Farming To Market Oriented Agriculture
नागालैंड सरकार की अपील: गुजारे की खेती से आगे बढ़ें किसान, तकनीक, वैल्यू एडिशन व बाजार की तरफ बढ़ाएं कदम
गांव जंक्शन डेस्क, कोहिमा
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 06 Oct 2026 08:37 PM IST
सार
नागालैंड सरकार ने किसानों से गुजारे की खेती से आगे बढ़कर तकनीक, वैल्यू एडिशन और बाजार के जरिए खेती को कारोबार बनाने की अपील की है।
राज्य सरकार के कृषि मामलों के सलाहकार म्हाथुंग यानथन ने किसानों से तकनीक, बाजार और वैल्यू एडिशन के जरिए खेती को कारोबार बनाने का आह्वान किया।
- फोटो : क्रिएटिव कॉमन्स
नागालैंड के किसानों से अब खेती को केवल परिवार की जरूरत पूरी करने तक सीमित न रखने की अपील की गई है। राज्य सरकार के कृषि मामलों के सलाहकार म्हाथुंग यानथन ने किसानों से तकनीक, बाजार और वैल्यू एडिशन के जरिए खेती को कारोबार बनाने का आह्वान किया।
कोहिमा में आयोजित विलेज फेयर के दूसरे संस्करण को संबोधित करते हुए यानथन ने कहा कि नागालैंड के गांवों में उपजाऊ जमीन, अनुकूल मौसम, पारंपरिक ज्ञान और मेहनती लोग हैं। जरूरत है तो तकनीक, वित्त और बेहतर बाजार तक पहुंच की। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी सोच बदलनी होगी। खेती केवल परिवार की जरूरत पूरी करने के लिए फसल उगाने तक सीमित न रहे, बल्कि इसे कारोबार की तरह देखा जाए।
फसल बेचने से आगे की सोच
यानथन ने किसानों को उत्पादन के साथ-साथ छंटाई, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर ध्यान देने को कहा। उनके मुताबिक किसानों को यह समझना होगा कि बाजार में क्या मांग है, खेती में कितना निवेश हो रहा है और उससे कितना रिटर्न मिल रहा है। उन्होंने बदलाव की दिशा भी साफ की - गुजारे की खेती से उद्यम तक, उत्पादन से वैल्यू एडिशन तक और व्यक्तिगत प्रयास से सामूहिक आर्थिक ताकत तक।
उन्होंने कहा कि गांवों को विकास के इंजन की तरह काम करना होगा और वे नागालैंड की अर्थव्यवस्था बनाने में भागीदार हैं।
'एक परिवार, एक प्रोजेक्ट'
स्थानीय विधायक और सिविल एडमिनिस्ट्रेशन वर्क्स डिवीजन के सलाहकार कुदेचो खामो ने कहा कि विलेज फेयर का मकसद गांवों के संसाधनों और उत्पादों की क्षमता को सामने लाना और किसानों तथा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा करना है। उन्होंने बताया कि पिछले साल शुरू की गई 'वन फैमिली, वन प्रोजेक्ट' पहल को अच्छा समर्थन मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों को सीधे उत्पादकों से खरीदने में खरीदारों की रुचि बढ़ रही है।
युवाओं के लिए उद्यमिता का रास्ता
खामो ने किसानों से बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ बेहतर संपर्क बनाने तथा मार्केटिंग एजेंसियों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने युवाओं से भी सरकारी नौकरी के अलावा उद्यमिता के रास्ते तलाशने को कहा। विलेज फेयर में किसान, उद्यमी, स्वयं सहायता समूह, सरकारी एजेंसियां और वित्तीय संस्थाएं शामिल हुईं। करीब 90 स्टॉल पर कृषि और गांवों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।